BJP के सेवा संकल्प अभियान पर कांग्रेस का पलटवार, आशीर्वाद के दीये पर भी सवाल

0
10

बालोद। जिला कांग्रेस कमेटी ने केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार के कार्यकाल को वादाखिलाफी और नाकामियों का दौर करार देते हुए भारतीय जनता पार्टी पर तीखा जुबानी हमला बोला है। राजीव भवन में आयोजित एक संयुक्त पत्रकार वार्ता के दौरान कांग्रेस नेताओं ने देश में बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और आर्थिक मंदी के मुद्दों पर केंद्र व राज्य सरकार को घेरा। इसके साथ ही प्रधानमंत्री के जन्मदिन को 'सेवा संकल्प दिवस' के रूप में मनाए जाने को जनता के साथ सरासर छलावा बताया।

'सेवा संकल्प' की जगह 'बेरोजगारी व वादाखिलाफी दिवस' मनाए भाजपा

जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष चंद्रेश हिरवानी ने कहा कि केंद्र सरकार का पूरा कार्यकाल केवल खोखले दावों और जुमलों तक सीमित होकर रह गया है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि भाजपा को इस दिन को सेवा संकल्प के बजाय 'बेरोजगारी दिवस', 'महंगाई दिवस' और 'किसान धोखा दिवस' के रूप में मनाना चाहिए।

नोटबंदी, जीएसटी और पेपर लीक से चरमराई व्यवस्था

कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने आरोप लगाया कि प्रतिवर्ष दो करोड़ युवाओं को रोजगार देने, किसानों की आय दोगुनी करने और महंगाई पर अंकुश लगाने के वादे पूरी तरह विफल साबित हुए हैं। उन्होंने कहा कि बिना पूर्व तैयारी के लागू की गई नोटबंदी और जटिल जीएसटी प्रणाली ने देश के छोटे व्यापारियों व एमएसएमई क्षेत्र की कमर तोड़ दी है। वहीं, लगातार हो रहे पेपर लीक प्रकरणों ने लाखों युवाओं के भविष्य को अंधकार में धकेल दिया है।

'मोदी की गारंटी' के नाम पर प्रदेश की जनता के साथ छलावा

संजारी बालोद से विधायक तथा प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष संगीता सिन्हा ने राज्य की भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि 'मोदी की गारंटी' के तहत किए गए प्रमुख वादों को ठंडे बस्ते में डाल दिया गया है। 500 रुपये में गैस सिलिंडर देना, एक लाख सरकारी नौकरियां निकालना, कर्मचारियों का नियमितीकरण, 400 यूनिट तक आधा बिजली बिल और विद्यार्थियों के लिए मुफ्त बस पास जैसे वादे अधर में लटके हैं। इसके अलावा महतारी वंदन योजना का लाभ भी कई पात्र महिलाओं को नहीं मिल पा रहा है और गौठानों को बंद कर दिया गया है।

'आशीर्वाद के दीया' अभियान पर सरकारी धन के उपयोग का मांगा हिसाब

विधायक संगीता सिन्हा ने बालोद जिला प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करते हुए पूछा कि 'आशीर्वाद के दीया अभियान' के लिए शासकीय विभागों को लक्ष्य क्यों दिया गया है? उन्होंने सवाल किया कि तेल, बाती और दीयों की खरीदारी के लिए खर्च की जा रही राशि किस मद से आ रही है? उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि जिला प्रशासन और विभागीय प्रमुख जनता के पैसे के इस खर्च का पाई-पाई का हिसाब तैयार रखें, क्योंकि भविष्य में इसका जवाब देना होगा।

प्रेसवार्ता में प्रमुख कांग्रेस नेताओं की उपस्थिति

इस प्रेसवार्ता में पूर्व जिलाध्यक्ष कृष्णा दुबे, महामंत्री धीरज उपाध्याय, शंभू साहू, शहर ब्लॉक अध्यक्ष अंचल प्रकाश साहू, बालोद ब्लॉक अध्यक्ष नरेंद्र सिन्हा, डौंडीलोहारा ब्लॉक अध्यक्ष राजकुमार प्रभाकर, विधायक प्रतिनिधि कमलेश श्रीवास्तव, पार्षद सुमित शर्मा, संतोष तारम और रमेश कड़ू सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।