भोपाल । मध्य प्रदेश का 67वें स्थापना दिवस जन उत्सव के रूप में मनाया जाएगा। एक से सात नवंबर तक जिला मुख्यालय पर कार्यक्रम आयोजित होंगे। स्थापना दिवस पर मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान में चि-त 50 लाख हितग्राहियों को लाभांवित किया जाएगा। उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारी सम्मानित होंगे। तीन नवंबर को सभी जिला मुख्यालय पर एक साथ 67-67 दीपों का प्रज्ज्वलन होगा। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शुक्रवार को स्थापना दिवास पर आयोजित होने वाले समारोह की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि प्रदेश के 67वें स्थापना दिवस पर हम सब आगामी स्थापना दिवस तक के लक्ष्य तय कर उन्हें प्राप्त करने का संकल्प लेंगे। प्रदेश ने विकास के क्षेत्र में कई उपलब्धियां अर्जित की हैं। एक से सात नवंबर तक गतिविधियां नर्मदा जी और श्री महाकाल लोक पर केंद्रित होंगी। मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान में चि-त पात्र हितग्राहियों को स्वीकृति पत्र तथा अन्य लाभ वितरण जिलों में आयोजित कार्यक्रम में किए जाएंगे। यह सभी कार्यक्रम आत्मनिर्भर मध्य प्रदेश की भावना को अभिव्यक्त करते हुए उत्सव और आनंद के वातावरण में होंगे। बैठक में संस्कृति मंत्री उषा ठाकुर, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया, नगरीय विकास एवं आवास मंत्री भूपेन्द्र सिंह वर्चुअली शामिल हुए।
एक नवंबर- प्रभात फेरी और भोपाल के लाल परेड मैदान पर गायक जुबिन नौटियाल की प्रस्तुति।
दो नवंबर- लाड़ली लक्ष्मी योजना की लाड़लियों और उनके माता-पिता के सम्मेलन।
तीन नवंबर- स्वच्छता गतिविधियां, ग्रामीण खेल और व्यंजन प्रतियोगिताएं।
चार नवंबर- एक जिला-एक उत्पाद को लेकर गतिविधियां।
पांच नवंबर- प्रदेश के गौरव पर केंद्रित नाटक, लोक नृत्य और जननायकों से जुड़ी प्रतियोगिताएं।
छह नवंबर- पौधारोपण, जल संरक्षण, ऊर्जा की बचत और पर्यावरण पर केंद्रित गतिविधियां।
सात नवंबर- जिला मुख्यालय और राज्य स्तर पर पुरस्कार वितरण और सांस्कृतिक कार्यक्रम
बड़वानी । मंडी व्यापारियों की हड़ताल के चलते किसानों की कपास की उपज की खरीदी नहीं हो पा रही है।दीपावली के त्योहार के ऐन मौके पर खरीदी नहीं होने से किसानों में रोष गहरा गया है।शुक्रवार को अंजड़ मंडी में पहुंचे किसानों ने यहां पर जमकर विरोध जताया।दिनभर चर्चा व बैठकों के बाद भी जब कोई निर्णय नहीं हुआ तो शाम छह बजे मंडी के मुख्य द्वार पर ताला लगा दिया।उन्हें समझाने आए अधिकारियों को मंडी परिसर में ही घेर लिया।किसानों ने एसडीएम के वाहन के सामने लेटकर रोष जताया और खरीदी जल्द शुरू कराने की मांग की।देर शाम तक किसानों का आंदोलन लगातार जारी रहा। गौरतलब है कि पिछले चार दिनों से जारी कपास व्यवसायियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल के कारण किसानों को दोहरी कठिनाई से जूझना पड़ रहा है। कपास की खरीदी बंद होने के कारण कपास मंडी में नहीं ला रहे हैं।वहीं कपास की आवक नहीं होने के कारण मंडी में कामकाज पूरी तरह ठप है। कपास व्यवसायियों की हड़ताल के कारण किसानों के साथ साथ जीनिंग व श्रमिकों के सामने बेरोजगारी का खतरा मंडरा रहा है। मंडी बंद होने के कारण किसान अपने घरों व परिसरों में कपास की उपज को सहेजने में परेशानियों से दो चार हो रहे हैं। बीते समय लगातार वर्षा होने के कारण खेतों में समय से कपास की चुनाई नहीं हो पा रही है। कपास के पौधों, जड़ों व घेटों में सड़न लग गई है। जिसके कारण कपास का उत्पादन भी 30 से 40 प्रतिशत कम होने की आशंका है। शुक्रवार को अंजड कृषि उपज मंडी में 9 बैलगाड़ियों, 3 ट्रैक्टर व एक रिक्शा में कपास विक्रय के लिए लाए किसानों ने रोष जताया।किसानों से चर्चा करने पहुंचे राजपुर एसडीएम वीरसिंह चौहान के सामने किसानों ने रोष जताया।किसानों ने व्यापारियों को बुलवाकर खरीदी शुरू कराने की मांग की। किसानों ने कहा कि वे उपज लेकर वापस नहीं जाएंगे। कम भाव भी नहीं लेंगे।इस दौरान किसान सचिन यादव ने एसडीएम वीरसिंह चौहान के पैर पकड़ लिए।वहीं दूसरे किसान वाहन के सामने लेट गए। सूचना पर तहसीलदार भागीरथ वांखला और थाना प्रभारी सोनू सिटोले भी मौके पर पहुंची।काफी देर तक चर्चा व हंगामा जारी रहा।देर शाम तक इसका कोईे निराकरण नहीं हो पाया।
उज्जैन । उज्जैन के महाकाल लोक को सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक सभी दर्शनार्थियों के लिए खुला रहेगा। आने वाले श्रद्धालुओं के लिए अत्याधुनिक लाइट एंड साउंड शो, लेजर शो- कम वाटर शो, का आयोजन नियमित रूप से किया जाएगा। पर्यटन विभाग ने 30 करोड़ रुपए की परियोजना तैयार की है। परिसर के सभी महत्वपूर्ण स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। कंट्रोल रूम से सतत निगरानी की जा रही है। किसी भी अनुचित गतिविधि को साउंड सिस्टम से तुरंत सूचना देकर रोका जाता है।
जानिये क्या है विशेषता
ज्योर्तिलिंग महाकालेश्वर मंदिर के नव विस्तार क्षेत्र श्री महाकाल लोक का प्रवेश द्वार बुधवार को भगवान महाकाल के भक्तों के लिए खुल गया। सुबह से ही महाकाल लोक को देखने लोगों की भीड़ जुटी। लोगों ने प्रांगण में स्थापित भगवान शिव सहित विभिन्न देवी-देवताओं की मूर्तियों और 25 फीट ऊंची एवं 500 फीट लंबी दीवार पर बनाए शैल चित्रों के साथ मोबाइल से तस्वीरें खिंचवाई। शिल्पकारों के कार्य की प्रशंसा की। कुछ मूर्तियों की भाव, भंगिमाओं को सुधारने की बात भी की। भक्तों ने कहा कि श्री महाकाल लोक अद्भुत है। यहां आकर आनंद और उत्साह की अनुभूति हो रही है। निश्चित ही श्री महाकाल लोक को देखने के लिए दुनिया भर से लोग जुटेंगे। उज्जैन में अब धार्मिक पर्यटन बढ़ेगा। रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। इंतजार अब दूसरे चरण के शेष कार्य पूर्ण होने का है। मालूम हो कि एक दिन पहले मंगलवार को ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने श्री महाकाल लोक का लोकार्पण किया था। उन्होंने मंच से उद्बोधन में उज्जैन और मंदिरों का महत्व बताया था। उन्होंने कहा था कि हमारे तीर्थ स्थल ज्ञान, दर्शन और कला की राजधानी रहे हैं। हमारे तीर्थों ने हमें ज्ञान, दर्शन और कला का संदेश दिया हैं, सामर्थय दिया है। ये एस्ट्रोनॉमी के शीष केंद्र रहे हैं। हमारे आध्यात्मिक केंद्र, तीर्थ स्थल आस्था के साथ विज्ञान और शोध की परंपरा को पुनर्जीवित कर रहे हैं।
नंदी द्वार से प्रवेश करते ही दिखते हैं ये नजारें
महाकाल पथ :- महाकाल मंदिर में प्रवेश के लिए त्रिवेणी संग्रहालय के पीछे रूद्रसागर के किनारे 26 फीट ऊंचा लाल पत्थर से नंदी द्वार बनाया है। 920 मीटर लंबा महाकाल पथ बनाया है, जिसके एक ओर 25 फीट ऊंची और 500 मीटर लंबी लाल पत्थर की दीवार बनाई है। दीवार पर शिव महापुराण में उल्लेखित घटनाओं के शैल चित्र उकेरे गए हैं। घटनाओं का संस्कृत में संदर्भ लिखा है। इसके ठीक सामने 108 शिव स्तंभ हैं। इन स्तंभों पर भगवान शिव एवं उनके गणों की विभिन्न मुद्राएं बनाई हैं।
मूर्तियाें की स्थापना : कमल सरोवर बनाया हैं, जिसके बीच आदि योगी शिव की विशाल मूर्ति स्थापित की है। इसी ओर सप्त ऋषियों की विग्रह स्वरूप में मूर्ती, नवग्रहों की विग्रह स्वरूप मूर्तियां, 25 फीट ऊंचा शिव स्तंभ, भगवान शिव द्वारा त्रिपुरासुर के संहार को दर्शाती 70 फीट लंबी मूर्ति, भगवान गणेश, कार्तिकेय और माता पार्वती की मूर्ती, वीरभद्र द्वारा दक्ष के शिरच्छेदन की मूर्ती स्थापित की है। इसी तरह प्रसाद एवं टिकट काउंटर बनाया गया है। यहीं त्रिवेणी मंडपम (कमर्शियल प्लाजा) है। रूद्रसागर किनारे 111 फीट लंबी दीवार पर शिव विवाह के शैल चित्र बनाए गए हैं। इसी तरफ भगवान शिव भगवान शिव और अन्य देवी देवताओं की 75 विशाल मूर्तियां स्थापित हैं। नंदी द्वार से करीब 400 मीटर दूर मध्यांचल भवन (मीड वे जोन) जहां दुकानें बनाई हैं। मध्यांचल भवन (फेसिलिटी सेंटर) बनाया है, जिसके भीतर महाकाल मंदिर जाने को रास्ता है और प्रथम फ्लोर पर रेस्टोरेंट। इसके आगे जाए तो संध्या वाटिका (नाइट गार्डन) बनाया है, जहां वासुकी नाग की कुंडली में बैठे योगी शिव की मूर्ती है। इसके आगे भगवान श्री गणेश, शिव, श्रीकृष्ण की मूर्ती है।
खूबसूरत रूद्रसागर :- कायाकल्प किया गया है। रूद्रसागर से पांच लाख क्यूबिक मीटर गाद निकालकर उसमें नर्मदा, शिप्रा, गंभीर का स्वच्छ जल भरा गया है। सागर के चारों ओर मिट्टी का कटाव रोकने को काले पत्थर की दीवार यानी गेबियन वाल बनाई गई है। प्राचीन महाकाल :- महाकाल थाने के समीप प्राचीन महाकाल द्वार का जीर्णोंद्धार किया गया है।सुरक्षा एवं सुंदरता के इंतजाम :- महाकाल लोक परिसर में 400 कैमरे लगाए, तकरीबन इतनी ही आराम कुर्सी, अग्निशमन यंत्र और भगवान शिव को अर्पित किए जाने वाले फल-फूल, लता-पत्रों के 52 हजार पौधे रोपे गए हैं। सरफेस पार्किंग और सोलर प्लांट : त्रिवेणी संग्रहालय के सामने 400 से अधिक वाहनों को पार्क करने के लिए सरफेस पार्किंग बनाई गई है। पार्किंग की छत पर सोलर पैनल लगाए हैं। कहा है कि इन सोलर पैनल की मदद से महाकाल लोक में जलाई जाने वाली 90 फीसद बिजली यहीं उत्पादित कर ली जाएगी।
योजना के दूसरे चरण में ये काम होंगे
– महाकाल मंदिर के समीप हेरिटज धर्मशाला और त्रिवेणी संग्रहालय के सामने महाकाल धर्मशाला का निर्माण – चारधाम मंदिर पहुंच मार्ग से महाकाल मंदिर के पिछले हिस्से तक रूद्रसागर पर 210 मीटर लंबे पैदल पुल का निर्माण
– महाकाल मैदान वाली जगह पर सरफेस पार्किंग, सांस्कृतिक हाट बाजार का निर्माण – रामघाट सुंदरीकरण एवं सिंहस्थ थीम पर यहां सिंहस्थ थीम आधारित डायनामिक लाइटिंग शो। – बड़ा गणेश मंदिर, सरस्वती विद्या मंदिर, महाकालपुरम् तरफ के महाकाल मंदिर पहुंच मार्गों का चौड़ीकरण। – बैगमबाग मार्ग और चारधाम मंदिर पहुंच मार्ग विकास एवं सुंदरीकरण। – शिखर दर्शन परियोजना अंतर्गत महाराजवाड़ा भवन और बड़ा गणेश मंदिर के सामने उद्यान का निर्माण। – महाकाल मंदिर के पूर्वी हिस्से में फेसिलटी सेंटर का निर्माण।
– रूद्रसागर में लेजर शो और फ्रंट लेक व्यू का निर्माण।
वो सबकुछ जो आप जानना चाहते हैं
– 856 करोड़ रुपये की है महाकाल महाराज मंदिर परिसर विस्तार योजना – 351 करोड़ के काम योजना के पहले चरण में पूर्ण हुए हैं, जिनका लोकार्पण मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने किया है। – 505 करोड़ रुपये के काम दूसरे चरण में मार्च- 2023 तक पूरे होने का दावा स्मार्ट सिटी कंपनी ने किया है। – महाकाल मंदिर परिसर का क्षेत्र 2.82 हेक्टेयर से बढ़कर 47 हेक्टेयर हो गया है। इसमें 17 हेक्टेयर क्षेत्र रूद्र सागर तालाब का सम्मिलित है। – महाकाल लोक के लोकार्पण के बाद शहर में पर्यटकों की सालाना संख्या डेढ़ करोड़ से बढ़कर तीन करोड़ होने का अनुमान है। – श्री महाकाल महाराज मंदिर परिसर विस्तार योजना के प्रथम चरण के काम की शुरुआत 7 मार्च 2019 को 97 करोड़ रुपये की महाकाल-रूद्रसागर एकीकृत विकास द्ष्टिकोण परियोजना नाम से हुई थीं जिसके पूर्ण होने पर इस क्षेत्र को नाम ‘श्री महाकाल लोक’ दिया गया है।
– श्री महाकाल लोक में जितनी बिजली खर्च होगी, उसकी 90 फीसद बिजली यहीं सौलर प्लांट में बनेगी। – श्री महाकाल लोक में अब लगभग दो लाख लोग एक साथ दर्शन कर सकेंगे। – श्री महाकाल लोक भगवान शिव की लीलाओं पर आधारित 190 मूर्तियां स्थापित हैं। इसमें 18 फीट की 8, 15 फीट की 23, 11 फीट की 17, 10 फीट की 8, 9 फीट की 19 मूर्तियां शामिल हैं। – श्री महाकाल लोक में 26 फीट ऊंचा नंदी द्वार बनाया गया है।
भोपाल : मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि हिन्दी में मेडिकल की पढ़ाई शुरू कर मध्यप्रदेश एक नया इतिहास रचने जा रहा है। हिन्दी में मेडिकल की पढ़ाई शुरू कर हम अंग्रेजी के बिना काम नहीं चल सकता की मानसिकता को बदलने की ओर अग्रसर हो रहे हैं। केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह 16 अक्टूबर को हिन्दी में मेडिकल की पढा़ई का शुभारंभ करेंगे। इस मौके पर एमबीबीएस प्रथम वर्ष की हिन्दी पुस्तकों का विमोचन भी किया जाएगा। यह गुलाम मानसिकता से मुक्ति का पर्व होगा, जो एक सामाजिक क्रांति है। मुख्यमंत्री चौहान, केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के मुख्य आतिथ्य में 16 अक्टूबर को लाल परेड ग्राउंड पर होने वाले कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा कर रहे थे। निवास कार्यालय पर बैठक में चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग, सामाजिक कार्यकर्ता हितानंद शर्मा, मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस, अपर मुख्य सचिव गृह डॉ. राजेश राजौरा तथा अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति में प्रारंभिक शिक्षा से लेकर उच्च शिक्षा तक भारतीय भाषाओं को पढ़ाई का माध्यम बनाने का ऐतिहासिक कार्य किया है। विश्व पटल पर हमारी प्रतिभाएँ अपनी मातृ भाषा से स्थापित हो सकें, इसी उद्देश्य से मध्यप्रदेश में चिकित्सा एवं अभियांत्रिकी की शिक्षा हिन्दी माध्यम से देने की पहल की गई है। इससे हिन्दी माध्यम से अध्ययन कर रहे विद्यार्थियों के लिए नई संभावनाओं के द्वार खुलेंगे। उनकी नैसर्गिंक प्रतिभा का प्रकटीकरण होगा। मध्यप्रदेश से हो रही यह शुरूआत हमारे लिए गौरव का विषय है।
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि 16 अक्टूबर को होने वाले ऐतिहासिक कार्यक्रम के लिए वातावरण निर्माण की गतिविधियाँ 15 अक्टूबर से आरंभ की जाएँ। सभी जिलों में 15 अक्टूबर को हिन्दी प्रेमी सम्मेलन हों, सभी स्कूल, कॉलेजों में हिन्दी में ज्ञान के प्रकाश कार्यक्रम में संगोष्ठियाँ तथा अन्य गतिविधियाँ की जाए। विद्यार्थियों को यह जानकारी दी जाए कि हिन्दी में भी मेडिकल की पढ़ाई संभव है। साथ ही 15 अक्टूबर की शाम को भोपाल सहित सभी जिलों के प्रमुख स्थानों पर हिन्दी में ज्ञान के प्रकाश कार्यक्रम में दीपक प्रज्ज्वलित किया जाए। इन गतिविधियों में उच्च शिक्षा, स्कूल शिक्षा और जनजातीय कार्य विभाग के विद्यालय, श्रमोदय विद्यालय, कृषि महाविद्यालय, तकनीकी शिक्षा, आयुष एवं चिकित्सा शिक्षा से संबंधित महाविद्यालय, संगीत एवं नाट्य विद्यालय और सभी निजी विश्वविद्यालयों को जोड़ा जाए। सभी शिक्षण संस्थाओं में 16 अक्टूबर के मुख्य कार्यक्रम का सीधा प्रसारण सुनिश्चित किया जाए और अधिक से अधिक विद्यार्थियों को वर्चुअल जोड़ा जाए। मुख्यमंत्री चौहान ने कार्यक्रम की तैयारियों के संबंध में आवश्यक निर्देश भी दिए।
भारतीय सीमा की रक्षा करने की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। भारत तिब्बत सीमा पुलिस ने हेड कांस्टेबल के 40 पदों पर भर्ती निकाली है। जिसके लिए 12वीं पास उम्मीदवार आइटीबीपी की ऑफिशल वेबसाइट recruitment.itbpolice.nic.in पर जाकर 17 नवम्बर तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। उम्मीदवारों का सिलेक्शन शारीरिक दक्षता परीक्षा (पीईटी), शारीरिक मानक परीक्षण (पीएसटी), रिटन टेस्ट के साथ मेडिकल के आधार पर होगा।
योग्यता Head Constable पदों के लिए उम्मीदवारों को किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 12 वीं की परीक्षा पास होना चाहिए। इसके साथ ही नियमित पैरा पशु चिकित्सा पाठ्यक्रम या डिप्लोमा या प्रमाण पत्र होना चाहिए।
आवेदन प्रक्रिया उम्मीदवार ऑफिशियल भर्ती पोर्टल recruitment.itbpolice.nic.in पर उपलब्ध कराए जाने वाले ऑनलाइन अप्लीकेशन फॉर्म के माध्यम से आवेदन कर सकेंगे।
आवेदन शुल्क उम्मीदवारों को 100 रुपये का भुगतान ऑनलाइन माध्यमों से करना होगा। हालांकि, एससी, एसटी, एक्स-सर्विसमेन और महिला उम्मीदवारों को आवेदन शुल्क में पूरी छूट दी गई है।
सैलरी भर्ती प्रक्रिया में सिलेक्ट होने पर उम्मीदवार को हर महीने 25 हजार 500 से लेकर 81 हजार 100 रुपए तक सैलरी दी जाएगी।
आयु सीमा उम्मीदवारों की आयु 1 जनवरी 2022 को 18 से कम और 25 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए।
फ्लिपकार्ट पर बिग दिवाली सेल प्लस मेंबर्स के लिए शुरू हो गई है। सेल के दौरान ऐप्पल, सैमसंग, शाओमी, रेडमी समेत कई ब्रांडेड फोन बंपर छूट के साथ उपलब्ध हैं। लेकिन अगर आप फोल्डेबल फोन खरीदने का प्लान कर रहे हैं, तो आपके लिए शानदार मौका है। दरअसल, सेल के दौरान, सैमसंग गैलेक्सी जेड फ्लिप 3 बंपर डिस्काउंट के साथ मिल रहा है। वहीं, Amazon की दिवाली सेल में Galaxy Z Fold 3 बड़े डिस्काउंट के साथ मिल रहा है।
6.7 इंच की फोल्डेबल डायनेमिक AMOLED स्क्रीन, 120Hz रिफ्रेश रेट और Android 11 के साथ, गैलेक्सी Z फ्लिप 3 क्वालकॉम स्नैपड्रैगन 888 प्रोसेसर से लैस है। एडिशनल फीचर्स में 3300mAh की बैटरी शामिल है जो 15W रैपिड चार्जिंग को सपोर्ट करती है। फोन में साइड-माउंटेड फिंगरप्रिंट स्कैनर, वायरलेस नेटवर्किंग के लिए ब्लूटूथ 5.1, एक्सेलेरोमीटर, AKG द्वारा ट्यून किए गए डुअल स्पीकर के अलावा, फोन वॉटर रेजिस्टेंस के लिए IPX8-रेटेड है। कैमरे की बात करें तो, इसमें सेल्फी और वीडियो कॉल के लिए 10MP का फ्रंट कैमरा है, साथ ही पीछे की तरफ 12MP का डुअल-कैमरा सेटअप है।
फ्लिपकार्ट सेल के दौरान गैलेक्सी जेड फ्लिप 3 को 59,999 रुपये की कम कीमत पर पेश किया गया है। साइट 5000 रुपये की छूट भी प्रदान कर रही है, जिससे कुल लागत 54,999 रुपये हो गई है।गैलेक्सी Z फोल्ड 3 में क्विक चार्जिंग पावर के लिए क्वालकॉम स्नैपड्रैगन 888 प्रोसेसर और 4400mAh की बैटरी है। फोल्ड गैजेट में 120Hz रिफ्रेश रेट वाला 7.6-इंच HDR10+ फोल्डेबल डायनेमिक AMOLED पैनल शामिल है। कैमरे की बात करें तो, फोन में 10MP का कवर कैमरा, विशाल डिस्प्ले के सामने 4MP कैमरा सेंसर और पीछे की तरफ 12MP का ट्रिपल-कैमरा सिस्टम है।अमेजन पर गैलेक्सी जेड फोल्ड 3 पर बंपर छूट है। गैलेक्सी जेड फोल्ड 3 को अमेजन द्वारा दिवाली सेल के दौरान बैंक छूट के बाद 1,09,999 रुपये की प्रभावी कीमत पर पेश किया गया है।
13 अक्टूबर के देश भर में करवा चौथ का त्योहार मनाया गया। सेलिब्रिटीज ने भी इस फेस्टिवल को पूरे उत्साह के साथ सेलिब्रेट किया, हालांकि कपिल शर्मा के लिए दो-दो महिलाओं ने व्रत रखा। एक तरफ उनकी पत्नी थी, तो दूसरी तरफ गर्लफ्रेंड। बस फिर क्या था, पूजा के समय कॉमेडियन दोनों के बीच बुरे फंसे नजर आए और इसी झगड़े के बीच बेहोश हुई कपिल की पत्नी।
आप किसी कन्फ्यूजन में हो उससे पहले बता दें कि कॉमेडियन कपिल शर्मा इन दिनों 'कॉमेडी नाइट विद कपिल' को लेकर चर्चा में हैं और इस बार का एपिसोड करवा चौथ स्पेशल होने वाला है। ऐसे में कपिल शर्मा की पत्नी और उनकी गर्लफ्रेंड दोनों ही कप्पू के लिए करवा चौथ का व्रत रखा और चांद देखने के समय कपिल शर्मा दोनों के बीच फंस गए।
सोनी टीवी की तरफ से साझा किए प्रोमो में देखा जा सकता है कि एक तरफ कपिल की पत्नी बिंदू है तो दूसरी तरफ गर्लफ्रेंड गजल। दोनों छलनी में दीपक रखकर कपिल शर्मा का दीदार कर रही होती हैं कि इसी बीच कपलि की पत्नी बनीं सुमोना चक्रवर्ती बेहोश हो जाती हैं। प्रोमो देखकर ही पता चल रहा है कि कपिल शर्मा के इस करवा चौथ स्पेशल एपिसोड में जमकर धमाल होने वाला है।
Xiaomi दिसंबर तक मार्केट में नई स्मार्टफोन सीरीज लाने की तैयारी में है।नई सीरीज में Xiaomi 13 और Xiaomi 13 Pro शामिल हैं।नई सीरीज के वनीला मॉडल यानी शाओमी 13 की जानकारी ऑनलाइन लीक हो गई है।लीक हुई लाइव इमेज से पता चलता है कि Xiaomi 13 सीरीज में नए डिजाइन का कैमरा मॉड्यूल देखने को मिलेगा।इमेज से यह भी पता चलता है की फोन के बैक में ग्रे कलर का स्क्वेयर शेप्ड कैमरा मॉड्यूल दिया गया है। इसमें ट्रिपल कैमरा सेटअप है और कॉर्नर थोड़ा कर्व्ड है।फोन का प्राइमरी कैमरा 50MP का है। फोन में कंपनी 6.3 इंच का फुल एमोलेड HD+ डिस्प्ले ऑफर करने वाली है, जो 1.5K के रिजॉल्यूशन और 120Hz रिफ्रेश रेट के साथ आएगा।
Xiaomi 13 के बारे में खबर आ रही है की ये नवंबर या दिसंबर 2022 में लॉन्च हो सकता है। क्वालकॉम 15 नवंबर को Snapdragon 8 Gen 2 SoC को अनाउंस कर सकती है। इसके अनाउंसमेंट के बाद शाओमी इस स्मार्टफोन को लॉन्च कर सकती है। हालांकि कंपनी ने अभी तक कोई भी आधिकारिक बयान नहीं दिया है लेकिन बाजार में चल रही खबरों से पता चलता है कि फोन का लाइव इमेज भी लीक हो गया है।
मार्केट में चल रहे खबरों की माने तो शाओमी 13 pro में 6.73 इंच का QHD एमोलेड डिस्प्ले है जो 120Hz रिफ्रेश रेट को सपोर्ट करता है। इसके साथ ही इसके टॉप सेंटर में होल पंच कट आउट कैमरा हो सकता है।वहीं शाओमी 13 pro में 5000mAh की पॉवरफुल बैटरी हो सकती है जो 120W फास्ट चार्जिंग सपोर्ट करती है। दूसरी और फोन के प्रोसेसर के बारे में कहा जा रहा है कि यह Snapdragon 8 Gen 2 SoC प्रोसेसर के साथ लॉन्च हो सकता है।
विधि – चिली मोमोज बनाने के लिए सबसे पहले एक बर्तन में मैदा लेकर उसमे तेल और नमक डालकर अच्छी तरह मिलाते हुए उसका आटा गूंथ लें। अब इस आटे से छोटी-छोटी लोई बना लें। एक कटोरी में प्याज, गाजर, बीन्स, लहसुन, अदरक, गोभी, शिमला मिर्च, मिर्च और नमक डालकर अच्छे से मिला लें। अब लोई को बेलकर उसके ऊपर सब्जी डालकर उसे ऊपर से बंद कर दे ताकि वो फटे नहीं।इसी तरह सारे मोमोज बनाकर रख लें। अब कुकर में थोड़ा सा पानी डालकर गरम कर लें। कुकर के भीतर मोमोज लगे हुए कंटेनर को डालकर 10 मिनट तक ढककर पकाएं। 10 मिनट बाद मोमोस निकालकर उसे थोड़े से तेल में फ्राई कर लें। उसके बाद एक पैन में लहसुन, प्याज और शिमला मिर्च डालकर अच्छे से मिला लें। अब उसी पैन में मिर्च का पेस्ट, टमाटर की चटनी और सोया सॉस डालकर थोड़ा सा भूनने के बाद उसमे मोमोज डालकर हल्का सा चला लें। आपके टेस्टी चिली मोमोज बनकर तैयार हैं।
अगर आपके चेहरे पर भी अक्सर ही मुंहासे होते रहते हैं तो इसके पीछे स्किन केयर की कमी के साथ ही हॉर्मोन्स में बदलाव भी एक बहुत बड़ा कारण होता है।इससे स्किन के ऑयल ग्लैंड्स एक्टिव हो जाते हैं।जिससे चेहरे ऑयली तो नजर आता ही है साथ ही पिंपल्स से भरा रहता है।तो इस समस्या से छुटकारा दिलाने में घर पर बने कुछ क्लेंजर, टोनर व फेस पैक्स कर सकते हैं इसमें आपकी मदद।
कच्चे दूध में चुटकीभर हल्दी और नींबू का रस मिक्स करें। इसे चेहरे के साथ गर्दन पर भी लगाएं। अब कॉटन को हल्का गीला कर लें और इससे चेहरे को हल्के हाथों से मलते हुए चेहरा साफ कर लें। चेहरे को साफ करने के बाद के बाद टोनर का इस्तेमाल करें। इससे स्किन ऑयली नहीं दिखेगी।
गुलाबजल और नींबू के रस को मिलाकर टोनर बनाएं। क्लेंजर यूज करने के बाद चेहरा धो लें।
मुल्तानी मिट्टी में गुलाबजल मिलाकर पेस्ट बनाएं। इसे चेहरे पर लगाएं और हल्का सूखने दें। फिर नॉर्मल पानी से धो लें।
ताजी नीम की पत्तियों को 1/2 कप पानी में उबालें। इसे थोड़ा ठंडा होने दें। फिर छान कर फ्रिज में रख दें। क्लेंजिग के लिए इसका इस्तेमाल करें। 20 मिनट लगाकर रखें।
1 कप फिल्टर वॉटर, 1 कप एप्पल साइडर विनेगर और 2-3 बूंद टी ट्री ऑयल को एक साथ मिक्स करें। चेहरा साफ करने के बाद होममेड टोनर का इस्तेमाल करें।
मुल्तानी मिट्टी में चंदन पाउडर, रोज वॉटर और नीम की सूखी पत्तियां मिलाकर पेस्ट बनाएं और चेहरे पर लगाएं। 20 मिनट के बाद धो लें।
मुल्तानी मिट्टी में कई तरह के मिनरल्स मौजूद होते हैं। इसमें नींबू का रस व गुलाबजल मिलाकर पेस्ट बनाएं। चेहरे व गर्दन पर इस पेस्ट को लगाएं। 20 मिनट के बाद चेहरा धो लें।