ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के लिए पीएम मोदी का न्योता, बांग्लादेशी नेतृत्व को भेजा आमंत्रण

0
7

ढाका। बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान की भारत यात्रा को लेकर अभी स्थिति साफ नहीं है। भारत ने उन्हें नई दिल्ली में होने वाले ब्रिक्स (BRICS) सम्मेलन में आने का न्योता दिया है। इस पर बांग्लादेश में भारत के उच्चायुक्त दिनेश त्रिवेदी ने कहा कि भारत आने का निर्णय पूरी तरह बांग्लादेश के प्रधानमंत्री पर निर्भर करता है। हालांकि, उन्होंने उम्मीद जताई कि पीएम रहमान जल्द भारत का दौरा कर सकते हैं।

आपसी संबंधों और वीजा सेवा पर बातचीत

भारतीय उच्चायुक्त दिनेश त्रिवेदी ने बांग्लादेश के विदेश मंत्री खलीकुर रहमान और राज्य मंत्री शमा ओबेद इस्लाम से मुलाकात की। इस बैठक में खेल, क्रिकेट और दोनों देशों के रिश्तों को मजबूत करने पर चर्चा हुई। उच्चायुक्त ने बताया कि भारत द्वारा दोबारा वीजा सेवा शुरू करने से दोनों देशों के लोगों को काफी सहूलियत होगी। उन्होंने कहा कि भारत और बांग्लादेश के रिश्ते और संस्कृति एक जैसी है।

ब्रिक्स सम्मेलन का मिला न्योता

भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिम्स्टेक के अध्यक्ष के रूप में बांग्लादेशी पीएम को 12-13 सितंबर को दिल्ली में होने जा रहे ब्रिक्स सम्मेलन में शामिल होने का निमंत्रण भेजा है। बांग्लादेश इस सम्मेलन में शामिल होगा या नहीं, इस पर अभी कोई अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है।

यात्रा पर अंतिम फैसला बांग्लादेशी पीएम का

बैठक के बाद पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए भारतीय उच्चायुक्त ने बताया कि विदेश मंत्रियों के साथ हुई चर्चा में ब्रिक्स का मुद्दा शामिल नहीं था। उन्होंने फिर दोहराया कि भारत यात्रा को लेकर अंतिम निर्णय बांग्लादेश के प्रधानमंत्री ही करेंगे।