21 जून को एक साथ कई आयोजन, जबलपुर में नीट परीक्षा का आयोजन

0
5

जबलपुर: नीट (NEET) परीक्षा निरस्त होने के बाद अब आगामी 21 जून को देश के लाखों परीक्षार्थी एक बार फिर इस परीक्षा में बैठेंगे। पेपर लीक जैसी गड़बड़ियों को रोकने के लिए नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) की सिफारिश पर भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने टेलीग्राम ऐप को 22 जून तक के लिए देश भर में अस्थाई तौर पर प्रतिबंधित कर दिया है। इस बड़ी परीक्षा को निष्पक्ष और सुचारू रूप से कराने के लिए जबलपुर जिला प्रशासन ने कमर कस ली है।

परीक्षार्थियों और अभिभावकों के लिए फ्री बस सेवा व कैंटीन की सुविधा

जबलपुर में इस परीक्षा के लिए कुल 23 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं, जहां 10 हजार से ज्यादा छात्र-छात्राएं परीक्षा देंगे। राज्य सरकार के दिशा-निर्देशों के तहत पूरी व्यवस्था का जिम्मा कलेक्टर को सौंपा गया है। इस बार अनूठी पहल करते हुए सरकार की तरफ से छात्रों को सेंटर्स तक सुरक्षित पहुंचाने के लिए निशुल्क बसों का इंतजाम किया गया है। 21 जून को दोपहर 12 बजे तक शहर के पेंटीनाका चौक से छात्रों को परीक्षा केंद्रों तक ले जाने के लिए बसें चलती रहेंगी। इसके अलावा, केंद्रों के बाहर अभिभावकों के ठहरने के लिए अस्थाई शेड और नाश्ते के लिए कैंटीन की व्यवस्था भी की जा रही है।

भीषण गर्मी से राहत के लिए कूलर-पंखे और बिजली की पुख्ता व्यवस्था

जबलपुर कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने तैयारियों की जानकारी देते हुए बताया कि कड़कड़ाती गर्मी को देखते हुए परीक्षा कक्षों में बिजली की निर्बाध आपूर्ति, पंखों और कूलरों के विशेष इंतजाम किए गए हैं। छात्रों के साथ आने वाले परिजनों के बैठने के लिए जो शेड बनाए जा रहे हैं, वहां भी कूलर और पंखे लगाए जाएंगे ताकि उन्हें कोई असुविधा न हो। प्रशासन ने बिजली विभाग को भी निर्देशित किया है कि परीक्षा के दौरान किसी भी क्षेत्र में बिजली कटौती न की जाए।

पेपर लीक रोकने को जैमर-CCTV और VVIP मूवमेंट के लिए कड़ा पहरा

सुरक्षा और गोपनीयता बनाए रखने के लिए इस बार बेहद कड़े कदम उठाए जा रहे हैं। सभी 23 केंद्रों पर बायोमेट्रिक मशीनें, सीसीटीवी कैमरे और नेटवर्क जैमर परीक्षा से दो दिन पहले यानी 19 जून को ही इंस्टॉल कर दिए जाएंगे, जिनका फाइनल ट्रायल 20 जून को होगा। खास बात यह है कि 21 जून को ही जबलपुर में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, राज्यपाल मंगूभाई पटेल और मुख्यमंत्री मोहन यादव का वीवीआईपी दौरा भी तय है। प्रशासन ने इस तरह का ट्रैफिक और सुरक्षा रोडमैप तैयार किया है जिससे वीवीआईपी मूवमेंट के कारण परीक्षा देने जा रहे छात्रों को किसी भी तरह के जाम या परेशानी का सामना न करना पड़े।