नई दिल्ली। देश के कई राज्यों में झमाझम बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने आज दिल्ली, उत्तर प्रदेश और बिहार समेत देश के 22 राज्यों में मूसलाधार बारिश और आंधी-तूफान को लेकर येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।
पहाड़ी इलाकों में लैंडस्लाइड और आकाशीय बिजली का खतरा
मौसम विभाग ने पहाड़ी राज्यों में संभावित भूस्खलन (लैंडस्लाइड) को देखते हुए चेतावनी जारी की है, जबकि तटीय क्षेत्रों में मछुआरों को समुद्र में न जाने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है। इसके अलावा, देश के पूर्वी राज्यों में आकाशीय बिजली गिरने का भी खतरा जताया गया है।
देश के 22 राज्यों में अलर्ट जारी
आईएमडी द्वारा जारी बुलेटिन के अनुसार, जिन राज्यों में भारी बारिश और आंधी की संभावना है, उनमें उत्तर प्रदेश, दिल्ली, बिहार, राजस्थान, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, जम्मू-कश्मीर, झारखंड, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, हरियाणा, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, तमिलनाडु, केरल, गुजरात, महाराष्ट्र, असम, त्रिपुरा और मेघालय शामिल हैं।
हरियाणा में तापमान गिरा, मौसम में बदलाव के संकेत
मौसम विज्ञानियों के अनुसार, मानसून की सक्रियता के चलते प्रदेश भर में तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। गुरुग्राम और फरीदाबाद जैसे शहरों में दिन और रात के तापमान में महज दो से तीन डिग्री का अंतर रह गया है। विभाग का अनुमान है कि 7 सितंबर के बाद मानसून की तीव्रता में धीरे-धीरे कमी आ सकती है, लेकिन अगले कुछ दिनों तक तेज बारिश का दौर जारी रहने के आसार हैं।









