ऐतिहासिक उपलब्धि: PM मोदी ने तोड़ा नेहरू का रिकॉर्ड

0
6

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई वाली केंद्र सरकार ने देश के लोकतांत्रिक इतिहास में एक नया स्वर्णिम अध्याय जोड़ दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सफल नेतृत्व में सरकार के 12 साल पूरे होने के साथ ही उन्होंने एक अभूतपूर्व रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। वह देश के इतिहास में आजादी के बाद सबसे लंबे समय तक 'निर्वाचित' प्रधानमंत्री पद पर बने रहने वाले राजनेता बन गए हैं। इस मामले में उन्होंने देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू का दशकों पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया है। जहां पंडित नेहरू देश का पहला आम चुनाव जीतने के बाद बतौर निर्वाचित प्रधानमंत्री 4,398 दिनों तक इस पद पर रहे थे, वहीं नरेंद्र मोदी ने 10 जून को अपने कार्यकाल का 4,399वां दिन पूरा कर इतिहास रच दिया है। इस ऐतिहासिक अवसर पर भारतीय जनता पार्टी और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) देशव्यापी जश्न मना रहे हैं।

भारत मंडपम में एनडीए का महामंथन

इस अभूतपूर्व उपलब्धि के उपलक्ष्य में दिल्ली के प्रगति मैदान स्थित भव्य 'भारत मंडपम' में एनडीए की एक बेहद महत्वपूर्ण और हाई-प्रोफाइल बैठक आयोजित की जा रही है। इस बैठक में एनडीए के कुल 35 सहयोगी दलों के करीब 75 शीर्ष नेता शामिल हो रहे हैं। इस महामंथन में एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री और विभिन्न क्षेत्रीय पार्टियों के राष्ट्रीय अध्यक्ष हिस्सा ले रहे हैं। बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, जेपी नड्डा और शिवराज सिंह चौहान जैसे दिग्गज नेताओं के साथ-साथ गठबंधन के प्रमुख चेहरे जैसे आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू, नागालैंड के मुख्यमंत्री नेफ्यू रियो, टीडीपी के के. राम मोहन नायडू, जेडीयू के राजीव रंजन सिंह (ललन सिंह), और जेडीएस के एचडी कुमारस्वामी भी मौजूद हैं।

विकसित भारत और 'ईज ऑफ लिविंग' का रोडमैप

तीन घंटे तक चलने वाली इस उच्चस्तरीय बैठक में मुख्य रूप से आगामी राजनीतिक रणनीति, संगठनात्मक तालमेल और देश के विकास से जुड़े गंभीर मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। बैठक का मुख्य एजेंडा देश की जनता के लिए 'ईज ऑफ लिविंग' (सुगम जीवन) को बढ़ाना और 'ईज ऑफ डूइंड बिजनेस' (व्यापार में सुगमता) को और अधिक मजबूत करना है। इसके साथ ही, साल 2047 तक भारत को एक पूर्ण विकसित राष्ट्र बनाने के प्रधानमंत्री मोदी के विजन को लेकर एक विस्तृत रोडमैप तैयार किया जा रहा है। बैठक के दौरान खासतौर पर उन राज्यों में चल रहे बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स और जन-कल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा की जाएगी जहां 'डबल इंजन' की सरकारें हैं, ताकि विकास कार्यों में और तेजी लाई जा सके।

प्रधानमंत्री के सम्मान में विशेष बधाई प्रस्ताव

हाल ही में हुई केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में प्रधानमंत्री मोदी ने अपने मंत्रियों को स्पष्ट निर्देश दिया था कि भले ही सरकार 2014 से काम कर रही है, लेकिन हमारा पूरा ध्यान भविष्य के लक्ष्यों और जनता की भलाई पर केंद्रित होना चाहिए। इसी विजन को आगे बढ़ाते हुए इस बैठक में आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्षों के बेमिसाल कार्यकाल और ऐतिहासिक उपलब्धियों की सराहना करते हुए एक विशेष अभिनंदन व बधाई प्रस्ताव पेश करेंगे। इस प्रस्ताव का समर्थन नागालैंड के मुख्यमंत्री नेफ्यू रियो द्वारा किया जाएगा। एनडीए के तमाम घटक दलों द्वारा इस ऐतिहासिक प्रस्ताव को सर्वसम्मति से पारित किए जाने के बाद, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खुद सभी नेताओं को संबोधित करेंगे और सरकार के आगामी भविष्य की दिशा तय करेंगे।