Home Blog Page 5004

किसान की फसल हुई खराब, सदमा लगने से हो गई मौत

0

भोपाल  । बीते कई दिनों से जारी अनवरत वर्षा के कारण किसान की फसल खराब हो गई। इससे सदमे में आकर किसान की मौत हो गई। इसके बाद परिजनों ने इंजन बेचकर किसान का अंतिम संस्कार किया। यह मामला है प्रदेश के अशोकनगर  जिले के राजपुर क्षेत्र के छीपोन गांव का। यहां तीन दिन पहले खेत में एक किसान की मौत हो गई। परिजनों ने मौत का कारण वर्षा से उड़द की फसल खराब होने से सदमा लगना बताया है। उन्होंने बताया कि घर में रुपये नहीं थे तो खेत में रखे पंप सेट इंजन का बेचकर उनका अंतिम संस्कार किया गया। शनिवार को यह मामला जब सामने आया तो प्रशासन ने पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता के रूप में 25 हजार रुपये पहुंचाए तथा पटवारी व नायब तहसीलदार को मामले की जांच के निर्देश दिए। गुरुवार को ग्राम छीपोन निवासी 40 वर्षीय किसान लल्लीराम कुशवाह की खेत में मौत हो गई थी। उनके भतीजे मुनेश कुशवाह ने बताया कि चाचा के पास लगभग आठ बीघा जमीन थी। सोयाबीन का बीज महंगा होने के कारण उन्होंने उड़द की बोवनी की थी। लगातार हो रही वर्षा से खेत में कटी रखी फसल खराब हो गई। यह देखकर चक्कर आने से चाचा गिर गए और उनकी मौत हो गई। ग्रामीणों ने बताया कि लल्लीराम की कोई संतान नहीं है। उनकी पत्नी के पास अंतिम संस्कार के लिए पैसे भी नहीं थे। भतीजा मुनेश का कहना है कि संकोच के कारण हमने किसी से अंतिम संस्कार के लिए आर्थिक मदद नहीं मांगी। खेत में रखे इंजन को छह हजार रुपये में कबाड़ी को बेचकर चाचा के अंतिम संस्कार व अन्य क्रियाकर्म की व्यवस्था की। तहसीलदार गजेंद्र सिंह लोधी ने बताया कि किसान की मौत की जानकारी मिलने पर उसके स्वजन को तत्काल सहायता पहुंचाई गई। मामले की जांच कराई जा रही है कि किसान की मौत की वजह क्या है। सरपंच आयशा बानो का कहना था कि लल्लीराम के स्वजन बताते कि अंतिम संस्कार के लिए पैसे नहीं है तो हम जरूर आर्थिक मदद करते। जानकारी लगी तो मृतक किसान के दस्तावेज लेकर राजस्व अधिकारियों को भिजवाए गए।

भारी भीड़ को देखते हुए ट्रेनों की 576 बर्थ बढ़ी

0

भोपाल । रेलवे ने दशहरा और दीपावली के पर्व को देखते हुए 8 ट्रेनों के कोच की संख्या बढ़ा दी गई है। ताकि त्योहार के मौसम में लोग आसानी के साथ अपने गंतव्य स्थान में आ – जा सके। बिलासपुर भोपाल एक्सप्रेस, भोपाल बिलासपुर एक्सप्रेस, दुर्ग भोपाल अमरकंटक एक्सप्रेस, भोपाल दुर्ग अमरकंटक एक्सप्रेस, कोरबा छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस,अमृतसर बिलासपुर एक्सप्रेस मैं अस्थाई कोच लगाने की व्यवस्था रेलवे द्वारा की गई है। इससे यात्रियों की वेटिंग लिस्ट कब होगी लोग आरक्षित कोच में अपनी यात्राएं कर सकेंगे।

मप्र में लम्पी वायरस के 26 जिलों में 9955 मामले

0

भोपाल  ।  मध्यप्रदेश के 26 जिलों में अब तक लम्पी वायरस के 9955 मामले प्रकाश में आ चुके है। वहीं अभी तक 128 पशुओं की मौत हो चुकी है।  एक दिन पहले प्रभावित पशुओं की संख्या 8600 थी। इस तरह एक दिन में एक हजार 355 मामले बढ़ गए हैं। गोवंश में लंपी वायरस संक्रमण रोग के मामले बढ़ते जा रहे हैं। रोग को फैलने से रोकने के लिए कम से कम 20 प्रतिशत पशुओं (गोटपाक्स) का टीकाकरण करना आवश्यक है, ताकि उनमें रोग से लड़ने की प्रतिरोधक क्षमता विकसित हो सके। इस लिहाज से कम से कम 36 लाख डोज की जरूरत है, जबकि तीन लाख डोज ही उपलब्ध हैं। अब तक दो लाख 86 हजार पशुओं का टीकाकरण किया जा चुका है। जरूरत के मुताबिक वैक्सीन भी नहीं मिल रही है। इसका कारण यह है कि केवल दो कंपनियां हेस्टर और इंडियन इम्यूनोलाजिकल वैक्सीन बना रही हैं, जिससे आवश्यकता के अनुसार वैक्सीन उपलब्ध नहीं है। जिन राज्यों में संक्रमण ज्यादा है, वहां ज्यादा वैक्सीन दी जा रही है। इंदौर, उज्जैन, भोपाल और ग्वालियर संभाग के बाद अब जबलपुर में लंपी बीमारी के दो संदिग्ध पशु मिले हैं। इनमें एक सीहोर और दूसरा बरेला में है। दोनों के रक्त और स्वाब के सैंपल लेकर जांच के लिए भोपाल स्थित उच्च सुरक्षा पशु रोग अनुसंधान प्रयोगशाला भेजे गए हैं। पशु चिकित्सा विभाग के अपर मुख्य सचिव जेएन कंसोटिया ने बताया कि जहां संक्रमित पशु मिल रहे हैं वहां पांच किमी के दायरे में सभी गोवंशी पशुओं को और बाकी जगह 20 प्रतिशत को टीका लगाने का लक्ष्य है। वहीं गोपालन एवं पशुधन संवर्धन बोर्ड के अध्यक्ष स्वामी अखिलेश्वरानंद गिरी ने बताया कि अभी टीकाकरण को लेकर ज्यादा ध्यान गोशालाओं पर दिया जा रहा है, क्योंकि गोशालाओं में बीमारी फैली तो वहां के सभी गोवशी पशु प्रभावित हो जाएंगे। टीका खरीदने के लिए राशि भारत सरकार से मिल रही है, लेकिन खरीदी पशु चिकित्सा संचालनालय द्वारा की जा रही है। इसके अलावा जिले में पशुपालक समितियों को भी टीका खरीदने के लिए कहा गया है। टीका एक डोज लगाया जाता है जो एक साल के लिए प्रभावी होता है। हर दिन करीब 20 हजार पशुओं का टीकाकरण हो पा रहा है। इस बारे में प्रदेश के पशुपालन मंत्री प्रेम सिंह पटेल का कहना है कि टीका की कमी नहीं है। कहीं से पशुपालकों ने यह शिकायत नहीं की है उनके पशुओं को टीका नहीं लगाया जा रहा है। सभी जिलों में स्टाक है। मांग के अनुसार मिल भी रहा है।

गरबा एक्सप्रेस कर रही मप्र के पर्यटन स्थलों की ब्रांडिंग

0

भोपाल । मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड द्वारा द्वारा पश्चिम रेलवे के सहयोग से गुजरात के गांधीधाम और पश्चिम बंगाल के हावड़ा के बीच चलने वाली गरबा एक्सप्रेस पर प्रदेश के पर्यटन स्थलों, आयोजनों, मेलों की ब्रांडिंग करवाई गई है। मध्य प्रदेश के सुरम्य पर्यटन स्थलों का प्रचार-प्रसार करने और देश के लोगों को मप्र पर्यटन के प्रति आकर्षित करने के लिए एमपी पर्यटन विभाग ने एक और नवाचार किया है। प्रदेश की पर्यटन, संस्कृति और धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व मंत्री उषा ठाकुर गांधीधाम से नए कलेवर में सजी गरबा एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाते हुए इसका अनावरण किया। इस अवसर पर गांधीधाम स्टेशन पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पर्यटन व संस्कृति मंत्री उषा ठाकुर ने अपने उद्बोधन में कहा कि मध्यप्रदेश पूरे देश की सांस्कृतिक और ऐतिहासिक धरोहरों को सहेजता है। अब मध्यप्रदेश के सांकृतिक, ऐतिहासिक, प्राकृतिक और मन भावन पर्यटन स्थलों की झलक गरबा एक्सप्रेस पर पूरे देश को दिखाई देगी। अगर आप सभी ने हिंदुस्तान का दिल मध्यप्रदेश नहीं देखा तो आपने कुछ नहीं देखा। मध्यप्रदेश में 33 करोड़ वर्ष पुरानी विश्व की प्राचीनतम नदी मां नर्मदा, दो ज्योतिर्लिंग, त्रेता युग का मंदिर राजेश्वर, सतयुग की नगरी जानापाव सहित प्राचीन बौद्ध स्मारक भी मौजूद है। इन सभी स्थलों सहित प्रदेश के महत्वपूर्ण पर्यटन स्थलों को दर्शाती गरबा एक्सप्रेस देशभर के पर्यटकों को मध्यप्रदेश आमंत्रित करेगी।कार्यक्रम में शामिल अपर प्रबंध संचालक टूरिज्म बोर्ड विवेक श्रोत्रिय ने कहा कि गरबा एक्सप्रेस पर मध्यप्रदेश के पर्यटन स्थलों और नैसर्गिक सौंदर्य को विनाइल रैपिंग के माध्यम से दर्शित किया गया है। यह प्रदेश के पर्यटन स्थलों को भारत की जनता तक पहुंचाने की पहल है। मध्यप्रदेश को भारत का दिल कहा जाता है। जैसे दिल में शरीर का सारा रक्त पहुंचता है वैसे ही मध्यप्रदेश में सभी राज्यों की संस्कृति और धरोहरों का अद्भुत संगम है। इसलिए पर्यटकों को कम से कम एक बार मध्यप्रदेश जरूर आना चाहिए। उन्होंने गुजरात एवं देश के सभी पर्यटकों को मध्यप्रदेश आने के लिए आमंत्रित भी किया। साप्ताहिक ट्रेन गरबा एक्सप्रेस गांधीधाम से शाम 6:10 पर निकलेगी औऱ गुजरात, मध्यप्रदेश, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल के विभिन्न शहरों से गुजरते हुए हावड़ा स्टेशन पर तीसरे दिन दोपहर 12.55 पर पहुंचेगी। इस दौरान ट्रेन मध्यप्रदेश सहित 6 राज्यों से गुजरेगी। इन राज्यों में मध्यप्रदेश के प्रमुख पर्यटन गंतव्यों सहित जल महोत्सव, मांडू उत्सव, स्काय डाइविंग, हॉट एयर बलून जैसी गतिविधियों का भी प्रचार होगा’।मंत्री उषा ठाकुर ने गांधीधाम विधायिका मालती बेन महेश्वरी और पश्चिम रेलवे के एआरएम आदिश पठानिया के साथ हरी झंडी दिखाकर गरबा एक्सप्रेस को रवाना किया। मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड द्वारा पश्चिम रेलवे के सहयोग से गुजरात के गांधीधाम और पश्चिम बंगाल के हावड़ा के बीच चलने वाली गरबा एक्सप्रेस पर प्रदेश के पर्यटन गंतव्यों, आयोजनों, मेलों की ब्रांडिंग करवाई गई है।

राजधानी में रुक-रुक कर जारी रहेगा बारिश का दौर

0

भोपाल । राजधानी में रुक-रुक कर बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान  है। रविवार को भोपाल के कुछ इलाकों में छुट-पुट वर्षा मौसम सुहाना करेगी, तो दूसरी तरफ लोग धूप व गर्मी से परेशान होंगे। अलग-अलग स्थानों पर बनी मौसम प्रणालियों के असर से मध्य प्रदेश में कुछ नमी आ रही है। इससे ग्वालियर, चंबल संभागों के जिलों में कहीं-कही छिटपुट वर्षा होने के आसार हैं। शेष जिलों में धीरे-धीरे मौसम अब साफ होने लगेगा। इससे दिन के तापमान में बढ़ोतरी भी होगी। प्रदेश के शेष संभागों के जिलों में बादल छंटने लगे हैं। धूप निकलने के कारण अब दिन के तापमान में भी बढ़ोतरी होने लगेगी। हालांकि वातावरण में नमी मौजूद रहने के कारण तापमान बढ़ने की स्थिति में कहीं-कहीं छिटपुट वर्षा होने की भी संभावना बनी रहेगी। वरिष्ठ मौसम विज्ञानी डा. ममता यादव के अनुसार, वर्तमान में उत्तर-पूर्वी राजस्थान पर हवा के ऊपरी भाग में एक चक्रवात बना हुआ है। इस चक्रवात से लेकर उत्तर छत्तीसगढ़ तक एक ट्रफ लाइन बनी हुई है। एक पश्चिमी विक्षोभ ट्रफ के रूप में पाकिस्तान और उसके आसपास बना हुआ है। इसके अतिरिक्त आंध्र प्रदेश के तट पर हवा के ऊपरी भाग में एक चक्रवात बन गया है। अलग-अलग स्थानों पर बनी इन चार प्रणालियों के असर से मप्र में कुछ नमी आ रही है। विशेषकर राजस्थान से लगे ग्वालियर-चंबल संभाग के जिलों में मिल रही नमी से वहां छिटपुट वर्षा की संभावना अभी बनी हुई है।  आंध्रा कोस्ट पर बने चक्रवात के कम दबाव के क्षेत्र में बदलकर आगे बढ़ने की स्थिति में तीन-चार दिन बाद पूर्वी मध्य प्रदेश में कहीं-कहीं वर्षा हो सकती है। उधर शनिवार को सुबह साढ़े आठ बजे से शाम साढ़े पांच बजे तक ग्वालियर में 6.3, पचमढ़ी में पांच, शिवपुरी में दो, मंडला में सतना में 0.6, गुना में 0.4, बैतूल में 0.4 एवं खजुराहो में 0.4 मिलीमीटर वर्षा हुई।

भोपाल एयरपोर्ट में 30 करोड़ की लागत से दो हैंगर होंगे तैयार

0

भोपाल । राजा भोज एयरपोर्ट भोपाल मे पहले चरण में 2 हैंगर तैयार होने जा रहे हैं। हैंगर में एयर क्राफट के पहुंचते ही उसकी जरूरी मेंटेनेंस और सुधार कार्य कंप्यूटराइज्ड सिस्टम से ठीक किए जाएंगे। दो हैंगर के निर्माण में 30 करोड़ रुपए खर्च होंगे। एयरपोर्ट डायरेक्टर राम जी अवस्थी के अनुसार फरवरी तक लाइसेंस लेने संबंधी प्रक्रिया पूरी हो जाएगी। उसके बाद आवंटित जमीन पर एमआरओ हैंगर बनाए जाने लगेगा। भोपाल एयरपोर्ट पर एमआरओ बनने के बाद यहां से नाइट फ्लाइट्स का भी संचालन किया जा सकेगा। नई एयरलाइंस कंपनियां भी पार्किंग का फायदा उठाने लगेगी। भोपाल एयरपोर्ट में सुबह और देर रात तक फ्लाइट का संचालन हो सकेगा। इसका खर्च एयरलाइंस कंपनियां उठाएंगी। पीपीपी मोड में दो हैंगर बनाए जा रहे हैं।

प्राकृतिक गैस की कीमत में हो सकती है ‎रिकॉर्ड बढ़ोतरी

0

नई दिल्ली । प्राकृतिक गैस की कीमत इस सप्ताह में होने वाली समीक्षा के बाद रिकॉर्ड उच्चस्तर पर पहुंच सकती है। प्राकृतिक गैस का इस्तेमाल बिजली उत्पादन, उर्वरक और वाहनों के लिए सीएनजी उत्पादन में होता है। देश में उत्पादित गैस की कीमत सरकार तय करती है। सरकार को गैस कीमतों में अगला संशोधन एक अक्टूबर को करना है। सार्वजनिक क्षेत्र की ऑयल एंड नैचुरल गैस कॉरपोरेशन (ओएनजीसी) के पुराने क्षेत्रों से उत्पादित गैस के लिए भुगतान की जाने वाली दर 6.1 डॉलर प्रति इकाई (मिलियन ब्रिटिश थर्मल यूनिट) से बढ़कर नौ डॉलर प्रति इकाई पर पहुंच सकती है। यह नियमन वाले क्षेत्रों के लिए अब तक की सबसे ऊंची दर होगी। बेंचमार्क अंतरराष्ट्रीय कीमतों में उछाल के बीच यह अप्रैल, 2019 से प्राकृतिक गैस कीमतों में तीसरी वृद्धि होगी। सरकार प्रत्येक छह महीने में गैस के दाम तय करती है। यह कीमत अमेरिका, कनाडा और रूस जैसे गैस अधिशेष वाले देशों की पिछले एक साल की दरों के आधार पर एक तिमाही के अंतराल के हिसाब से तय की जाती है। ऐसे में एक अक्टूबर से 31 मार्च, 2023 तक के लिए गैस का दाम जुलाई, 2021 से जून, 2022 की कीमत के आधार पर तय किया जाएगा। उस समय गैस कीमतें ऊंचाई पर थीं।
सूत्रों से ‎मिली जानकारी के मुता‎बिक सरकार ने घरेलू स्तर पर उत्पादित प्राकृतिक गैस के मूल्य की समीक्षा का फॉर्मूला तय करने के लिए एक समिति ग‎ठित की थी। समिति के समक्ष यह मुद्दा लंबित होने की वजह से यह व्यावहारिक वजह होगी कि एक अक्टूबर को गैस के दामों में संशोधन नहीं किया जाए। पेट्रोलियम मंत्रालय के एक आदेश के अनुसार, योजना आयोग के पूर्व सदस्य किरीट एस पारेख की अध्यक्षता वाली समिति को अंतिम उपभोक्ता के लिए गैस के उचित मूल्य का सुझाव देने को कहा गया है। बताया जा रहा है ‎कि इस समिति में गैस उत्पादक संघों और ओएनजीसी और ऑयल इंडिया ‎लिमिटेड के प्रतिनिधि शामिल हैं। समिति को अपनी रिपोर्ट इस माह के आ‎खिर तक देने को कहा गया है, लेकिन इसमें देरी हो सकती है।

कच्चे तेल में ‎गिरावट के बाद भी पेट्रोल और डीजल की कीमत नहीं हुई कम

0

नई दिल्ली । वै‎श्विक बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में लगातार नरमी बनी हुई है। क्रूड ऑयल लंबे समय से 100 डॉलर प्रति बैरल से नीचे है। इसके बाद भी भारतीय ऑयल कंपनियों ने रविवार 25 सितंबर को भी पेट्रोल और डीजल के भाव में कोई बदलाव नहीं किया है। पेट्रोलियम मंत्री हरदीप पुरी ने कुछ दिन पहले ही जानकारी दी थी कि तेल कंपनियां अपने पिछले नुकसान की भरपाई करने के लिए अभी पेट्रोल-डीजल के भाव में कटौती नहीं कर रही हैं। बता दें कि अप्रैल में रूस-यूक्रेन के बीच युद्ध के दौरान कच्चा तेल रिकॉर्ड ऊंचाई पर था जिसकी वजह से राष्ट्रीय तेल कंपनियों को काफी नुकसान हुआ था। देश भर में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कोई बदलाव नहीं हुआ है। दिल्ली से सटे नोएडा में पेट्रोल 96.57 रुपए और डीजल 89.96 रुपए प्रति लीटर है। गुरुग्राम में पेट्रोल का 97.18 रुपए और डीजल का भाव 90.05 रुपए प्रति लीटर पर है। वहीं लखनऊ में पेट्रोल का भाव 96.57 रुपए और डीजल की कीमत 89.76 रुपए प्रति लीटर पर स्थिर है।
दिल्ली में पेट्रोल 96.72 रुपए और डीजल 89.62  रुपए प्रति लीटर, मुंबई में पेट्रोल 106.31 रुपए और डीजल 94.27 रुपए प्रति लीटर, चेन्नई में पेट्रोल 102.63 रुपए और डीजल 94.24 रुपए  प्रति लीटर, कोलकाता में पेट्रोल 106.03 रुपए  और डीजल 92.76  रुपए प्रति लीटर, नोएडा में पेट्रोल 96.92  रुपए और डीजल 90.08 रुपए प्रति लीटर हो गया है। गाजियाबाद में 96.58 रुपए और डीजल 89.75 रुपए प्रति लीटर है। लखनऊ में पेट्रोल 96.57 रुपए और डीजल 89.76  रुपए प्रति लीटर है। पटना में पेट्रोल 107.24 रुपए और डीजल 94.04 रुपए प्रति लीटर है। पोर्टब्‍लेयर में पेट्रोल 84.10 रुपए और डीजल 79.74 रुपए प्रति लीटर है।

भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने झूलन को जीत के साथ विदायी दी

0

लंदन । भारतीय महिला महिला क्रिकेट टीम ने तीसरे और अंतिम एकदिवसीय क्रिकेट मैच में मेजबान इंग्लैंड टीम को हराकर अपनी अनुभवी तेज गेंदबाज झूलन गोस्वामी को शानदार विदायी दी है। झूलन ने इस मैच के साथ ही खेल को अलविदा कह दिया। झूलन ने पहले ही घोषणा कर दी थी कि वह इस मैच के बाद संन्यास ले लेंगी। इस तीसरे एकदिवसीय में भारतीय टीम ने पहले खेलते हुए स्मृति मंधाना और दीप्ति शर्मा के अर्धशतक की सहायता से 169 रन बनाये। इस प्रकार मेजबान इंग्लैंड को जीत के लिए 170 रन का लक्ष्य दिया था। इसका पीछा करते हुए मेजबान टीम 153 रनों पर ही सिमट गयी। अपने अंतिम मैच में झूलन ने 30 रन देकर दो विकेट जबकि रेणुका सिंह ने 29 रन देकर चार विकेट लिए। दीप्ति ने 106 गेंदों में सात चौकों की मदद से 68 रन बनाए
इस पहले बल्लेबाजी के दौरान भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। मेजबान टीम की गेंदबाज केट क्रॉस ने शुरुआती 4 विकेट लेकर भारत को करारा झटका दिया। केट ने शैफाली वर्मा को और यास्तिका भाटिया को खाता खोले बिना ही पेवेलियन भेज दिया। इसके बाद कप्तान हरमनप्रीत कौर को 4 और हरलीन देओल को रनों पर ही आउट कर दिया। इसबीच अनुभवी बल्लेबाज स्मृति मंधाना क्रीज पर जमी रही और उसने अर्धशतक लगाकर टीम को संभाला।
मध्यक्रम बल्लेबाज दीप्ति शर्मा ने इसके बाद टीम को संभाला। दीप्ति ने 106 गेंदों में सात चौकों की मदद से नाबाद 68 रन बनाए। दीप्ति के अलावा पूजा वस्त्राकार ने 38 गेंदों में 4 चौकों की मदद से 22 रन बनाए।
लक्ष्य का पीछा करने करते हुए मेजबान टीम की शुरुआत सामान्य रही। सलामी बल्लेबाज टेली 8 जबकि इमा लेम्ब 21 रन बनाकर आउइ हुई। इन दोनो के पेवेलियन लौटने के बाद मध्य क्रम ढ़ह गया। सोफिया 7, एलिसा 5 और  डेनियल व्हाइट 8 रन बनाकर पेवेलियन लौटीं। एमी जोंस ने 28 रन बनाये जबकि सोफिया इस्सेलस्टोन खाता भी नहीं खेल पायीं। गई। चार्लोट डीन ने 47 रन बनाकर टीम को लक्ष्य तक पहुंचाने का प्रयास किया पर दीप्ति शर्मा के एक शानदार थ्रो पर वह रन आउट हो गयीं।

मूनलाइटिंग को लेकर एक और उद्योगपति ने कहा- डेटा की सुरक्षा से समझौता करना पाप होगा

0

नई दिल्ली । मूनलाइटिंग पर मचे घमासान में आरपीजी ग्रुप के चेयरमैन हर्ष गोयनका भी शा‎मिल हो गए हैं। उन्होंने विप्रो और स्विगी की तुलना करने वाले लोगों को कहा है ‎कि आप स्विगी और विप्रो की तुलना नहीं कर सकते हैं। विप्रो के क्लाइंट्स फॉर्च्यून 500 कंपनियां हैं जिनके डेटा की सुरक्षा से समझौता पाप होगा। अगर इन कंपनियों को थोड़ा भी संदेह हुआ कि उनके डेटा की सुरक्षा खतरे में है तो इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर यह बात लिखी। गौरतलब है कि हाल में विप्रो ने मूनलाइटिंग के आरोप में 300 कर्मचारियों को कंपनी से निकाल दिया था। इससे पहले विप्रो के चेयरमैन रिशद प्रेमजी ने मूनलाइटिंग को चीटिंग कहा था। केवल विप्रो ही नहीं इन्फोसिस और टीसीएस ने भी मूनलाइटिंग के खिलाफ अपना मत दिया है। इन्फोसिस ने कर्मचारियों को ई-मेल भेजकर यहां तक कहा है कि इस पद्धति को बिलकुल स्वीकार नहीं किया जा सकता है और कोई भी कर्मचारी मूनलाइटिंग करता है तो उसे कंपनी से निकाल दिया जाएगा। हालांकि स्विगी ने अपने कर्मचारियों को मूनलाइटिंग की अनुमति दे दी थी।
आईटी व स्किल डेवलपमेंट मिनिस्टर राजीव चंद्रशेखर ने मूनलाइटिंग के पक्ष में बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि आज का युवा अपने कौशल को लेकर आत्मविश्वास से भरपूर है, जो इसे अपने लाभ के लिए इस्तेमाल करना चाहता है। कंपनियों को इनके सपनों को बांधने की कोशिश नहीं करनी चाहिए। कंपनियों का युवाओं को इस तरह रोकने का प्रयास विफल होगा वह भी तब जब इनमें से अधिकांश खुद के स्टार्टअप के लिए काम कर रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि एक समय ऐसा भी आएगा जब लोग अलग-अलग प्रोजेक्ट्स के हिसाब से अपने समय का बंटवारा करेंगे जैसे वकील या सलाहकार करते हैं। जब कोई कर्मचारी अपनी मुख्य जॉब के अलावा किसी और नौकरी को भी अपना समय देता है तो इसे मूनलाइटिंग कहा जाता है। यानी एक नौकरी दिन के उजाले में और दूसरी रात की रोशनी में. यहीं से मूनलाइटिंग शब्द का जन्म हुआ है।

Join Whatsapp Group
Join Our Whatsapp Group