AKTU दीक्षांत समारोह में छात्रों की मेहनत को मिला सम्मान, मेडल पाकर झूमे मेधावी

0
5

लखनऊ। राजधानी लखनऊ में डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (एकेटीयू) का 24वां दीक्षांत समारोह मंगलवार को आयोजित हो रहा है। कार्यक्रम की शुरुआत राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने की। इस मौके पर मुख्य अतिथि के रूप में आईओसीएल के चेयरमैन अरविंदर सिंह साहनी, विशिष्ट अतिथि प्राविधिक शिक्षा विभाग के मंत्री ई. आशीष पटेल और प्राविधिक शिक्षा विभाग प्रमुख सचिव डॉ. एम.के शन्मुगा सुंदरम मौजूद रहे। समारोह में अजय कुमार गर्ग इंजीनियरिंग कॉलेज (एकेजी), गाजियाबाद के बीटेक की छात्रा अंशिका राणा को चांसलर मेडल दिया गया। वहीं कमल रानी वरुण स्मृति स्वर्ण पदक एससी वर्ग में केआईईटी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस, गाजियाबाद की बीटेक की छात्रा इशिका को दिया गया।

कलाकार आशीष कंसारा को डिलिट की मानद उपाधि मिली

गुजरात के रोगन कला के कलाकार आशीष कंसारा को डिलिट की मानद उपाधि दी गई। उन्होंने कहा कि राज्यपाल ने हस्तकला को आगे बढ़ाने के लिए प्रयास किया है। सभी का आभार जताया। वहीं चांसलर मेडल अंशिका राणा एकेजी गाजियाबाद की छात्रा को दिया गया। कमल रानी वरुण मेडल इशिका, केआईईटी ग्रुप गाजियाबाद की छात्रा को दिया गया। इसके अलावा 62537 छात्रों की डिग्री डिजिलॉकर पर अपलोड की गई।

83 छात्रों को 84 पदक मिले

कुलपति प्रो. जेपी पांडेय के मुताबिक, दीक्षांत समारोह में कुल 83 छात्रों को 84 पदक दिए गए। इसमें 35 स्वर्ण पदक तो 23 रजत और 24 कांस्य पदक हैं। 62537 छात्रों को डिग्री व 52 छात्रों को पीएचडी अवॉर्ड हुई कुल पदक पाने वालों में 52 छात्राएं तो 31 छात्र शामिल हैं। छात्रों के हित में विद्या परिषद ने मार्क्सशीट और डिग्री के साथ अब ट्रांसक्रिप्ट भी निःशुल्क देने के सुविधा शुरू हुई है। अभी तक इसके लिए 300 रुपये लिए जाते थे।

दीक्षांत में प्रतिकुलपति प्रो. राजीव कुमार, कुलसचिव रीना सिंह, परीक्षा नियंत्रक प्रो. दीपक नगरिया, कैश क निदेशक प्रो. वीरेंद्र पाठक, एफओएपी की प्राचार्या प्रो. वंदना सहगल, अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. ओपी सिंह समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

इन्हें मिलेगा स्टार्टअप अवॉर्ड

विश्वविद्यालय दीक्षांत समारोह में पांच छात्रों को विद्यार्थियों को स्टार्टअप अवॉर्ड भी दिए जाएंगे। ये सभी छात्र पढ़ाई के साथ ही नवाचार और उद्यमिता में लगे हैं। उन्हें चयनित किया गया है। इस वर्ष पांच क्षेत्रों में छात्रों को स्टार्टअप अवॉर्ड दिया गया।

वीमेन लेड स्टार्टअप अवॉर्ड मेरठ इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी की बीटेक छात्रा इर्तिका रेहमान के स्टार्टअप वेक्सर इमर्सिव प्रा. लि. को, दूसरा बेस्ट डीप टेक स्टूडेंट स्टार्टअप अवार्ड अजय कुमार गर्ग इंजीनियरिंग कॉलेज गाजियाबाद के बीटेक छात्र अवि मित्तल के स्टार्टअप वोरटेक्स ऑटोनॉमस सिस्टम प्रा. लि. को, तीसरा बेस्ट टेक इनोवेशन स्टार्टअप अवार्ड इंद्रप्रस्थ इंजीनियरिंग कॉलेज के छात्र सोनू भगत के स्टार्टअप डर्माशुद्धि एलएलपी को, चौथा एग्रीकल्चर एंड एग्रीटेक स्टूडेंट स्टार्टअप अवार्ड बुद्धा इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी गोरखपुर के बीटेक छात्र आदर्श सिंह के स्टार्टअप एग्रोलेंस प्रा. लि. को, पांचवां सस्टेनेबल एंड ग्रीन एनजी स्टार्टअप अवॉर्ड राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज बांदा के छात्र अमन कुमार के स्टार्टअप नेक्सोनिक्स रिफ्लेक्सा प्रा. लि. को मिलेगा।