महाराष्ट्र के पुणे में रिहायशी इलाकों में मच्छरों का चक्रवात जैसी अनोखी घटना देखी गई। बड़ी संख्या में मच्छर झुंड बनाकर आसमान में उड़ते दिखाई दिए। इसका वीडियो वायरल हो रहा है। वहीं रिहायशी इलाकों में इतनी बड़ी तादाद में मच्छरों के दिखने से लोगों में स्वास्थ्य को लेकर घबराहट है और स्थानीय लोग नगर निगम पर साफ-सफाई में लापरवाही का आरोप लगा रहे हैं।
मच्छरों से बवंडर को देख घबराए लोग
पुणे में मुथा नदी के ऊपर मच्छरों का चक्रवात देखा गया, जिसमें लाखों की संख्या में मच्छर आसमान में उड़ते दिख रहे हैं। मच्छरों का ये बवंडर पुणे के रिहायशी इलाकों केशवनगर, खराड़ी और मुंधवा आदि में भी देखा गया। लोगों ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया। वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इतनी बड़ी संख्या में मच्छरों के रिहायशी इलाके में दिखने से लोग परेशान हैं और उन्हें अपने और अपने परिजनों के स्वास्थ्य की चिंता हो रही है।
इतनी बड़ी संख्या में मच्छरों के उड़ने के चलते लोगों ने अपने घर के दरवाजे-खिड़कियां बंद कर लीं और वे बाहर जाने से भी डर रहे हैं। लोगों को मच्छरजनित बीमारियों जैसे मलेरिया, डेंगू और चिकनगुनिया का डर सता रहा है। कुछ लोगों ने सोशल मीडिया पर मच्छरों के चक्रवात का वीडियो शेयर कर पुणे नगर निगम पर निशाना साधा। एक रहवासी ने सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर कर तंज करते हुए लिखा कि ‘पुणे नगर निगम ने केशवनगर के निवासियों को समय पर टैक्स देने के बदले में वैलेंटाइन गिफ्ट दिया है।’
दरअसल मुथा नदी पर बने बांध के नजदीक स्थित इस इलाके में एक वाटर ट्रीटमेंट प्लांट भी है। साथ ही खराड़ी को जोड़ने वाले एक पुल का निर्माण भी हो रहा है। इसके चलते नदी की धारा धीमी हो गई है और वहां भारी संख्या में मच्छर पनप गए हैं। गौरतलब है कि इससे पहले मध्य अमेरिका और रूस में भी बरसात के मौसम में मच्छरों के ऐसे चक्रवात दिख चुके हैं।









