बेटे को बचाने की कोशिश पड़ी भारी, पिता की मौत के बाद मां ने भी उठाया खौफनाक कदम

0
7

छत्रपति संभाजीनगर: महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में एक बेहद मर्माहत कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां प्रसिद्ध खवड्या पहाड़ की ऊंची चट्टान से गिरकर एक ही परिवार के तीन लोगों की जान चली गई। इस दर्दनाक हादसे का एक दहला देने वाला वीडियो भी सामने आया है। मृतकों की पहचान कुणाल चांदगुडे (19 वर्ष), उनके पिता मुरलीधर चांदगुडे (48 वर्ष) और माता संगीता चांदगुडे (42 वर्ष) के रूप में हुई है।

आत्महत्या के प्रयास के दौरान हुआ हादसा

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, कुणाल सुबह करीब 10 बजे ही आत्महत्या के इरादे से पहाड़ी पर पहुंच गया था। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुँची और नीचे सुरक्षा जाल बिछाया गया, लेकिन युवक लगातार अपनी जगह बदलता रहा। कुछ देर बाद कुणाल के पिता मुरलीधर ऊपर पहुंचे और उसे समझाने की कोशिश करने लगे। इसी दौरान कुणाल अचानक नीचे कूद गया और उसे बचाने के प्रयास में पिता का भी संतुलन बिगड़ गया, जिससे दोनों खाई में जा गिरे और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। पति और अपने इकलौते बेटे की आंखों के सामने हुई इस दर्दनाक मौत से सदमे में आई मां संगीता ने भी गुस्से और दुख के आतिरेक में पहाड़ी से छलांग लगा दी, जिससे उनकी भी जान चली गई।

आईफोन को लेकर चल रहा था विवाद

पुलिस इस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है। हालांकि, स्थानीय निवासियों और पूर्व सरपंच के अनुसार, परिवार में काफी समय से आईफोन जैसी महंगी चीज को लेकर विवाद चल रहा था और शुरुआती जांच में युवक के मानसिक तनाव में होने की बात भी सामने आ रही है।

चश्मदीदों के रोंगटे खड़े कर देने वाले पल

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कुणाल पहाड़ी के एकदम आखिरी छोर पर खड़ा था। नीचे खड़ी उसकी मां और ग्रामीण लगातार उसे समझा रहे थे, लेकिन वह रोते हुए सिर्फ यही कह रहा था कि उसे अब जीना नहीं है। पूर्व सरपंच ने उसे बचाने की आखिरी कोशिश करते हुए नया 'आईफोन 15 प्रो' दिलाने का लालच भी दिया, लेकिन कुणाल घुटनों के बल बैठकर रोया और निराशा भरे स्वर में बोला कि अब इस समस्या का कोई समाधान नहीं बचा है और यही उसका अंतिम रास्ता है।