जम्मू-कश्मीर बॉर्डर पर धमाका, गश्त के दौरान लैंडमाइन की चपेट में आए दो सैनिक

0
3

राजौरी: जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में सीमा के पास एक सैन्य अभियान के दौरान बड़ा हादसा टल गया, हालांकि दो सैनिक इस घटना की चपेट में आकर जख्मी हो गए। मेंढर सेक्टर में नियंत्रण रेखा (LoC) के अग्रिम इलाके में बारूदी सुरंग को निक्रिय (Diffuse) करने की प्रक्रिया के दौरान अचानक हुए धमाके से अफरा-तफरी मच गई।

नियंत्रण रेखा के पास गश्त के दौरान मिला था लैंडमाइन

प्राप्त विवरण के मुताबिक, कंगा गली इलाके में भारतीय सेना की एक टीम रूटीन पैट्रोलिंग पर तैनात थी। इसी दौरान जवानों को जमीन में दबा एक पुराना लैंडमाइन दिखाई दिया। खतरे को देखते हुए सेना के बम निरोधक दस्ते को तुरंत मौके पर बुलाया गया, ताकि उस विस्फोटक को सुरक्षित तरीके से नष्ट या निष्क्रिय किया जा सके।

डिफ्यूज करने के दौरान अचानक हुआ तेज धमाका

बम निरोधक विशेषज्ञ जब पूरे प्रोटोकॉल के साथ उस सुरंग को निष्क्रिय करने की कोशिश कर रहे थे, तभी उसमें अचानक विस्फोट हो गया। इस अनहोनी में दस्ते के दो जवान उसकी चपेट में आ गए। धमाके की आवाज सुनते ही आसपास मौजूद अन्य सैनिकों ने तत्परता दिखाते हुए मोर्चा संभाला और पूरे इलाके को चारों तरफ से घेर लिया।

सैन्य अस्पताल में घायलों का उपचार जारी

दुर्घटना के तुरंत बाद दोनों घायल सैनिकों को प्राथमिक उपचार देने के साथ ही पास के सैन्य अस्पताल में ले जाया गया। डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज जारी है और फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। घटना के बाद सुरक्षा बलों ने एहतियात के तौर पर आसपास के पूरे क्षेत्र में तलाशी अभियान बढ़ा दिया है ताकि किसी अन्य संभावित खतरे को खत्म किया जा सके।