उज्जैन। शहर में बीते 28 सितंबर को हुई उपद्रव और पथराव की घटनाओं के बाद जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने असामाजिक तत्वों के खिलाफ बेहद सख्त रुख अपना लिया है। पुलिस ने विभिन्न थानों में गंभीर धाराओं के तहत मामले दर्ज करते हुए अब तक कई नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जिनमें स्थानीय के साथ-साथ बाहरी क्षेत्रों के निवासी भी शामिल हैं।
महाकाल थाना क्षेत्र में धार्मिक सौहार्द बिगाड़ने पर कार्रवाई
पुलिस के अनुसार महाकाल थाना क्षेत्र में धार्मिक सौहार्द बिगाड़ने और कलेक्टर के निषेधाज्ञा आदेश का खुला उल्लंघन करने के मामले में अपराध दर्ज किए गए हैं। पुलिस ने बीएनएस की विभिन्न सख्त धाराओं के तहत नदीम खान और उसके साथियों के खिलाफ प्रकरण कायम किया है। इसी क्रम में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने चार मुख्य आरोपियों—अब्दुल शाकीर (खिलचीपुर), अल्तमस (नागझिरी, देवास रोड), अरबाज (बेगमबाग कॉलोनी) और वसीम (यादव कॉलोनी, आगर रोड)—को गिरफ्तार कर लिया है।
कोतवाली और खाराकुआं थानों में दर्ज हुए गंभीर प्रकरण
उधर कोतवाली थाना क्षेत्र में काजी के घर के बाहर भारी भीड़ जुटाकर उग्र नारेबाजी करने, परिसर पर पथराव कर कांच तोड़ने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया है। इसके अलावा खाराकुआं थाना क्षेत्र के अंतर्गत टंकी चौराहा और मावा बाजार में हुए भारी बवाल व पथराव को लेकर भी अलग-अलग अपराध दर्ज किए गए हैं। इन मामलों में पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए 10 नामजद उपद्रवियों को दबोचा है। गिरफ्तार आरोपियों में अरसद हुसैन, इशान, तैय्यब, सलमान, कासिम, आशिक, साहिल खान, शाविर, शेख अल्फेज और समीर शामिल हैं, जो शहर के विभिन्न इलाकों के रहने वाले हैं।
सोशल मीडिया पर भड़काऊ रील बनाने वाले भी गिरफ्तार
हिंसा और पथराव के अलावा पुलिस ने साइबर और सोशल मीडिया गतिविधियों पर भी कड़ी नजर रखी हुई है। खाराकुआं थाना पुलिस ने इंटरनेट मीडिया पर आपत्तिजनक, धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाली और माहौल बिगाड़ने वाली भड़काऊ रील अपलोड करने के मामले में भी त्वरित एक्शन लिया है। इस वर्चुअल माध्यम से नफरत फैलाने वाले पांच लोगों की पहचान कर पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है।
संवेदनशील इलाकों में पुलिस का कड़ा पहरा और निगरानी
28 सितंबर की घटनाओं के बाद से पूरे उज्जैन शहर के संवेदनशील इलाकों में पुलिस और सुरक्षा बलों की भारी तैनाती की गई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर अन्य उपद्रवियों की पहचान करने में जुटी है। प्रशासन ने दो टूक चेतावनी दी है कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने, सरकारी काम में बाधा डालने, पथराव करने या सोशल मीडिया के जरिए शहर की शांति भंग करने वालों के खिलाफ नियमों के तहत कठोरतम कानूनी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।









