लखनऊ : राजधानी लखनऊ से सिपाही भर्ती परीक्षा में शामिल होने के लिए रायबरेली जा रही दो महिला अभ्यर्थियों के साथ सोमवार की सुबह तड़के एक ऑटो चालक ने सुनसान इलाके में ले जाकर छेड़छाड़ की। जब युवतियों ने इसका कड़ा विरोध किया, तो आरोपी ने एक अभ्यर्थी के बाल पकड़कर उसके साथ बेरहमी से मारपीट की। शोर-शराबा सुनकर जब एक राहगीर उनकी मदद के लिए आगे बढ़ा, तो आरोपी मौका पाकर वहां से रफूचक्कर हो गया। जांच में सामने आया है कि आरोपी हसीब मूल रूप से हरदोई के कछौना इलाके का निवासी है।
इस गंभीर मामले को संज्ञान में लेते हुए पुलिस ने तुरंत केस दर्ज कर आरोपी की धरपकड़ के लिए जाल बिछाया। देर रात पुलिस को सटीक सूचना मिली कि आरोपी पारा थाना क्षेत्र के मुन्नूखेड़ा के पास छिपा हुआ है। घेराबंदी करने पहुंची पुलिस टीम पर आरोपी ने फायरिंग कर दी, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैर में गोली लग गई और वह घायल हो गया। उसे इलाज के लिए रानी लक्ष्मीबाई अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
शॉर्टकट का झांसा देकर सुनसान जगह ले गया चालक
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, दोनों पीड़ित अभ्यर्थी लखीमपुर खीरी से ट्रेन द्वारा चारबाग रेलवे स्टेशन पहुंची थीं। वहां से वे आलमबाग बस अड्डे जाने के लिए एक ऑटो में सवार हुईं। पीड़िताओं का आरोप है कि ऑटो चालक शॉर्टकट रास्ता बताने का बहाना बनाकर उन्हें पारा के डॉक्टरखेड़ा की तरफ ले गया। वहां सुनसान जगह देखकर उसने दोनों के साथ अश्लील हरकतें और छेड़छाड़ शुरू कर दी। युवतियों के चिल्लाने पर जब राहगीर वहां आने लगे, तो आरोपी अपना ऑटो लेकर फरार हो गया।
पुलिस ने रायबरेली केंद्र पहुंचाकर दिलाई परीक्षा
घटना की सूचना मिलते ही पारा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। डरी-सहमी युवतियों ने पुलिस को बताया कि इस हादसे की वजह से उनकी परीक्षा छूट जाएगी और वे रायबरेली नहीं पहुंच पाएंगी। इस पर संवेदनशीलता दिखाते हुए पुलिस टीम खुद सरकारी गाड़ी से दोनों अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र तक लेकर गई। परीक्षा संपन्न होने और वापस लौटने के बाद युवतियों ने पारा थाने में आरोपी ऑटो चालक के खिलाफ लिखित तहरीर देकर एफआईआर दर्ज कराई।
30 सीसीटीवी कैमरों की मदद से हुआ सुराग
वारदात को अंजाम देकर भागे आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस ने चारबाग, आलमबाग, मानकनगर और पारा क्षेत्रों में लगे करीब 30 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला। कड़ियों को जोड़ते हुए पुलिस ने आखिरकार आरोपी के ऑटो और उसकी पहचान को ट्रेस कर लिया।
देर रात मुन्नूखेड़ा के पास जब पुलिस ने चेकिंग के दौरान संदिग्ध ऑटो को रुकने का इशारा किया, तो आरोपी ने भागने की कोशिश की और पुलिस पर गोलियां चला दीं। आत्मरक्षार्थ की गई पुलिस फायरिंग में आरोपी के पैर में गोली लगी। पुलिस ने उसके कब्जे से एक तमंचा, कारतूस और खोखा बरामद किया है। कड़ाई से की गई पूछताछ में आरोपी हसीब ने कुबूल किया कि वह पुराना अपराधी है और साल 2024 में हरदोई के संडीला में एक युवती से दुष्कर्म के मामले में जेल भी जा चुका है।









