इंदौर| आगामी 12 सितंबर को इंदौर में प्रस्तावित राहुल गांधी के 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। हालांकि, आयोजन स्थल के रूप में तय किए गए नेहरू स्टेडियम की आधिकारिक अनुमति को लेकर अब भी गतिरोध बना हुआ है। इस बीच, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने मुख्यमंत्री मोहन यादव और नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय से पत्राचार कर स्टेडियम तुरंत उपलब्ध कराने की मांग की है।
भाजपा का कांग्रेस पर पलटवार, राजनीति का लगाया आरोप
दूसरी ओर, भारतीय जनता पार्टी ने राहुल गांधी के इस आयोजन पर निशाना साधा है। भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के इंदौर महानगर अध्यक्ष सौगात मिश्रा ने पत्र जारी कर कहा कि कांग्रेस छात्रों के संवेदनशील मुद्दों पर विशुद्ध रूप से राजनीति करने का प्रयास कर रही है। इसके साथ ही उन्होंने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष की बयानबाजी और भाषा पर भी आपत्ति जताई है।
जीतू पटवारी ने सोशल मीडिया के माध्यम से उठाई मांग
जीतू पटवारी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर मुख्यमंत्री और नगरीय प्रशासन मंत्री को टैग करते हुए लिखा कि यह आयोजन किसी राजनीतिक दल का प्रचार नहीं, बल्कि युवाओं के भविष्य और शिक्षा के अधिकार से जुड़ा संवाद है। उन्होंने आग्रह किया कि नियमों की आड़ में बहस करने के बजाय सरकार विषय की राष्ट्रीय गंभीरता को समझे और कार्यक्रम हेतु नेहरू स्टेडियम को तत्काल आवंटित करे।
स्थल की अनुमति न मिलने पर बदला जा सकता है वेन्यू
आयोजन समिति ने कार्यक्रम की पूरी रूपरेखा तैयार कर ली है, लेकिन स्टेडियम की अनुमति का मामला फिलहाल अटका हुआ है। यदि शासन-प्रशासन की ओर से अंतिम समय तक नेहरू स्टेडियम की मंजूरी नहीं मिलती है, तो कांग्रेस को इस बड़े आयोजन के लिए किसी वैकल्पिक स्थान का चयन करना पड़ सकता है।









