प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना से संतोषी चंद्रवंशी के स्वरोजगार को मिला आधार

0
6

रायपुर : छोटे व्यवसाय को आगे बढ़ाने के लिए समय पर आर्थिक सहायता मिलना किसी बड़ी राहत से कम नहीं है। पूंजी की उपलब्धता से न केवल कारोबार को सुचारू रूप से चलाने में मदद मिलती है, बल्कि आजीविका को भी मजबूती मिलती है। कबीरधाम जिला मुख्यालय के वार्ड क्रमांक 03 निवासी संतोषी चंद्रवंशी के लिए प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना आर्थिक संबल का माध्यम बनी है। योजना के तहत मिले 50 हजार रुपये के ऋण से उन्हें अपने सिलाई और कपड़ा व्यवसाय को आगे बढ़ाने का अवसर मिला है।
संतोषी सिलाई, पीकू-फॉल और कपड़ा विक्रय का कार्य करती हैं। इसी व्यवसाय से वे अपने परिवार की आजीविका चलाती हैं। व्यवसाय के संचालन के लिए पूंजी की आवश्यकता होने पर उन्हें प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के अंतर्गत इंडियन ओवरसीज बैंक, कवर्धा शाखा से 50 हजार रुपये का ऋण प्राप्त हुआ। इस राशि से उन्हें अपने काम के लिए आवश्यक आर्थिक सहयोग मिला और व्यवसाय को निरंतर जारी रखने में मदद मिली। संतोषी चंद्रवंशी प्रतिमाह 1,600 रुपये की किश्त जमा कर रही हैं। वे अपने व्यवसाय से होने वाली आय के माध्यम से परिवार की आजीविका चलाने के साथ ऋण की किश्तों का भुगतान भी कर रही हैं। उनका यह प्रयास स्वरोजगार के प्रति प्रतिबद्धता और आर्थिक जिम्मेदारी का उदाहरण है।
कबीरधाम जिले में संचालित सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम नागरिकों तक पहुंचाने और पात्र हितग्राहियों को लाभ दिलाने का प्रयास किया जा रहा है। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना छोटे व्यवसायियों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण है। जरूरत के समय मिलने वाली वित्तीय सहायता छोटे कारोबार को मजबूती देने और आजीविका के साधनों को सशक्त बनाए रखने में सहायक हो सकती है।