नाहरगढ़ जैविक उद्यान में बाघ के हमले की दुर्भाग्यपूर्ण घटना

0
1

जयपुर। नाहरगढ़ जैविक उद्यान, जयपुर में बुधवार को हुई दुर्भाग्यपूर्ण घटना में बाघ के हमले से एक महिला श्रमिक की मृत्यु हो गई। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी एवं संबंधित स्टाफ तत्काल मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित करते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की। उप वन संरक्षक (वन्यजीव) चिड़ियाघर, जयपुर डॉ. आशीष व्यास ने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी, बाघ एन्क्लोजर को प्रथम दृष्टया कर्तव्य में लापरवाही एवं सुरक्षा प्रोटोकॉल के अनुपालन में चूक के दृष्टिगत निलंबित किया गया है।

 

डॉ. आशीष ने बताया कि घटना के कारणों एवं परिस्थितियों की विस्तृत तथ्यात्मक जांच के लिए सहायक वन संरक्षक स्तर के अधिकारी को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है। जांच में घटनाक्रम, सुरक्षा व्यवस्थाएं, निर्धारित एसओपी/सुरक्षा प्रोटोकॉल का अनुपालन, सीसीटीवी फुटेज एवं अन्य उपलब्ध अभिलेखों की जांच की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट  किया कि जांच के निष्कर्षों के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि घटना के पश्चात मृतका के परिजनों एवं ग्रामीणों से प्रशासन एवं वन विभाग के अधिकारियों ने संवाद कर समझाइश की गई तथा उन्हें नियमानुसार उपलब्ध सहायता एवं आवश्यक सहयोग का आश्वासन दिया ।उप वनसंरक्षक डॉ. आशीष ने बताया कि वन विभाग नाहरगढ़ जैविक उद्यान में कर्मचारियों, श्रमिकों एवं आगंतुकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी सुरक्षा व्यवस्थाओं की पुनः समीक्षा करने तथा आवश्यकतानुसार इसे अधिक सुदृढ़ करने की दिशा में सकारात्मक प्रयास किए जाएंगे।