भोपाल में पत्रकार से लूट की सनसनीखेज वारदात, लिफ्ट मांगकर बदमाशों ने बनाया बंधक

0
6

भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से एक बेहद सनसनीखेज और हैरान करने वाली वारदात सामने आई है। शहर के निशातपुरा थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात अपने घर वापस जा रहे एक युवक को कुछ अज्ञात बदमाशों ने चाकू दिखाकर कथित रूप से बंधक बना लिया। बदमाशों ने पीड़ित को एक कमरे में ले जाकर कैद कर दिया और उसके जान-पहचान वालों को फोन करवाकर ऑनलाइन माध्यम से करीब 32 हजार रुपये अपने खातों में ट्रांसफर करवा लिए। इस वारदात की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है।

रास्ता रोककर दिया वारदात को अंजाम

मिली जानकारी के अनुसार, यह पूरी घटना सोमवार और मंगलवार की दरमियानी रात करीब 12:30 बजे की है। पीड़ित अनुज मीणा अपना काम निपटाकर मोटरसाइकिल से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान निशातपुरा इलाके में एक युवक ने उनसे लिफ्ट मांगी। अनुज ने सुनसान रास्ता होने के कारण लिफ्ट देने से मना कर दिया। इतने में ही एक अन्य युवक अचानक उनकी बाइक के आगे आ गया, जिससे उनका संतुलन बिगड़ गया और वे सड़क पर गिर गए।

कमरे में बंद कर दी जान से मारने की धमकी

पीड़ित अनुज ने आपबीती बताते हुए आरोप लगाया कि जैसे ही वे बाइक से गिरे, वहां पहले से घात लगाकर बैठे तीन अन्य बदमाश भी मौके पर पहुंच गए। बदमाशों ने तुरंत उनकी गर्दन पर चाकू अड़ा दिया और उन्हें जबरन पास में बने एक सुनसान कमरे के भीतर ले गए।

कमरे में बंधक बनाने के बाद आरोपियों ने उनसे नगदी की मांग की। जब अनुज के पास पैसे नहीं मिले, तो बदमाशों ने उन पर धारदार हथियार से हमला करने की धमकी दी और जबरन उनके दोस्तों व परिचितों को फोन लगवाकर ऑनलाइन पैसे मंगवाने का दबाव बनाया।

परिजनों से मंगवाए पैसे, सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस

डर के माहौल में पीड़ित ने अपने परिचितों से संपर्क किया, जिसके बाद आरोपियों ने अलग-अलग डिजिटल पेमेंट माध्यमों से कुल 32 हजार रुपये अपने अकाउंट में जमा करवा लिए। रकम वसूलने के बाद बदमाशों ने रात करीब 3 बजे पीड़ित को मौके से छोड़ा।

इस मामले में निशातपुरा थाना प्रभारी मनोज पटवा ने बताया कि घटना की जानकारी सामने आते ही पुलिस बल सक्रिय हो गया है और कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। आरोपियों सुराग लगाने और उनकी पहचान सुनिश्चित करने के लिए पुलिस घटना स्थल और उसके आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि लुटेरों को जल्द से जल्द सलाखों के पीछे भेजा जा सके।