नई दिल्ली: चाइनामैन स्पिनर कुलदीप यादव को करीब से जानने वालों में पूर्व टेस्ट क्रिकेटर और उत्तर प्रदेश के पूर्व कप्तान मोहम्मद कैफ का नाम भी शामिल है। कुलदीप का जिक्र छिड़ते ही कैफ ने कहा कि वह एक भावुक इंसान हैं और इस वक्त एक मुश्किल दौर से गुजर रहे हैं। ऐसे में उन्हें कप्तान शुभमन गिल और कोच गौतम गंभीर के पूरे समर्थन की जरूरत है।
कलाई के स्पिनर को होता है कप्तान के साथ का भरोसा
मोहम्मद कैफ ने एक खास बातचीत में कहा कि कुलदीप के पास स्पिन गेंदबाजी की वह कला है जो बेहद दुर्लभ होती है। ऐसे गेंदबाजों को हमेशा कप्तान की बैकिंग की जरूरत होती है। कैफ के मुताबिक, कुलदीप श्रीलंका के खिलाफ सीरीज में तुरुप का इक्का साबित हो सकते हैं, बशर्ते उन्हें कप्तान गिल का पूरा साथ मिले। यह देखना वाकई अहम होगा कि कप्तान गिल और कोच गंभीर प्लेइंग इलेवन में नियमित जगह न मिलने से जूझ रहे कुलदीप का हौसला कैसे बढ़ाते हैं।
उन्होंने आगे कहा कि कलाई की स्पिन एक अद्भुत कला है। इतिहास गवाह है कि महान लेग स्पिनरों को भी हमेशा अपने कप्तान के साथ की जरूरत पड़ी है। चाहे वह शेन वॉर्न हों या अब्दुल कादिर, उन पर स्टीव वॉ और इमरान खान जैसे कप्तानों का पूरा हाथ रहा था। कुलदीप का गुगली और लेग स्पिन पर गजब का नियंत्रण है। भले ही उनका आईपीएल फॉर्म थोड़ा ऊपर-नीचे रहा हो, लेकिन उनका रिकॉर्ड शानदार रहा है, इसलिए उन्हें कप्तान और कोच के भरोसे की सख्त जरूरत है।
गंभीर का समर्थन और गिल की मुश्किलें
कैफ का मानना है कि कुलदीप को कोच गौतम गंभीर के समर्थन की भी बहुत जरूरत है। गंभीर अपने दौर में स्पिन गेंदबाजी के बहुत शानदार बल्लेबाज रहे हैं, और एक बेहतरीन स्पिनर को कोच बेहतर तरीके से गाइड कर सकता है।
इसके अलावा, लगातार मुख्य खिलाड़ियों के चोटिल होने पर कप्तान शुभमन गिल से सहानुभूति जताते हुए कैफ ने कहा कि गिल को लगातार फिट मैच विनर खिलाड़ी नहीं मिल सके हैं, और इसी वजह से उनका कप्तानी रिकॉर्ड विराट कोहली जैसा नहीं दिख रहा है।









