Home Blog Page 5046

कैसा है अक्षय कुमार की फिल्म “Ram Setu”  का ट्रेलर?

0

अक्षय कुमार, जैकलीन फर्नांडिस और नुसरत भरूचा स्टारर फिल्म राम सेतु का ट्रेलर मंगलवार को रिलीज कर दिया गया है। अनाउंसमेंट के बाद से ही यह फिल्म लगातार सुर्खियों में बनी हुई थी। अभिषेक शर्मा के निर्देशन में बनी यह फिल्म 25 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। 

फिल्म रामसेतु की कहानी एक आर्कियोलॉजिस्ट के बारे में है जिसे यह जांचने की जिम्मेदारी दी गई है कि रामसेतु सच है या सिर्फ एक कल्पना। रामायण की कहानी के मुताबिक रामसेतु का निर्माण प्रभु श्रीराम की सेना ने भारत से श्रीलंका के बीच किया था। फिल्म की कहानी राम सेतु के सच को तलाशने के साथ-साथ इतिहास के और भी कई पन्ने उलटती है। फिल्म की कहानी पूरी तरह काल्पनिक है लेकिन यह भारत-श्रीलंका के बीच आज भी मौजूद राम सेतु की संरचना के इर्द-गिर्द घूमती है।

कैसा है Ram Setu का ट्रेलर?
अक्षय कुमार की इस मल्टीस्टारर फिल्म का ट्रेलर एक्शन, थ्रिलर और रोमांच से भरपूर है। फिल्म की कहानी रामसेतु को बचाने के मिशन के बारे में है। जी स्टूडियो के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर ट्रेलर रिलीज किया गया है। 2 मिनट 9 सेकेंड का फिल्म का ट्रेलर शुरू में थोड़ी जिज्ञासा जरूर जगाता है लेकिन बाद में बैकग्राउंड म्यूजिक से लेकर एक्शन सीन और एनिमेशन तक सब कुछ निराशाजनक लगने लगता है। फिल्म का प्लॉट निसंदेह दमदार है और आखिरी में वानर सेना वाले अंदाज में अक्षय कुमार का हाथ में पत्थर उठाकर रामसेतु पर चलने वाला सीन भी काफी अपील करता है। 

पीएम मोदी ने बिग बी को 80वें जन्मदिन पर दी बधाई…

0

महानायक अमिताभ बच्चन आज अपना 80वां जन्मदिन मना रहे हैं। आधी रात में बिग बी के घर के बाहर उनको बधाई देने वालों का जमावड़ा लग हुआ था। जिसके बाद अमिताभ बच्चन बाहर आए और फैंस का अभिवादन स्वीकार किया। इस दौरान उनकी बेटी श्वेता नंदा और नातिन नव्या नंदा भी मौजूद थीं। इस खास मौके पर बिग बी को पूरा देश बधाई दे रहा है।प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी अमिताभ बच्चन को बधाई दी है। पीएम ने उनके लंबे और स्वस्थ्य जीवन के लिए प्रार्थना की है।

प्रधानमंत्री ने ट्वीट कर लिखा, 'अमिताभ बच्चन जी को 80वें जन्मदिन की बहुत-बहुत शुभकामनाएं। वह भारत की सबसे उल्लेखनीय फिल्म हस्तियों में से एक हैं, जिन्होंने पीढ़ी दर पीढ़ी दर्शकों को मंत्रमुग्ध और मनोरंजन किया है। वह एक लंबा और स्वस्थ जीवन जिएं'। बता दें कि सिर्फ पीएम मोदी ही नहीं बल्कि मनोरंजन और राजनीतिक जगत के तमाम लोग अमिताभ को जन्मदिन की शुभकामनाएं दे रहे हैं।

उनकी बेटी श्वेता नंदा ने पिता के साथ बिताए अपने पलों की तस्वीरों का एक कोलाज साझा किया है। एक तस्वीर में बिग बी श्वेता का हाथ पकड़े नजर आ रहे हैं। वहीं अन्य तस्वीर में बिग बी अपने दिवंगत माता-पिता हरिवंश राय बच्चन और तेजी बच्चन के साथ खड़े हैं। कैप्शन में श्वेता ने आबिदा परवीन और नसीबो लाल के गाने 'तू झूम' के बोल का इस्तेमाल किया है।

अमिताभ ने अपनी जिंदगी का काफी लंबा वक्त फिल्मी दुनिया में बिताया है और आज भी बिता रहे हैं। 80 साल उम्र हो जाने के बाद भी बिग भी युवा जोश के साथ काम करते नजर आते हैं। उनका मशहूर शो केबीसी आज भी छोटे पर्दे पर धमाल मचा रहा है। अपने दशकों लंबे करियर में उन्होंने कई पुरस्कार और प्रशंसा अर्जित की है। उन्होंने पांच राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार, 15 फिल्मफेयर पुरस्कार और अंतरराष्ट्रीय फिल्म समारोहों में कई पुरस्कार जीते हैं। भारत सरकार ने उन्हें 1984 में पद्म श्री, 2001 में पद्म भूषण और 2015 में पद्म विभूषण से सम्मानित किया। 2018 में उन्हें दादा साहब फाल्के पुरस्कार से भी सम्मानित किया गया था।

यह शिव की सृष्टि है, वही लीला रच रहे और वही सब करवा रहे

0

उज्जैन ।   श्री महाकाल लोक के रूप में सनातन धर्म का वैभव पुर्नप्रतिष्ठित होने पर सभी 13 अखाड़े प्रसन्न हैं। खासकर शैव अखाड़ों में शिव की नगरी का गौरव फिर लौटने पर उत्सवी उल्लास है। उज्जयिनी के साधु-संत मंदिर के विस्तार और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आगमन से प्रसन्न हैं। उनका कहना है कि यह पूरी सृष्टि शिव की है, वही लीला रच रहे हैं और वही सब करवा रहे हैं।

नया अध्याय होगा

सनातन हिंदू धर्म व संस्कृति के पुनर्उत्थान का जो संकल्प प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने किया है, मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान के प्रयासों से श्री महाकाल लोक के रूप में वह पूर्ण होने जा रहा है। इससे देश के समस्त साधु-संत व धर्मावलंबी प्रसन्न हैं। उज्जयिनी के इतिहास में भी यह नया अध्याय होगा।

-बालयोगी उमेशनाथजी महाराज, श्री क्षेत्र वाल्मीकि धाम पीठाधीश्वर

साकार हुआ महाकाल वन

स्कंद पुराण के अवंतिखंड तथा शिव से संबंधित धर्मशास्त्रों में महाकाल वन का उल्लेख मिलता है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संकल्प को मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने इसे श्री महाकाल लोक के रूप में साकार कर दिया है। महाकाल के आंगन की इस चैतन्य भूमि पर यह रचना सत्यम, शिवम, सुंदरम के दर्शन करा रही है।

-महंत विनीत गिरि महाराज, गादीपति महंत महाकालेश्वर मंदिर

अद्भुत, अकल्पनीय महाकाल लोक

महाकाल लोक की रचना अद्भत व अकल्पनीय है। मुझे लगता है स्वयं भगवान विश्वकर्मा ने इसका निर्माण किया है। महाकाल के आंगन में शिव की लीलाओं का दर्शन सैकड़ों जन्मों के पुण्य फलित होने जैसा है। इसके लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का विजय तथा मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान का समर्पण प्रसन्नाता प्रदान करने वाला है।

-स्वामी शांतिस्वरूपानंद महाराज, महामंडलेश्वर निरंजनी पंचायती अखाड़ा

स्वतंत्रता के बाद संस्कृति का पुनर्उत्थान हुआ

श्री महाकाल लोक देश में सनातन धर्म परंपरा तथा संस्कृति के पुनर्उत्थान का प्रतीक है, इससे उज्जैन का गौरव और बढ़ गया है। आने वाले दिनों में उज्जयिनी धर्म व संस्कृति के साथ आर्थिक रूप से भी संपन्ना होगी। श्री महाकाल लोक के निर्माण से उज्जैन का धार्मिक पर्यटन बढ़ेगा तथा रोजगार के नए अवसर प्राप्त होंगे।

चाय बनाते समय गैस रिसाव से भड़की आग, सिलेंडर फटा, दोपहिया वाहन के उड़े परखच्चे

0

विदिशा ।    जिले की ग्यारसपुर तहसील के ग्राम चिरावटा के एक घर में मंगलवार की सुबह चाय बनाते समय रसोई गैस सिलेंडर फट गया, जिसमें घर के अंदर रखे दोपहिया वाहन के परखच्चे उड़ गए। घटना के समय घर में सात सदस्य थे और वे समय रहते बाहर निकल गए थे, इसलिए कोई जनहानि नहीं हुई। सूचना दिए जाने के करीब एक घंटे बाद दमकल विभाग का अमला मौके पर पहुंचा और आग बुझाने के प्रयास शुरू किए। लगभग आधे घंटे की मशक्‍कत के बाद आग पर काबूू पा लिया गया। जानकारी के अनुसार मंगलवार की सुबह करीब सात बजे ग्राम चिरावटा में पन्नालाल वाल्मीकि के घर पर परिवार की महिला रसोई में गैस चूल्हे पर चाय बना रही थी। अचानक रेगुलेटर से गैस रिसाव होने पर आग का भभका उठा और रसोई में आग फैल गई। यह देख चाय बना रही गृहिणी घबरा गई और तुरंत दूसरे कमरे की ओर भागी। उसने घर के सभी सदस्यों के जल्दी बाहर निकलने को कहा। उधर आग की लपटें तेजी से बढ़ने लगी थी। आनन-फानन में परिवार के सभी सदस्य घर के बाहर भागे। थोड़ी देर बाद ही सिलेंडर फटने का तेज धमाका हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि यह धमाका इतना तेज था कि घर के अंदर रखे दोपहिया वाहन के परखच्चे उड़ गए। घर में आग लगने से गृहस्थी का पूरा सामान जलकर राख हो गया। आसपास के लोगों ने मिलकर आग बुझाने की कोशिशें शुरू कीं और फोन कर फायर ब्रिगेड को सूचना दी। करीब एक घंटे बाद फायर ब्रिगेड वाहन गांव पहुंचा और आग पर काबू पाया।

गांगीवाड़ा के समीप बस-ट्रक की भिड़ंत, नौ घायल, दो की हालत गंभीर

0

छिंदवाड़ा ।   मंगलवार सुबह गांगीवाड़ा टोल प्लाजा के समीप एक ट्रक और बस की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। इस हादसे में बस में बैठे आठ यात्री घायल हो गए। उधर ट्रक चालक को भी चोटें आई हैं। घायल 9 लोगों में दो की हालत गंभीर बनी हुई है। घायलों को परासिया तथा जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बस जामई से नागपुर के लिए निकली थी। छिंदवाड़ा पहुंचने से पहले ही गांगीवाड़ा टोल प्लाजा के पहले मोड़ पर सामने से आ रहे ट्रक से जा भिड़ी। बताया जा रहा है कि बस की रफ्तार काफी तेज थी, जिसके कारण चालक बस पर नियंत्रण नहीं रख पाया। इस हादसे में ट्रक और बस का अगला हिस्‍सा क्षतिग्रस्‍त हो गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोगों व बस में बैठे अन्य यात्रियों ने घायलों को बाहर निकाला तथा पुलिस को सूचना दी गई। कुछ देर में परासिया तथा देहात थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। सूचना मिलने पर 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंच गई थी। घायलों को परासिया तथा छिंदवाड़ा अस्पताल पहुंचाया गया। इस हादसे में एक महिला को गंभीर चोट आई, जिसका हाथ व पैर की हड्डी टूट गई। वहीं ट्रक का चालक केबिन में फंसकर रह गया था, जिसे काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। बताया जा रहा है कि छिंदवाड़ा में टाइमिंग मिलाने के चक्कर में बस चालक वाहन को तेज गति से चला रहा था जिसके कारण यह हादसा हुआ है। परासिया टीआइ प्रतिक्षा मार्को ने बताया कि हादसा सुबह 08 बजे हुआ है। बस जामई से नागपुर की ओर जा रही थी। हादसे में घायल 09 लोगों में से दो की हालत गंभीर है, जिन्हें परासिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं बाकी घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

पेरेंट्स बनने के बाद विवादों में फंसे नयनतारा और विग्नेश…

0

तमिल एक्ट्रेस नयनतारा और डायरेक्टर विग्नेश शिवन ने 9 अक्टूबर को अपने पेरेंट्स बनने की खबर दी। शादी के 4 महीने बाद ही सोशल मीडिया पर बच्चों के पैरों के साथ अपनी तस्वीर शेयर करते हुए कपल ने अपने पेरेंट्स बनने की अनाउंमेंट की। कल से यह खुशखबरी सुर्खियों में है, हालांकि अब पेरेंट्स बनने के साथ-साथ कपल विवादों में फंस हैं। दरअसल दुनिया भर में सरोगेसी को लेकर अलग-अलग नियम-कानून हैं, ऐसे में तमिलनाडु के हेल्थ मिनिस्टर एमए सुब्रमण्यम इस सरोगेसी मामले की जांच करवाएंगे।

क्या है मामला?
दरअसल 9 अक्टूबर को विग्नेश ने सोशल मीडिया पर अपने पेरेंट्स बनने की जानकारी दी। कपल शादी के महज 4 महीने बाद ही पेरेंट्स बन गए, इस खबर ने लोगों का ध्यान अपनी तरफ खींचा। जिसके बाद कपल सरोगेसी मामले में विवादों में आ गया। बता दें कि भारत में प्रोफेशनल सरोगेसी पर बैन लगा है। किसी भी सरोगेट को कम से कम एक शादी जरूर होनी चाहिए। साथ ही उसका अपना बच्चा होना चाहिए।

हेल्थ मिनिस्टर करवाएंगे मामले की जांच
तमिलनाडु के स्वास्थ्य मंत्री एमए सुब्रमण्यम से जब नयनतारा और विग्नेश के सरोगेसी पर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा- 'इस मामले में जांच की जाएगी। सरोगेसी अपने आप में ही बड़ी बहस का मुद्दा है। कानून लोगों को सरोगेसी कराने की परमिशन देता है। लेकिन इसके लिए महिला की उम्र 21 साल से अधिक और 36 साल से कम होनी चाहिए, साथ ही इसके परिवार की मंजूरी होनी चाहिए।' आपने बयान में हेल्थ मिनिस्टर ने आगे कहा-' कि मैं इस मामले की जांच करने के लिए चिकित्सा सेवा निदेशालय को आदेश दूंगा।'

कपल ने इंस्टाग्राम पर शेयर की थी खुशखबरी
विग्नेश ने इंस्टाग्राम पर नयनतारा और अपने जुड़वा बच्चों के पैरो की तस्वीर शेयर की है। फोटो के साथ विग्नेश ने कैप्शन में लिखा- 'नयनतारा और मैं अम्मा और अप्पा बन गए हैं। हम ब्लेस्ड हैं, कि हमें जुड़वा बच्चे हुए हैं। हमारी सभी प्रार्थनाएं, हमारे पूर्वजों के आशीर्वाद हमारे बच्चे के रूप में आया है। हमें आप सभी का आशीर्वाद चाहिए। हमारे उइरो और उलगाम के लिए। दोनों के आने हमारी जिंदगी और भी खूबसूरत हो गई है। भगवान डबल महान है।'

फिल्म “Chhello Show” के चाइल्ड एक्टर राहुल कोली का कैंसर से निधन…

0

भारत की तरफ से इस साल ऑस्कर के लिए गई गुजराती फिल्म छेल्लो शो (Chhello Show) यानि Last Film Show के एक्टर राहुल कोली का कैंसर से निधन हो गया है। फिल्म में एक्टर Bhavin Rabari ने लीड रोल प्ले किया है और राहुल कोली उनके दोस्त के किरदार में नजर आए थे। शो में अहम रोल प्ले करने वाले राहुल को कैंसर था। राहुल की फिल्म 2 दिन बाद रिलीज होनी है।

राहुल कोली के पिता ने बताया, 'रविवार को उसने नाश्ता किया और फिर उसे लगातार रह रहकर बुखार आ रहा था और फिर उसे तीन बार खून की उल्टियां हुईं, और फिर मेरा बच्चा नहीं रहा। हमारा परिवार टूट गया। लेकिन हम उसका विधिवत अंतिम संस्कार करने के बाद उसकी 'लास्ट फिल्म शो' जरूर देखेंगे जो कि 14 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है।'

राहुल की उम्र महज 15 साल थी और उसकी फिल्म Last Film Show इस साल 95th Academy Awards में गई है। हर फिल्म फेस्टिवल में पैन नलिन की इस फिल्म और राहुल कोली के काम की जमकर तारीफ हुई है। फिल्म में राहुल और भविन के अलावा ऋचा मीना, भावेश श्रीमली, परेश मेहता और टिया सबेश्चियन ने अहम किरदार निभाए हैं।

क्या है छेल्लो शो की कहानी?
फिल्म Last Film Show की कहानी समय नाम के एक बच्चे के बारे में है जिसे सिनेमा से प्यार हो जाता है। फिल्म की कहानी सिनेमाघरो की तकनीक में आए बदलाव की वजह से तमाम लोगों की रोजी रोटी छिन जाने से लेकर एक फैन के सिंगल स्क्रीन थिएटर्स और निगेटिव रोल वाली फिल्मों से प्यार तक तमाम पहलुओं को छूती है। फिल्म की कहानी को निर्देशक नलिन की असल जिंदगी से इंस्पायर बताया जा रहा है।

शिव-पार्वती के प्रेम का प्रतीक माना जाता है मंगलसूत्र!

0

हिंदू धर्म के अनुसार हर दिन किसी न किसी रूप से महत्वपूर्ण माना जाता है लेकिन इनमें कुछ दिन ऐसे होते हैं जिनका महत्व अन्य की तुलना में अधिक होता है।

बात करें कार्तिक मास की तो इस माह में कई प्रमुख त्यौहार पड़ते हैं जिसमें सबसे पहला प्रमुख त्यौहार करवाचौथ पड़ता है। इस वर्ष ये व्रत 13 अक्टूबर दिन गुरुवार को पड़ रहा है। जिसके चलते हर सुहागिन महिला अपने पति की लंबी आयु के लिए निर्जला व्रत करती हैं। बता दें हर वर्ष कार्तिक मास के कृष्ण पक्ष की चतुर्थी तिथि को मनाया जाता है। ज्योतिष शास्त्र के अनुसार इस दिन न केवल महिलाएं विधि वत पूजन करती हैं बल्कि कई प्रकार को उपाय आदि भी करते हैं जिसका शुभ प्रभाव उनके सुहाग के ऊपर माना जाता है।

तो आज हम आपको करवाचौथ के दिन किए जाने वाले कुछ खास उपाय बताने जा रहे हैं जो सुहागिन महिलाएं की सबसे महत्वपूर्ण चीज़ से संबंधित है। हम बात कर रहे हैं मंगलसूत्र की। हिंदू धर्म में सुहागिन महिला के लिए जितना आवश्यक सिंदूर माना जाता है उतना ही जरूरी मंगलसूत्र माना जाता है। कहा जाता है कि करवाचौथ को मंगलसूत्र से जुड़े उपाय करना बहुत लाभदायक माना जाता है। तो आइए उपाय जानने से पहले जानते हैं कि मंगलसूत्र के महत्व के बारे में-

हिंदू धर्म में सुहागिन महिला के लिए मंगलसूत्र बेहद अहम माना जाता है। इसका संबंध किसी और से नहीं बल्कि देवों के देव महादेव तथा उनकी अर्धांगिनी देवी पार्वती से जुड़ा है। बता दें मंगलसूत्र में कई सारे काले मोटी एक धागे में पिरोए जाते हैं, जिसके बारे में कहा जाता है कि इनका अधिक महत्व है। ऐसा माना जाता है बिना इन मोतियों के मंगलसूत्र अधूरा माना गया है क्योंकि इन मोतियों को भगवान शिव और माता पार्वती के प्रेम बंधन का प्रतीक कहलाता है। इसके अतिरिक्त कहा जाता है कि मंगलसूत्र में सोना यानि स्वर्ण माता पार्वती और काले मोती भगवान शिव का प्रतीक हैं।

मंगलसूत्र से जुड़ा खास उपाय-
धार्मिक व ज्योतिष शास्त्र के अनुसार सुहागिन महिलाओं को करवा चौथ पर मंगलसूत्र ज़रूर पहनना चाहिए।

कहा जाता है मंगलसूत्र के काले धागे पति-पत्नी को बुरी नजर से बचाते हैं।
 

इस धनतेरस सोने-चांदी की जगह खरीदें ये चीजें, साल भर पैसों से भरा रहेगा घर

0

इस साल 23 अक्टूबर को धनतरेस है और 24 अक्टूबर को दिवाली मनाई जाएगी। वैसे तो हर साल दिवाली से दो दिन पहले धनतेरस का त्योहार मनाया जाता है। लेकिन इस बार तिथियों के संयोग की वजह से धनतेरस के अगले दिन यानी नरक चतुर्दशी के दिन ही दिवाली मनाई जाएगी। धनतेरस के इस दिन भगवान धनवंतरि और मां लक्ष्मी व कुबेर देव का पूजन किया जाता है। धनतेरस पर सबसे ज्यादा धूम होती है खरीदारी करने की। कहा जाता है कि धनतेरस के दिन नई चीजों को खरीदना बेहद शुभ होता है। इस दिन जो भी चीजें खरीदी जाती है, उसमें तेरह गुणा वृद्धि होती है, इसलिए लोग धनतेरस के दिन वाहन से लेकर सोना-चांदी और बर्तन खरीदते हैं। आजकल बढ़ती महंगाई की वजह से सोना चांदी या फिर वाहन खरीद पाना हर किसी के लिए संभव नहीं है। लेकिन सोने-चांदी के अलावा भी कुछ ऐसी चीजें हैं, जो मां लक्ष्मी को बेहद प्रिय हैं। इन्हें आप धनतेरस के दिन खरीद सकते हैं।

धनतेरस के दिन खरीदें झाड़ू
हिंदू धर्म में झाड़ू का संबंध मां लक्ष्मी से माना से माना जाता है, इसलिए धनतेरस के दिन घर में नई झाड़ू लाना भी अच्छा माना जाता है। इस धन तेरस यदि आप सोना चांदी नहीं खरीद पा रहे हैं तो झाड़ू जरूर खरीद कर लाएं।

पीतल के बर्तन
धनतेरस के दिन पीतल धातु खरीदना बहुत ही शुभ माना जाता है। इससे आपके घर में सुख-समृद्धि आती है। कहा जाता है कि जब समुद्र मंथन से धन्वंतरि देव प्रकट हुए थे, तो उनके हाथों में अमृत कलश था। धार्मिक मान्यता है कि ये कलश पीतल की धातु का था, इसलिए पीतल धन्वंतरि देव की धातु मानी गई है।

गोमती चक्र
कहा जाता है कि गोमती चक्र मां लक्ष्मी को प्रिय है। धनतेरस के दिन खरीदकर घर लाएं और शाम को मां लक्ष्मी की पूजा करते समय गोमती चक्र की भी पूजा करें। इसके बाद इन्हें धन स्थान पर रख दें। मान्यता है कि इससे आपका धन स्थान हमेशा रूपये-पैसों से भरा रहता है।

साबुत धनिया
धनतेरस के दिन धनिया खरीदना बेहद बहुत शुभ माना जाता है। धनतेरस के दिन साबुत धनिया लाकर मां लक्ष्मी को अर्पित करें। फिर बाद में इसे अपने घर के बगीचे, खेत या फिर गमलें में बो दें। माना जाता है कि इससे साल भर आपके घर में किसी प्रकार की कमी नहीं होगी।
 

दिवाली से पहल ज़रूर करें ये काम, घर में होगा देवी लक्ष्मी का निवास

0

13 अक्टूबर को करवाचौथ का पर्व मनाया जाएगा। जिसके ठीक 20 दिन बाद यानि कार्तिक मास की अमावस्या के दिन दिवाली का पर्व माना जाता है।

हिंदू धर्म में इस दिन का बहुत महत्व है। धार्मिक मान्यताओं व किंवदंतियों के अनुसरा इस दिन का संबंध मर्यादा पुरुषोत्तम श्री राम से जुड़ा हुआ है। रामायण में किए अनुसार कार्तिक मास के कृष्ण पक्ष की अमावस्या तिथि के दिन अपने 14 वर्ष के वनवास को पूरा करके अयोध्या वापिस लौटे थे। जिसके उपलक्ष्य में सारी अयोध्या वासियों ने दीप माला की थी, जिसे दिवाली के रूप में मनाया जाने लगा। अन्य मान्यताओं के अनुसार इस दिन को दीपउत्सव के नाम से भी जाना जाता है। माना जाता है कि दिवाली का त्यौहार अंधकार पर प्रकाश की विजय को दर्शाता है। ज्योतिष शास्त्र के अनुसार इस दिन मां लक्ष्मी के साथ-साथ सर्वप्रथम देव गणेश जी की आराधना करने की परंपरा है। विभिन्न धार्मिक ग्रंथों के इस दिन पूजन के अलावा कई तरह के उपाय आदि किए जाते हैं।

बताया जाता है कि दिवाली से पहले भी कुछ काम करने आवश्यक होता है। आज हम आपको इन्हीं कामों के बारे में बताना चाहते हैं। ऐसा मान्यता है कि दिवाली के दिन मां लक्ष्मी भक्तों के घरों में विचरण करती हैं और उन पर आशीर्वाद करती हैं। जिस घर में अत्यंत साफ-सफाई होती है व लक्ष्मी मां से जुड़ी चीज़ें होती हैं वहां देवी लक्ष्मी निवास करती हैं। तो ऐसे में हर कोई ये जानने का इच्छुक होता है कि आखिर किन घरों में देवी लक्ष्मी निवास करती हैं। तो आइए जानते हैं कैसे घरों में देवी लक्ष्मी निवास करती हैं।

दिवाली से पहले कर लें ये काम
थोड़े से कच्चे दूध में शहद मिला लें। इसके दो हिस्से कर लें जिसमें एक हिस्सा घर के सदस्यों के स्नान के पानी में मिला दें जबकि इसके दूसरे हिस्से से घर के हर क्षेत्र को शुद्ध कर लें। ऐसा माना जाता है इस उपाय को करने से घर व परिवार के लोगों के जीवन में फैली नकारात्मक ऊर्जा दूर होती है तथा खासरूप से दिवाली के दिन घर में धन-समृद्धि आती है।
लक्ष्मी का घर में आगमन करवाने के लिए दिवाली से पहले घर की अच्छे से साफ-सफाई कर लेनी चाहिए। अक्सर देखा जाता है कि कुछ लोग दिवाली के दिन तक घरों की साफ सफाई में लगे रहते हैं लेकिन ऐसा नहीं होना चाहिए। इस बात का खास ध्यान रखें कि दिवाली से कुछ दिन पहले ही घर की साफ-सफाई का काम निपटा लें। क्योंकि धार्मिक मान्यताओं के अनुसार जो घर अव्यवस्थित होता है वहां मां लक्ष्मी कभी निवास नहीं करती।

जिस किसी घर के खिड़कियां, दरवाजे या फर्नीचर खराब हो या टूटा फूटा हो तो उसे टाइम से पहले ठीक करवा लेना चाहिए। कहा जाता है इससे घर में सकारात्मक ऊर्जा का निवास होता है। इसके साथ ही ये भी ध्यान रखना चाहिए कि दरवाजे के खोलते या बंद करते समय किसी प्रकार की आवाज नहीं आनी चाहिए।

लक्ष्मी मां को घर में स्थिर करने के लिए दिवाली से पहले देवी लक्ष्मी जी के पद् चिन्हों को घर के मुख्य दरवाजे पर लगाना चाहिए। मगर इस दौरान इस बात का ध्यान रखें कि पैरों के ये निशान घर के अंदर की तरफ होने चाहिए।
 

Join Whatsapp Group
Join Our Whatsapp Group