जोधपुर। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद डॉ. सतीश पूनिया सोमवार को जोधपुर दौरे पर रहे। इस दौरान सर्किट हाउस में मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने देश के विभिन्न राजनीतिक और संवैधानिक विषयों पर अपनी बात रखी। पूनिया ने देश में समान नागरिक संहिता (UCC) और आगामी परिसीमन को समय की बड़ी जरूरत बताते हुए कांग्रेस पार्टी को जमकर आड़े हाथों लिया।
'यूसीसी' विकसित भारत का सपना, कानून सबके लिए हो एक
देश और प्रदेश में समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करने के मुद्दे पर डॉ. सतीश पूनिया ने इसकी पुरजोर वकालत की। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि भारत की धरती पर रहने वाले सभी नागरिकों के लिए एक समान कानून होना बेहद जरूरी है। पूनिया ने कहा कि इस देश में जन्म लेने वाले हर व्यक्ति को सभी सहूलियतें और अधिकार सम्मान के साथ मिलते हैं। ऐसे में जो भारत पुत्र हैं, उनके लिए नियमों में कोई भिन्नता नहीं होनी चाहिए। कानून का पालन सभी को करना चाहिए क्योंकि यही 'विकसित भारत' का असली सपना है।
परिसीमन संवैधानिक प्रक्रिया, राहुल और गहलोत पर साधा निशाना
देश में होने वाले आगामी परिसीमन को लेकर पूछे गए सवाल पर भाजपा सांसद ने कहा कि चुनाव आयोग एक पूरी तरह स्वतंत्र और संवैधानिक संस्था है। परिसीमन कोई नई व्यवस्था नहीं है, बल्कि यह साल 1952 से चली आ रही एक निरंतर प्रक्रिया है, जो समय की मांग के अनुसार तय मापदंडों के तहत पूरी होगी। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि इस मामले में राजनीति नहीं होनी चाहिए, लेकिन परेशानी यह है कि राहुल गांधी और अशोक गहलोत संविधान के दायरे से निकली किसी भी व्यवस्था को स्वीकार करने के लिए तैयार नहीं होते।
रिफाइनरी के मुद्दे पर पूर्व मुख्यमंत्री गहलोत को जवाब
पचपदरा रिफाइनरी के श्रेय को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के बयानों पर पलटवार करते हुए पूनिया ने कहा कि जब केंद्र और राज्य में एक ही दल की सरकार नहीं होती, तो विकास कार्यों की गति धीमी हो जाती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि रिफाइनरी की घोषणा भले ही पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार ने की थी, लेकिन इसे धरातल पर उतारने और पूरा करने का वास्तविक काम भाजपा सरकार के कार्यकाल में ही संभव हो पाया है।
राज्यसभा टिकट को बताया जमीनी कार्यकर्ताओं का सम्मान
स्वयं को राज्यसभा भेजे जाने के फैसले पर केंद्रीय नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए डॉ. सतीश पूनिया ने कहा कि मुझ जैसे साधारण पृष्ठभूमि के व्यक्ति को संसद भेजना, असल में भाजपा के उन लाखों जमीनी कार्यकर्ताओं का सम्मान है जो दिन-रात काम करते हैं। भाजपा हमेशा सही समय पर कार्यकर्ताओं की क्षमता और मेहनत का प्रतिफल देती है। इससे पहले जोधपुर पहुंचने पर स्थानीय भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों के साथ सांसद पूनिया का जोरदार स्वागत किया।









