त्योहारों पर रेल यात्रियों को राहत, रेलवे चलाएगा 100 स्पेशल ट्रेनें; 34 अतिरिक्त सेवाओं का ऐलान

0
5

जबलपुर। पश्चिम मध्य रेलवे ने आगामी दुर्गा पूजा, दीपावली और छठ पूजा के दौरान यात्रियों की संभावित भारी भीड़ को नियंत्रित करने के उद्देश्य से 34 अतिरिक्त त्योहार विशेष ट्रेन सेवाएं संचालित करने की घोषणा की है। इस नई बढ़ोतरी के साथ ही आगामी त्यौहारी सीजन के दौरान पश्चिम मध्य रेल द्वारा संचालित की जाने वाली कुल स्पेशल ट्रेन सेवाओं की संख्या बढ़कर 100 तक पहुंच गई है।

रानी कमलापति-दानापुर-रानी कमलापति द्वि-साप्ताहिक स्पेशल

त्योहारों में बिहार की ओर जाने वाले रेल यात्रियों के लिए रानी कमलापति और दानापुर के मध्य 22 फेरों वाली द्वि-साप्ताहिक विशेष ट्रेन का संचालन किया जाएगा।

  • संचालन अवधि: 12 अक्टूबर से 16 नवंबर 2026 तक।

  • गाड़ी संख्या 01667 (रानी कमलापति से दानापुर): प्रत्येक सोमवार एवं शुक्रवार को दोपहर 14:25 बजे प्रस्थान करेगी।

  • गाड़ी संख्या 01668 (दानापुर से रानी कमलापति): प्रत्येक मंगलवार एवं शनिवार को प्रातः 11:20 बजे रवाना होगी।

  • संरचना: इस ट्रेन में एसी, स्लीपर एवं सामान्य श्रेणी सहित कुल 24 आईसीएफ कोच उपलब्ध रहेंगे।

सोगरिया-दानापुर-सोगरिया साप्ताहिक स्पेशल

कोटा मंडल के सोगरिया स्टेशन से दानापुर के मध्य कुल 12 फेरों के लिए साप्ताहिक विशेष गाड़ी चलाई जाएगी।

  • संचालन अवधि: 10 अक्टूबर से 16 नवंबर 2026 तक।

  • गाड़ी संख्या 09823 (सोगरिया से दानापुर): प्रत्येक शनिवार को रात्रि 23:10 बजे प्रस्थान करेगी।

  • गाड़ी संख्या 09824 (दानापुर से सोगरिया): प्रत्येक सोमवार को मध्यरात्रि 01:15 बजे चलेगी।

  • संरचना: इस स्पेशल ट्रेन में 22 आधुनिक एलएचबी कोच लगाए जाएंगे।

प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव और समय-सारिणी

दोनों विशेष ट्रेनें यात्रियों की सुगमता हेतु मार्ग के प्रमुख जंक्शनों व स्टेशनों पर रुकेंगी:

  • रानी कमलापति-दानापुर स्पेशल के ठहराव: नर्मदापुरम, इटारसी जंक्शन, जबलपुर, कटनी जंक्शन, मैहर, सतना, मानिकपुर, प्रयागराज छिवकी, मिर्जापुर, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, बक्सर एवं आरा।

  • सोगरिया-दानापुर स्पेशल के ठहराव: बारां, गुना, अशोक नगर, सागर, दमोह, कटनी जंक्शन, मैहर, सतना, मानिकपुर, प्रयागराज छिवकी, मिर्जापुर, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, बक्सर एवं आरा।

रेल प्रशासन ने यात्रियों से इन पूजा स्पेशल सेवाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने का आग्रह किया है। यात्री विस्तृत समय-सारिणी एवं कोच संरचना की जानकारी रेलवे के आधिकारिक ऐप (NTES) के माध्यम से प्राप्त कर सकते हैं।