सियोल। दक्षिण कोरिया के बुसान शहर में इन दिनों एक अजीबोगरीब और हैरान करने वाली घटना चर्चा का विषय बनी हुई है। आमतौर पर समुद्र की गहराइयों में पाई जाने वाली शार्क इन दिनों शहर के बीचोंबीच स्थित एक कृत्रिम नहर में डेरा डाले हुए है।
नहर में फंसी शार्क बनी लोगों का आकर्षण
दक्षिण कोरिया के बुसान शहर की एक कृत्रिम नहर में पिछले 12 दिनों से एक शार्क फंसी हुई है। यह अनोखी घटना पहली बार 18 सितंबर को बुसान के नॉर्थ पोर्ट इलाके के वॉटरफ्रंट पार्क की नहर में सामने आई थी। अधिकारियों ने शुरुआत में उसे सुरक्षित बाहर निकालने के कई प्रयास किए, लेकिन शार्क ने नहर छोड़कर जाने से इनकार कर दिया। इसके बाद अधिकारियों को अभियान रोकना पड़ा, जिसके चलते यह शार्क देखते ही देखते शहर का एक मुख्य आकर्षण बन गई। शहर के बीचोंबीच इस तरह शार्क का दिखना बेहद असामान्य होने के कारण स्थानीय लोगों के साथ-साथ भारी संख्या में पर्यटक भी उसे देखने पहुंच रहे हैं। अब तक 6 लाख से ज्यादा लोग इस शार्क का दीदार करने आ चुके हैं।
'बुकांग-ई' नाम हुआ बेहद लोकप्रिय
स्थानीय लोगों ने प्यार से इस शार्क का नाम ‘बुकांग-ई’ रख दिया है, जो काफी लोकप्रिय हो गया है। यह नाम बुसान के नॉर्थ पोर्ट यानी ‘बुकहांग’ और कोरियाई भाषा के एक सामान्य प्रत्यय को आपस में जोड़कर तैयार किया गया है।
समुद्र में वापस भेजने का रेस्क्यू अभियान शुरू
अधिकारियों के मुताबिक, जब से यह शार्क नहर में आई है, तब से उसे कुछ भी खाते हुए नहीं देखा गया है, जो चिंता का विषय है। इसी को ध्यान में रखते हुए अब समुद्री अधिकारियों ने उसे सुरक्षित तरीके से नहर से बाहर निकालकर खुले समुद्र में भेजने का बड़ा अभियान शुरू कर दिया है।
मंगलवार को बुसान कोस्ट गार्ड, नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ फिशरीज साइंस और अन्य संबंधित एजेंसियों ने मिलकर इसे रेस्क्यू करने की योजना पर काम शुरू किया। इसके तहत पहले दो नावों की सहायता से पानी की धार का बहाव बदलकर शार्क को समुद्र की ओर धकेलने का प्रयास किया जा रहा है। यदि यह तरीका कामयाब नहीं हुआ, तो नहर की गहराई और चौड़ाई के हिसाब से खासतौर पर तैयार किए गए एक विशेष जाल का उपयोग करके उसे पकड़ा जाएगा और सुरक्षित रूप से उसके प्राकृतिक आवास यानी खुले समुद्र में छोड़ दिया जाएगा।









