Home Blog Page 5050

चलती ट्रेन में महिला के साथ अभद्रता के मामले पर सतना में सियासत गरमाई, भाजयुमो ने फूंका विधायक का पुतला

0

सतना ।   चलती ट्रेन में महिला यात्री के साथ हुई छेड़छाड़ के मामले में प्रदेश भर में मची खलबली के बीच सतना में भी सियासत गरमा गई है। सतना और कोतमा के कांग्रेस विधायक के खिलाफ विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया है। भाजपा के युवा मोर्चा विधायक के खिलाफ सड़क पर उतर आया। रेवांचल एक्सप्रेस में सफर कर रही एक महिला द्वारा सतना विधायक और कोतमा विधायक पर अभद्रता का आरोप लगाया गया है, जिसके विरोध में सतना भाजपा के पदाधिकारी एवं युवा मोर्चा द्वारा जमकर विरोध प्रदर्शन किया गया। सतना के पन्नीलाल चौक में विधायक का पुतला दहन कर विरोध में नारे लगाए गए। साथ ही दोनों विधायकों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की गई है। रेवांचल एक्सप्रेस के ए-1 कोच में महिला यात्री सफर कर रही थी। उसी कोच में सतना विधायक सिद्धार्थ कुशवाहा एवं कोतमा विधायक सुनील सराफ भोपाल जा रहे थे। महिला यात्री ने दोनों कांग्रेसी विधायकों पर सफर के दौरान अभद्रता का आरोप लगाया है, जिसकी शिकायत भोपाल पुलिस एवं रेलवे पुलिस को महिला द्वारा की गई है, दोनों कांग्रेसी विधायकों पर महिला से अभद्रता का गंभीर आरोप लगाते हुए युवा मोर्चा भाजपा द्वारा प्रदर्शन किया गया और दोनों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की गई।

कांग्रेस विधायकों द्वारा ट्रेन में किया गया कृत्य के खिलाफ पुतला दहन किया गया है। यह कृत्य माफी योग्य नहीं है। इस पर जीआरपी को कड़ी कार्रवाई करना चाहिए। इसके अलावा कांग्रेस पार्टी के आलाकमान को भी दोनों विधायकों के खिलाफ एक्शन लेना चाहिए।

-सौभाग्य केशरी, जिलाध्यक्ष, भाजयुमो

पीड़ित महिला को न्याय दिलाने की दिलाने के लिए बीजेपी कोई कसर नहीं छोड़ेगी। दोनों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई होनी ही चाहिए।

-नरेंद्र त्रिपाठी, जिलाध्यक्ष भाजपा

कांग्रेस के विधायकों द्वारा ट्रेन में महिला के साथ की गई छेड़खानी को लेकर महिला मोर्चा आवाज बुलंद करेगी और पीड़िता को न्याय दिलवाकर रहेगी।

-सीमा यादव, जिलाध्यक्ष, भाजपा महिला मोर्चा

भाजपा की यह सोची समझी साजिश है। सत्ता के लालच में चूर भाजपा किसी भी हद तक जा सकती है।

-दिलीप मिश्रा, जिलाध्यक्ष कांग्रेस

स्टार्टअप को बिना गारंटी 10 करोड़ तक का मिलेगा कर्ज

0

देश में स्टार्टअप को बढ़ावा देने के लिए सरकार ने एक क्रेडिट गारंटी योजना को मंजूरी दी है। इसके तहत स्टार्टअप कंपनियों को बिना किसी गारंटी के 10 करोड़ रुपये तक का कर्ज मिल सकेगा।सरकार ने योजना को अधिसूचित कर दिया है।

उद्योग एवं आंतरिक व्यापार संवर्धन विभाग ने एक बयान में कहा कि 6 अक्तूबर या उसके बाद मंजूर किए गए कर्ज इस योजना के लिए पात्र होंगे। इस योजना के तहत स्टार्टअप की आर्थिक जरूरतों को पूरा करने को एक तय अवधि के लिए कर्ज उपलब्ध कराया जाएगा।कर्ज उन्हीं स्टार्टअप को मिलेगा,जो डीपीआईआईटी की अधिसूचना या समय-समय पर इसमें होने वाले बदलाव के मुताबिक स्टार्टअप की परिभाषा के दायरे में आएंगे। सरकार के इस कदम से देश की स्टार्टअप कंपनियों को पूंजी जुटाने में मदद मिलेगी। इस क्रेडिट सुविधा को किसी अन्य गारंटी योजना के तहत कवर नहीं किया जाएगा।

इस योजना के लिए भारत सरकार एक ट्रस्ट या फंड की स्थापना करेगी। यह ट्रस्ट ही कर्ज के लिए गारंटी देने का काम करेगा। इसका प्रबंधन नेशनल क्रेडिट गारंटी ट्रस्टी कंपनी के बोर्ड की ओर से किया जाएगा। ट्रस्ट की जिम्मेदारी स्टार्टअप को दिए गए कर्ज के डिफॉल्ट होने पर कर्ज देने वाले बैंक को भुगतान की गारंटी देना है। इसका उद्देश्य सही उधारकर्ताओं को दिए गए कर्ज में चूक की स्थिति में भुगतान की गारंटी देना है।वे स्टार्टअप इसके लिए पात्र होंगे,जो स्थिर राजस्व हासिल कर रहे हैं।

कर्ज पाने के लिए स्टार्टअप का पिछले 12 महीने के मासिक विवरण का ऑडिट होगा। साथ ही ऐसे स्टार्टअप को किसी भी कर्ज में डिफॉल्ट नहीं होना चाहिए। इसके अलावा, उस कंपनी को आरबीआई ने एनपीए की सूची में नहीं डाला हो। कर्ज के लिए एक मेंबर इंस्टीट्यूशन बनाया जाएगा। इसमें बैंक और वित्तीय संस्थान शामिल होंगे।

रीवा में 10वीं की तिमाही परीक्षा देने जा रही छात्रा के साथ दुष्कर्म, आरोपित गिरफ्तार

0

रीवा ।   रीवा जिले में पिछले दिन हुए गैंगरेप के मामले के बाद अब 10वीं कक्षा की छात्रा के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। स्कूल में आयोजित तिमाही की परीक्षा देने जा रही छात्रा के साथ एक युवक ने दुष्कर्म किया। पीड़िता की शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपित के ठिकानों पर दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया है। यह पूरी घटना रीवा जिले के मऊगंज थाना क्षेत्र की है, जहां कक्षा दसवीं में पढ़ने वाली एक छात्रा प्रतिदिन की तरह शुक्रवार को अपने स्कूल जा रही थी। इस दौरान उसके साथ उसकी दो छोटी बहनें भी थीं, जो आगे निकल गई थी। जैसे ही वह एक तालाब के किनारे पहुंची तो वहां मऊगंज के लटियार निवासी आरोपी शिवम केवट नाम का युवक उसे रास्ते में मिल गया। उसने पीड़िता व उसके घर वालों को जान से मारने की धमकी दी और जबरदस्ती उसे अपने साथ सुनसान स्थान में ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। इस बीच स्थानीय लोगों की नजर उस पर पड़ गई, जिन्होंने शोर मचाया जिसके बाद पकड़े जाने के डर से आरोपित मौके से फरार हो गया। विद्यालय में तिमाही परीक्षा चल रही थी, जिस पर पीड़िता स्कूल पहुंची और शिक्षकों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद स्कूल के शिक्षक उसे घर लेकर आए और स्वजनों को घटना की जानकारी दी। शुक्रवार की देर शाम परिजन उसे लेकर थाने पहुंचे और मामले की शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ प्रकरण पंजीबद्ध कर उसकी तलाश में उसके ठिकानों पर दबिश दी, आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

मोजे में छिपाकर रखे मोबाइल से अपहृत व्यक्ति ने बताई लोकेशन

0

बड़नगर ।   ग्वालियर निवासी व्यक्ति का चार बदमाशों ने इंदौर से अपहरण कर लिया था। पैर के मोजे में छिपाकर रखे मोबाइल से वाट्सएप पर मैसेज और लोकेशन भेजकर अपहृत व्यक्ति ने अपने परिचित को अपहरण होने की सूचना दी। परिचित ने इसके बाद पुलिस को खबर दी। पुलिस ने काजीपुरा क्षेत्र में स्थित एक खेत पर बने कमरे से अपहृत व्यक्ति को सकुशल अपहरणकर्ताओं के कब्जे से छुड़ाया और फिरौती मांगने वाले चार आरोपितों को गिरफ्तार किया। सब इंस्पेक्टर सुरेंद्र गरवाल ने बताया कि ग्वालियर निवासी प्रभात पुत्र रमेशचंद्र दुबे हाल मुकाम इंदौर सोलर प्लांट में कार्यरत है। वह इंदौर में ही रहने वाली अपनी बहन के यहां आया था। 5 अक्टूबर बुधवार की रात उसके पूर्व परिचित राजा तोमर ने फोन पर रेडिसन होटल के समीप मिलने का कहा। करीब एक घंटे के बाद बताए स्थान पर दोनों मिले। इस दौरान राजा और उसके तीन दोस्त भी साथ थे। बातचीत के कुछ देर बाद आरोपित प्रभात को जबरदस्ती कार में बैठाकर इधर-उधर घुमाते रहे तथा कुछ समय बाद इन लोगों ने छोड़ने के लिए तीन लाख रुपये की फिरौती मांगी। जब रुपये देने से प्रभात ने मना किया तो चारों ने उसके साथ मारपीट की और इंदौर से बड़नगर ले आए। बड़नगर में आरोपितों ने प्रभात को बंधक बनाकर काजीपुरा के समीप खेत पर बने एक कमरे में बंद कर दिया। उसका मोबाइल फोन भी छीन लिया। प्रभात ने अपना एक मोबाइल तो अपहरणकर्ताओं को दे दिया था, लेकिन दूसरा मोबाइल उसने मोजे में छिपाकर रखा था। अपहरणकर्ताओं के जाने पर उसने अपने मोबाइल से परिचित शिखा मेहरा को वाट्सएप पर मैसेज और लोकेशन भेजकर अपने अपहरण की सूचना दी। इसके बाद शिखा मेहरा ने हंड्रेड डायल पर सूचना दी। तत्पश्चात पुलिस ने लोकेशन के आधार पर बंद कमरे से प्रभात को सुरक्षित छुड़ाया और मौके पर मौजूद राजा और उसके एक साथी सचिन को पुलिस ने गिरफ्त में लिया। वहीं अन्य दो मौके से भाग निकले थे। उन्हें भी पुलिस ने बाद में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपित राजा पुत्र कृपालसिंह तोमर निवासी काजीपुरा बड़नगर, सचिन पुत्र जगदीश तोमर निवासी इंदौर, बादल पुत्र अखिलेश गांधी निवासी मोरवाल कालोनी बड़नगर और देवेंद्र पुत्र श्यामप्रकाश शर्मा मिर्ची बाजार बड़नगर को गिरफ्तार कर प्रकरण कायम किया है।

बड़ा खुलासा : mRNA वैक्सीन से बढ़ा हृदय रोग का खतरा, हो सकती है मौतें…

0

कोरोना की मैसेंजर राइबोज न्यूक्लिक एसिड (mRNA) वैक्सीन को लेकर चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। हालिया अध्ययन में सामने आया है कि mRNA से हृदय संबंधी मौत का खतरा ज्यादा बढ़ रहा है। फ्लोरिडा के सर्जन जनरल व स्टेट हेल्थ ऑफिसर डॉ. जोसेफ ए. लाडापो ने बताया, खास तौर पर mRNA वैक्सीन से 18 से 39 साल के पुरुषों में हृदय संबंधी मौत का खतरा ज्यादा है।

डॉ. जोसेफ ने ट्वीट किया, आज हम कोविड-19 mRNA वैक्सीन के विश्लेषण के बारे में बता रहे हैं, जिसके बारे में लोगों को जागरूक होना चाहिए। उन्होंने आगे कहा कि mRNA वैक्सीन के विश्लेषण में पाया गया कि टीकाकरण के 28 दिनों के भीतर 18-39 वर्ष के पुरुषों में हृदय संबंधी मृत्यु की घटनाओं में 84% की वृद्धि हुई है।

उन्होंने कहा कि मायोकार्डिटिस और पेरिकार्डिटिस जैसी पहले से मौजूद हृदय संबंधी स्थितियों वाले वाले लोगों को वैक्सीन लगवाते समय विशेष सावधानी बरतनी चाहिए। उन्होंने आगे कहा, किसी भी दवा या टीके की सुरक्षा और उसकी प्रभावकारिता का अध्ययन सार्वजनिक स्वास्थ्य का एक महत्वपूर्ण घटक है। mRNA वैक्सीन को लेकर सुरक्षा पर बहुत कम ध्यान दिया गया है और कई लोगों की चिंताओं को खारिज कर दिया गया है।

क्या है एमआरएनए
मैसेंजर आरएनए टेक्नोलॉजी है। इस तरह का आरएनए डीएनए का सीक्वेंस होता है। यह प्रोटीन बनाने के लिए ब्लूप्रिंट है। एमआरएनए वैक्सीन में एमआरएनए स्पाइक प्रोटीन की सीक्वेंस इनफॉर्मेशन ले जाता है। एमआरएनए लिपिड फॉर्म्यूलेशन से कवर होता है। इसी को शरीर में इंजेक्ट किया जाता है। शरीर की कोशिकाओं में यह स्पाइक प्रोटीन बनाता है। स्पाइक प्रोटीन कोरोना से लड़ने के लिए एंटीबॉडी बनाता है।

भारत में कौन सी mRNA वैक्सीन
भारत में पुणे स्थित जेनोवा बायो फार्मास्युटिकल कंपनी की mRNA वैक्सीन GEMCOVAC-19 के आपात इस्तेलाम की मंजूरी दी गई है। एमआरएनए वैक्सीन 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के लोगों को लगाई जा सकती है। खास बात यह है कि वैक्सीन 2 से 8 डिग्री सेल्सियस पर स्थिर रहती है। इसकी एक वायल में पांच डोज है, जो इंट्रामस्कुलर इंजेक्शन के जरिये शरीर में लगाई जाती जाएंगी। पहली डोज के 28 दिन के अंतराल के बाद दूसरी डोज लगेगी।

अग्निवीर भर्ती रैली: ग्वालियर के युवकों की दौड़ शुरू, सुबह 4 बजे से मैदान पर डटे अभ्यर्थी

0

ग्वालियर ।   लंबे समय से सेना भर्ती का इंतजार कर रहे ग्वालियर के युवकों का इंतजार आखिर आज खत्म ही हो गया। सागर के इंदिरा गांधी सागर इंजीनियरिंग कॉलेज में शनिवार को भर्ती शुरू हुई। अभ्यर्थी सुबह 4 बजे से मैदान में डटे थे, इसके बाद इनकी दस्तावेजों की जांच की गई और शारीरिक प्रवीणता परीक्षा के अलग-अलग चरण शुरू हुए। बारिश के चलते शनिवार को भी सुबह नए मैदान की जगह अभ्यर्थियों को सड़क पर दौड़ लगवाई गई। परीक्षा में शामिल होने के बाद जो अभ्यर्थी चयनित नहीं हो पाए उनकी वापसी भी शुरू हो गई है। दरअसल दो साल से सेना की भर्ती नहीं निकली थी। इसके चलते ग्वालियर के युवकों को सेना भर्ती का बेसब्री से इंतजार था। सेना भर्ती में अग्निपथ स्कीम लागू होने के बाद यह अभ्यर्थी अग्निवीर बनने के लिए मैदान में दौड़ेंगे। शुक्रवार से भर्ती रैली शुरू हुई है। जिसके पहले दिन श्योपुर और सागर के अभ्यर्थियों ने परीक्षा में भाग लिया। ग्वालियर और निवाड़ी के अभ्यर्थी शामिल हो रहे हैं। इसमें सिर्फ ग्वालियर के रहने वाले करीब साढ़े पांच हजार युवक शामिल हैं। गुरुवार को ही ग्वालियर के युवक वहां पहुंचना शुरू हो गया था। शुक्रवार रात से वेरिफिकेशन शुरू हो गया। लेकिन बारिश के चलते परीक्षा सुबह ही शुरू हो सकी। इसके चलते अभ्यर्थियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। यहां बता दें कि ग्वालियर के अभ्यर्थियों को सागर तक ले जाने के लिए शासन द्वारा बसों का इंतजाम किया गया था लेकिन बसों का किराया अधिक होने की वजह से अभ्यर्थी बसों से न जाकर ट्रेनों से ही रवाना हुए। जिसके चलते ट्रेनों में जमकर भीड़ रही। स्टेशन और ट्रेनों में हंगामा भी हुआ। अग्निवीर भर्ती को देखते हुए रेलवे सुरक्षा बलों को भी अतिरिक्त इंतजाम करने पड़े। क्योंकि अनियंत्रित युवा हंगामा करते हैं और रेलवे को नुकसान उठाना पड़ता है।

रायसेन में बीमार बछड़े की मौत, लंपी प्रकोप की आशंका

0

रायसेन ।  जिले के सांचेत कस्बे में शनिवार को सुबह पशुपालक अशोक साहू के घर पर बछड़ा की मौत हो गई है। ग्रामीणों को आशंका है कि बछड़ा की मौत का कारण लंपी वायरस का प्रकोप है। ग्रामीणों ने कस्बा सांचेत सहित जिले भर में मवेशियों को लंपी वायरस रोधी टीका लगाने की मांग की है। ग्राम के पूर्व जनपद सदस्य जगदीश लोधी का कहना है कि पशुपालक अशोक साहू कुछ दिनों पहले गाय व बछड़ा को अन्य स्थान से लेकर आये हैं। बछड़ा की खाल सूखने व कमजोर होने की बीमारी पिछले तीन-चार दिनों से दिखाई दे रही थी। पशु विभाग के लोगों ने कोई ध्यान नहीं दिया है।

जिले के अन्य ग्रामों में भी पशु बीमार

जिले की उदयपुरा तहसील के देवरी, टिमरावन, सतवास तथा कुछ अन्य ग्रामों में एक दर्जन मवेशियों की त्‍वचा शुष्‍क हो रही है और उमनें कमजोरी के भी लक्षण है। इससे ग्रामीणों को लंपी वायरस का प्रकोप फैलने आशंका सताने लगी है।

विभाग ने सैंपल लिए

जिला पशु चिकित्सा विभाग के सहायक संचालक डा. प्रमोद अग्रवाल का कहना है कि अभी कुछ मवेशियों के सैंपल जांच के लिए भोपाल भेजे गए हैं, जिनकी रिपोर्ट प्राप्त नहीं हुई है। इससे पहले स्थानीय स्तर पर की गई जांच में किसी को लंपी वायरस होना नहीं पाया गया। एहतियात के तौर पर मवेशियों को लंपी वायरस से बचाव के टीके लगाए जा रहे है। शासन से दस हजार टीका मिले हैं, जिनमे से सात हजार मवेशियों को लंपी वायरस रोधी टीका लगा दिए है। कस्बा सांचेत में मृत बछड़ा के बारे में उन्हें कोई जानकारी नहीं है। पशु चिकित्सा टीम को भेजकर जांच कराएंगे। अभी पशुओं में सूखा रोग के लक्षण मिल रहे हैं, जिसका दो-तीन दिन इलाज करने पर ठीक हो जाते हैं। पशु पालकों को ग्रामो में चौकीदारों के माध्यम से सूचना भिजवाई जा रही है कि बीमार मवेशियों का तुरंत उपचार कराएं। जिले में करीब छह लाख पशु हैं। इनमें तीन लाख गोवंशी व शेष भैंस व अन्य हैं।

स्कूल से पहले उफनती नदी ने ली परीक्षा, जान जोखिम में डाल पार की

0

रतलाम  ।   दशहरा अवकाश के बाद शुक्रवार से स्कूल भी खुले। रतलाम जिले के नामली के करीब गांव सिखेड़ी के विद्यार्थियों को परीक्षा देने जान जोखिम में डालकर नदी पार कर स्कूल जाना पड़ा। गुरुवार शाम से शुरू हुई वर्षा रात भर गिरने के बाद शुक्रवार सुबह तक जारी रही। रतलाम मुख्यालय से 28 किमी दूर नामली से आगे सिखेड़ी गांव के मार्ग पर गंगायता नदी की पुलिया के ऊपर पानी बह रहा था। यहां हाईस्कूल व हायर सेकंडरी स्कूल नहीं होने के कारण विद्यार्थियों को नामली जाना पड़ता है। शुक्रवार को परीक्षा देने के लिए विद्यार्थियों ने स्वजन व ग्रामीणों की मदद से उफनती नदी को पार किया। इसका वीडियो भी इंटरनेट मीडिया पर वायरल हुआ। ग्रामीणों ने क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि व अधिकारियों से पुलिया की ऊंचाई बढ़ाने की मांग की है।
 

भारत जोड़ो यात्रा में ढोल की थाप पर थिरके दिग्‍विजय, बोले- आप उतने उम्रदराज, जितना आप खुद को महसूस करते हैं

0

भोपाल ।   प्रदेश के पूर्व मुख्‍यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्‍ठ नेता दिग्‍विजय सिंह हाल ही में राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में शामिल हुए। राहुल गांधी की यह यात्रा इन दिनों कर्नाटक से होकर गुजर रही है। इस यात्रा के दौरान दिग्‍विजय सिंह का अलग ही अंदाज देखने को मिला। वह पदयात्रा करते वक्‍त एक जगह पर कांग्रेस नेताओं के साथ ढोल-मांदल की थाप पर खूब थिरके। इसका वीडियो इंटरनेट मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। इस संदर्भ में दिग्‍विजय ने ट्विटर पर प्रतिक्रिया देते हुए खुद को 75 साल का युवक बताया है। भारत जोड़ो यात्रा के दौरान नृत्‍य के इस वीडियो को साझा करते हुए दिग्विजय ने ट्विटर पर लिखा कि 'आखिर 75 साल का युवक मस्‍ती क्‍यों नहीं कर सकता! कल आपने 75 साल के सिद्धारमैया को राहुल जी के साथ दौड़ते देखा। आप उतने ही उम्रदराज या बुजुर्ग हैं, जितना आप महसूस करते हैं और अगर हमें लगता है कि हम युवा हैं तो क्यों नहीं?'

मौत को आवाज देती सेल्फी: सड़क पार कर रहे बाघ के साथ सेल्फी लेने पहुंचे युवक….

0

मध्यप्रदेश बाघों का घर कहा जाता है। यहां के छह टाइगर रिजर्व में 500 से ज्यादा बाघ है। प्रदेश के नेशनल पार्क से बाघों के रोमांचक वीडियो अक्सर सोशल मीडिया में वायरल होते रहते हैं। पर्यटकों में भी बाघों को देखने उनकी फोटोज लेने का एक अलग ही क्रेज देखने को मिलता है, लेकिन हाल ही में पन्ना टाइगर रिजर्व में कुछ युवका सेल्फी और बाघ की फोटो लेने के चक्कर में अपनी जान जोखिम में डालते दिखे।

मध्य प्रदेश से एक वीडियो सामने आया है जिसे देखकर लोगों को गुस्सा आ गया है! मामला ‘पन्ना टाइगर रिजर्व’ के पास पन्ना-छतरपुर मार्ग का है, जहां कुछ युवक अपनी जान जोखिम में डालकर टाइगर के साथ सेल्फी और उसके फोटो खींचते नजर आए। बता दें, यह वीडियो आईएफएस अधिकारी सुशांता नंदा ने शेयर किया। उन्होंने कैप्शन में लिखा- याद रखें कि अगर आप एक बड़े शिकारी (मांसाहारी) को देखते हैं, तो समझ जाइए कि वह चाहता था कि आप उसे देखें। वह नहीं चाहता कि कोई उसका पीछा करे। खतरा महसूस करते ही टाइगर आपको मौत के घाट उतार सकता है। कृपया इस तरह का अजीब व्यवहार ना करें।

Tigar...

इस वीडियो में हम देख सकते हैं कि एक टाइगर जंगल से निकलकर सड़क के दूसरी तरफ जा रहा है। कुछ लड़के बाघ को देख लेते हैं, जिसके बाद वह जेब से मोबाइल निकाल कर टाइगर को कैमरे में फिल्माने लगते हैं। इतना ही नहीं, कुछ तो उसके साथ सेल्फी लेने की भी कोशिश करते हैं। हालांकि, बाघ सभी को इग्नोर करता हुआ चुपचाप जंगल में चला जाता है। लेकिन नौजवानों की यह हरकत सोशल मीडिया यूजर्स को बिलकुल पंसद नहीं आई।

यूजर्स लगातार अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं। जैसे एक शख्स ने लिखा कि इन युवओं को सजा दी जानी चाहिए। दूसरे ने लिखा- गजब लोग हैं, शेर के साथ सेल्फी लेना चाहते हैं। वहीं अन्य ने लिखा कि भारत में अधिकतर मौतें मोबाइल फोटोग्राफी के कारण भी हो रही हैं। इसी तरह से तमाम यूजर्स ने इन युवाओं को बेवकूफ और कम अक्ल कह दिया।

पन्ना टाइगर रिजर्व में हैं 70 बाघ
वाइल्ड लाइफ के जानकारों के मुताबिक बाघ इंसानों पर कम ही हमले करता है, लेकिन जब भी वह खुद को असुरक्षित महसूस करता है तो अपने बचाव में हमला बोल देता है। इस तरह युवकों के सेल्फी लेने की होड़ से बाघ आक्रामक होकर उनपर हमला भी कर सकता था। बता दें कि पन्ना टाइगर रिजर्व में करीब 70 बाघ हैं जो कि जंगल के कोर और बफर क्षेत्र के अलावा अक्सर गांव की सीमा और सड़क पार करते देखे जाते हैं।

Join Whatsapp Group
Join Our Whatsapp Group