कैमूर घाटी में बड़ा हादसा टला, बारिश से धंसी सड़क… प्रशासन ने सील किया रास्ता

0
6

मऊगंज: जिले की सीमा से सटी कैमूर घाटी में कुदरत का कहर देखने को मिल रहा है। लगातार जारी मूसलाधार बारिश के चलते पहाड़ी सड़क का एक बड़ा हिस्सा भरभराकर सैकड़ों फीट गहरी खाई में समा गया है। सड़क के नीचे फैला मौत का गड्ढा और ऊपर से दरकती चट्टानें कभी भी बड़ी तबाही का सबब बन सकती हैं। इसी खौफनाक स्थिति के बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया है, जिसमें कुछ मासूम बच्चे इस धंसी हुई खतरनाक सड़क के बिल्कुल मुहाने पर खड़े दिखाई दे रहे हैं। इस खौफनाक मंजर ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया है।

पानी के तेज बहाव और भूस्खलन के कारण पहाड़ी की नींव कमजोर हो गई, जिससे पक्की सड़क का बड़ा टुकड़ा अचानक ताश के पत्तों की तरह ढह गया। जिस जगह से गाड़ियों का आवागमन होता था, वहां अब केवल डरावना सन्नाटा और गहरी खाई नजर आ रही है। भू-वैज्ञानिकों और विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि पहाड़ी की मिट्टी बेहद ढीली हो चुकी है, जिससे कभी भी दोबारा बड़ा लैंडस्लाइड हो सकता है।

वायरल वीडियो में बच्चों को मौत के इतने करीब देखकर हर किसी की सांसें अटक गईं। जरा सी चूक या पांव फिसलते ही कोई भी बड़ा हादसा हो सकता था। इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं कि खतरनाक घोषित क्षेत्र में बच्चे आखिर पहुंचे कैसे।

मामला तूल पकड़ते ही प्रशासनिक अमला तुरंत एक्शन मोड में आया और पूरे रास्ते को बेरिकेड्स लगाकर सील कर दिया गया। फिलहाल पुलिस बल वहां मुस्तैद है और लोगों की आवाजाही पूरी तरह रोक दी गई है। हालांकि, स्थानीय ग्रामीणों में इस बात को लेकर बेहद गुस्सा और डर है कि प्रशासन हादसों का इंतजार करता है। लोगों का कहना है कि सिर्फ रास्ते पर झंडियां और बेरिकेड्स लगाना काफी नहीं है, जब तक कि सड़क की मजबूत मरम्मत नहीं हो जाती, तब तक आसपास के गांवों पर खतरा मंडराता रहेगा।