जयपुर शहर में अवैध गैस रिफिलिंग एवं कालाबाजारी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई

0
10

जयपुर। राजस्थान सरकार और खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के निर्देशों पर अवैध गैस कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे 'ऑपरेशन प्रवर्तन' के तहत जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। जिला कलक्टर संदेश नायक के निर्देशन और जिला रसद अधिकारी प्रियव्रत सिंह चारण की अगुवाई में सतर्कता दल ने सांगानेर इलाके में अवैध गैस रिफिलिंग के एक बड़े ठिकाने का भंडाफोड़ किया।

मनोरियावाला साहीपुरा में छापा, 73 सिलेंडर जब्त

रसद विभाग की टीम ने सांगानेर के मनोरियावाला साहीपुरा क्षेत्र में दबिश देकर मौके से अवैध रूप से रिफिल किए जा रहे 73 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए। इसके साथ ही अवैध गतिविधियों में इस्तेमाल किए जा रहे पिकअप वाहन, एक कार और एक मोटरसाइकिल को भी कब्जे में लिया गया है। पुलिस ने मौके से एक आरोपी के खिलाफ संबंधित थाने में प्राथमिकी (FIR) दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

हादसों की रोकथाम और जनसुरक्षा पर जोर

जिला रसद अधिकारी प्रियव्रत सिंह चारण ने बताया कि रिहायशी इलाकों में अवैध गैस रिफिलिंग और भंडारण आम जनता की जान-माल के लिए गंभीर खतरा बन सकता है। ऐसे अवैध कारोबार के कारण अक्सर बड़े हादसे होने की आशंका बनी रहती है।

ऑपरेशन प्रवर्तन रहेगा जारी, आमजन से सहयोग की अपील

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जयपुर शहर में अवैध गैस रिफिलिंग, भंडारण और कालाबाजारी को रोकने के लिए 'ऑपरेशन प्रवर्तन' अभियान आगे भी मुस्तैदी से जारी रहेगा। अधिकारियों ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि यदि उनके आसपास ऐसी कोई संदिग्ध या अवैध गतिविधि नजर आती है, तो उसकी तुरंत विभाग को सूचना दें ताकि समय रहते सख्त कदम उठाए जा सकें।