पुलिस की पैनी नजर: लोकेशन बदलकर सट्टा चला रहे बुकीज को पीलीबंगा पुलिस ने दबोचा

0
7

हनुमानगढ़ | पीलीबंगा पुलिस ने आईपीएल मैचों पर करोड़ों का दांव लगवाने वाले एक बड़े ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने कार से सट्टा संचालित कर रहे दो मास्टरमाइंड, पुनित कुमार और पंकज कुमार को गिरफ्तार किया है। आरोपी लगातार अपनी लोकेशन बदलकर पुलिस को चकमा दे रहे थे।

बड़ी मात्रा में नकदी और उपकरण बरामद

छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से 2.30 लाख रुपये नकद, 11 स्मार्टफोन, लैपटॉप और 19 अलग-अलग बैंकों के एटीएम कार्ड जब्त किए हैं। जांच में सामने आया कि ये लोग 'म्यूल अकाउंट्स' (दूसरों के बैंक खातों) का इस्तेमाल कर सट्टे के पैसों का लेनदेन छिपाते थे।

विदेशी नंबरों और व्हाट्सएप ग्रुप से कनेक्शन

पूछताछ में खुलासा हुआ है कि आरोपी करीब 5000 यूजर्स को सट्टा आईडी बेच चुके थे। उनके मोबाइल से कई व्हाट्सएप ग्रुप मिले हैं, जिनमें 50 से अधिक विदेशी नंबर जुड़े हुए हैं। रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपियों ने महज 18 दिनों के भीतर ही 45 लाख रुपये का अवैध लेनदेन किया है।

एजीटीएफ की मदद से कार्रवाई

एजीटीएफ और स्थानीय पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में इन सट्टेबाजों को रावतसर रोड के पास नहर पुलिया से दबोचा गया। आरोपियों के खिलाफ आईटी एक्ट और सट्टेबाजी की धाराओं में केस दर्ज किया गया है। फिलहाल पुलिस सट्टा रैकेट के अंतरराष्ट्रीय तारों और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है।