सड़क हादसे में महिला की मौत, आक्रोशित भीड़ ने ड्राइवर को पकड़ा; ट्रक में लगाई आग

0
7

उदयपुर। राजस्थान के उदयपुर शहर में सड़क हादसे में एक महिला की मौत के बाद स्थानीय लोगों का भारी गुस्सा फूट पड़ा। तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से स्कूटी सवार महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जिसके बाद आक्रोशित भीड़ ने ट्रक के केबिन में आग लगा दी और जमकर प्रदर्शन किया।

तेज रफ्तार ट्रक ने स्कूटी सवार महिला को कुचला

यह दर्दनाक हादसा सोमवार सुबह करीब 8 बजे उदयपुर के तीतरड़ी गुप्तेश्वर रोड पर हुआ। तीतरड़ी निवासी 48 वर्षीय निर्मला साहू पत्नी कन्हैयालाल साहू अपनी स्कूटी से घर की तरफ लौट रही थीं, तभी वहां से गुजर रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें कुचल दिया। हादसा उनके घर से कुछ ही दूरी पर हुआ। घटना की सूचना मिलते ही परिजन और आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंच गए और वहां भारी भीड़ जमा हो गई।

गुस्साई भीड़ ने ट्रक में लगाई आग और किया प्रदर्शन

महिला की दर्दनाक मौत से भड़के लोगों ने ट्रक चालक को मौके पर ही दबोच लिया। इसके बाद आक्रोशित भीड़ ने ट्रक के केबिन में आग लगा दी और सड़क पर उतरकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। लोगों ने पुलिस के मौके पर पहुंचने में देरी का आरोप लगाते हुए भी नाराजगी जताई।

स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए सवीना थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए बीच-बचाव किया और आरोपी ट्रक चालक को भीड़ के चंगुल से सुरक्षित छुड़ाकर थाने ले आई।

पुलिस की सूझबूझ से मामला शांत

मौके पर तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस अधिकारियों ने मृतका के परिजनों और प्रदर्शन कर रहे लोगों से बातचीत की और चालक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने का आश्वासन दिया, जिसके बाद लोग शांत हुए। पुलिस ने महिला के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हिरासत में लिए गए ट्रक चालक से पूछताछ की जा रही है।