जयपुर| राजस्थान की राजधानी जयपुर में एक ही परिवार के चार सदस्यों की नृशंस हत्या से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। आरोप है कि एक सिरफिरे व्यक्ति ने अपनी सोती हुई पत्नी और तीन मुछैल बेटियों के सिर पर भारी पत्थर से वार कर उन्हें मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने एक ही कमरे से चारों के शव बरामद किए हैं। मृतकाओं में आरोपी की पत्नी और 17 से 24 वर्ष की तीन बेटियां शामिल हैं। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी राहुल झा मौके से फरार हो गया।
घटनास्थल पर पहुंची पुलिस, साक्ष्य जुटाकर आरोपी की तलाश में दी जा रही दबिश
सामूहिक हत्याकांड की सूचना मिलते ही पुलिस की वरिष्ठ टीम तुरंत मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को सील कर जांच शुरू कर दी। एफएसएल की टीम की मौजूदगी में शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया है। आरोपी की त्वरित गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। एक ही घर में चार मौतों के बाद स्थानीय नागरिकों में भारी दहशत व्याप्त है।
गृह कलेश की आशंका, सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों से कड़ियां जोड़ रही पुलिस
मौके पर पहुंचे डीसीपी वेस्ट प्रशांत किरण ने बताया कि यह सनसनीखेज घटना करधनी थाना क्षेत्र स्थित एक मकान की है, जहां सो रही मां और उसकी तीन बेटियों की निर्मम हत्या की गई। मृतकाओं के दादा के बयानों के आधार पर सुबह से गायब पिता पर ही हत्या का मुख्य संदेह है। पुलिस को मौके से खून से सने कपड़े मिले हैं। घर से कोई कीमती सामान चोरी न होने के कारण प्रथम दृष्टया मामला गंभीर पारिवारिक व घरेलू विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के जरिए मामले की जांच में जुटी है।









