बीजापुर। जिले में चलाए जा रहे माओवादी विरोधी अभियान के तहत फरसेगढ़ थाना क्षेत्र में पुलिस और सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। ग्राम बड़ेआलवाड़ा के समीप जंगल और पहाड़ी इलाके में सर्चिंग के दौरान माओवादियों द्वारा छिपाकर रखे गए हथियार, जिंदा कारतूस, भारी मात्रा में विस्फोटक और अन्य सामग्री बरामद की गई है।
संयुक्त टीम ने चलाया सर्चिंग अभियान
15 सितंबर 2026 को मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर बीजापुर एसपी के निर्देशन में थाना फरसेगढ़, डीआरजी और बीडीएस (बम निरोधक दस्ता) की संयुक्त टीम ने बड़ेआलवाड़ा के जंगलों में सर्च ऑपरेशन चलाया। सर्चिंग के दौरान पहाड़ियों में छिपाकर रखी गई संदिग्ध सामग्री मिली, जिसे बीडीएस टीम ने सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए डिमाइनिंग के बाद कब्जे में लिया।
भारी मात्रा में हथियार और जिलेटिन बरामद
सुरक्षा बलों ने मौके से 315 बोर का एक देशी कट्टा, 315 बोर के 49 जिंदा राउंड, 303 रायफल के 25 जिंदा राउंड और 12 बोर के 34 जिंदा कारतूस जब्त किए हैं। इसके अलावा 303 रायफल का बट प्लेट, बोल्ट, खाली मैगजीन और पार्ट्स भी मिले हैं।
विस्फोटक और वायरलेस सेट भी जब्त
कार्रवाई के दौरान करीब 8 किलोग्राम जिलेटिन, चार्जर सहित छह वॉक-टॉकी सेट, एक मेन पैक सेट, विभिन्न प्रकार के कॉपर व इलेक्ट्रॉनिक वायर, डेटोनेटर वायर, क्लच वायर, बैटरी, स्विच और अन्य विस्फोटक उपकरण बरामद किए गए हैं। पुलिस ने धारा 106 बीएनएसएस (BNSS) के तहत सामग्री को जब्त कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।









