दिल्ली और नागपुर में हल्दीराम ब्रांड नेम का इस्तेमाल कर अलग-अलग कारोबार चलाने वाले तीन भाइयों ने अपने स्नैक्स बिजनेस के कारोबार संचालन को मर्ज करने का फैसला लिया है।शुक्रवार को एक रिपोर्ट में कहा गया है कि बीकाजी को शेयर बाजार में अच्छी शुरुआत मिलने के बाद एक और स्नैक्स ब्रांड इक्विटी मार्केट में दस्तक देने की तैयारी में जुट गया है।इस विलय का लक्ष्य एकीकृत और मजबूत हल्दीराम ब्रांड नेम बनाना है। इस कवायद की जानकारी रखने वाले लोगों के अनुसार, यह विलय अगले 18 महीनों में शेयर बााजर में प्रारंभिक सार्वजनिक पेशकश (आईपीओ) लाने की योजना का हिस्सा है।हल्दीराम की शुरुआत 1930 के दशक में शुरू हुई जब गंगाबिशन अग्रवाल ने अपनी स्नैक्स कंपनी की स्थापना की थी। छह दशक बाद उनके पोते शिव रतन अग्रवाल 1993 में बीकाजी नामक अपना ब्रांड शुरू करने के लिए अलग हुए।
Tata Group की कंपनी JLR दे रही है नौकरी का मौका…
दुनिया में बड़े स्तर पर टेक कंपनियों की ओर से छंटनी के बाद, टाटा मोटर्स की सहायक कंपनी जगुआर-लैंड रोवर (JLR) ने शुक्रवार को वैश्विक स्तर पर 800 लोगों को नौकरी देने का फैसला किया है। कंपनी ओर से बताया गया कि ये नौकरियां डिजिटल और इंजीनियरिंग के क्षेत्र में यूके, आयरलैंड, यूएसए, इंडिया, चीन और हंगरी जैसे देशों में होंगी।
जेएलआर ऐसे कर्मचारियों को अपने यहां नौकरी देनी चाहती है, जो डिजिटल टेक्नोलॉजी में स्किल्ड हो और कंपनी को डिजिटल और डाटा- ड्रिवन संस्था बनने में मदद करें।
JLR ने जारी की प्रेस रिलीज
कंपनी की ओर से जारी प्रेस रिलीज में कहा गया कि टेक्नोलॉजी कंपनियों के द्वारा बड़े स्तर पर नौकरियों में छंटनी के बाद, जेएलआर ने टेक इंडस्ट्री के निकाले गए कर्मचारियों के लिए नया जॉब पोर्टल खोलने का फैसला किया है, जहां वे अपने लिए नए अवसरों की तलाश कर सकते हैं, जो हाइब्रिड वर्किंग पैटर्न को ऑफर करता है।जेएलआर ने आगे बताया कि इस ग्लोबल हायरिंग नौकरियां ऑटोनॉमस ड्राइविंग, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, इलेक्ट्रिफिकेशन, क्लाउड सॉफ्टवेयर, डेटा साइंस, मशीन लर्निंग और अन्य भूमिकाओं के लिए उपलब्ध होगी।
जेएलआर के मुख्य सूचना अधिकारी एंथोनी बैटल ने कहा कि हम अपने डेटा और डिजिटल स्किल बेस को मजबूत कर रहे हैं, ताकि हम अपनी Reimagine रणनीति को पूरा कर सकें और 2025 से इलेक्ट्रिक-फर्स्ट बिजनेस बन सकें और 2039 तक कार्बन नेट जीरो हासिल कर सकें।
IPL 2023 में तहलका मचाने लौट रहे गेंदबाज जोफ्रा आर्चर..
IPL दुनिया भर में पंसद किया जाने वाला लोकप्रिय लीग बन चुका है। आइपीएल के इतिहास में दो सबसे सफल फ्रेंचाइजी रही हैं। एक मुंबई इंडियंस और दूसरी चेन्नई सुपर किंग्स। मुंबई ने रोहित शर्मा की कप्तानी में 5 बार आईपीएल का खिताब जीता है। वहीं चेन्नई सुपर किंग्स ने धोनी की कप्तानी में चार बार आइपीएल का टाइटल जीता है। यहां खेलकर कई स्टार क्रिकेटर्स ने अपना करियर बनाया है।क्रिकबज के अनुसार IPL 2023 सीजन के लिए मुंबई इंडियंस में एक स्टार खिलाड़ी की वापसी हो सकती है। फिलहाल यह खिलाड़ी चोटिल चल रहा है। इंग्लैंड के स्टार तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर अपनी चोट से काफी तेजी से रिकवर कर रहे हैं।
क्रिकबज की रिपोर्ट के मुताबिक जोफ्रा आर्चर आइपीएल के 16वें सीजन के लिए मुंबई इंडियंस टीम में वापसी कर सकते हैं। जोफ्रा आर्चर इस समय इंग्लैंड लायंस टीम के साथ संयुक्त अरब अमीरात में अपने रिहैबिलेटशन पर काम कर रहे हैं।गौरतलब हो कि मुंबई इंडियंस ने इंग्लैंड के इस घातक गेंदबाज को 8 करोड़ रुपये में खरीदा था। तब वह फिट नहीं थे, लेकिन टीम ने जोफ्रा को बनाए रखा। इस बार भी मुंबई ने जोफ्रा आर्चर को रिलीज नहीं किया है। यानी वह अब भी टीम में बने हुए हैं।बता दें कि मुंबई इंडियंस में जसप्रीत बुमराह पहले से ही मौजूद हैं। ऐसे में जोफ्रा आर्चर उनके बॉलिंग पार्टनर बन सकते हैं। इन दोनों ही गेंदबाजों की घातक गेंदबाजी किसी भी टीम की बल्लेबाजी आक्रामण पर भारी पड़ सकती है।
Jon Lewis को इंग्लैंड महिला टीम के मुख्य कोच के रूप में नियुक्त किया गया..
इंग्लैंड के पूर्व क्रिकेटर जॉन लुईस को इंग्लैंड महिला टीम का मुख्य कोच नियुक्त किया गया है। शुक्रवार को इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड ने यह घोषणा की। लुईस 2021 से ईसीबी के एलीट पेस बॉलिंग कोच हैं, जो इंग्लैंड की मेन्स टेस्ट और व्हाइट-बॉल टीमों के साथ काम कर रहे हैं। ईसीबी के एक बयान के अनुसार, वह पहले ससेक्स सीसीसी में कोचिंग स्टाफ से ईसीबी में शामिल होने के बाद, युवा खिलाड़ियों के मुख्य कोच थे।लुईस ने ग्लॉस्टरशायर, सरे और ससेक्स के लिए 19 साल तक क्रिकेट खेला है। इस दौरान 1200 से अधिक विकेट लिए हैं। लुईस और उनकी नई टीम 29 नवंबर को वेस्टइंडीज के लिए रवाना होगी। कैरेबियाई दौरे के लिए इंग्लैंड की वनडे और टी20 टीम की घोषणा अगले हफ्ते की जाएगी। लुईस को मुख्य कोच बना जाने से पहले परामर्श किया गया था। बाद में चयन को अंतिम रूप दिया गया।
मनिका बत्रा ने Asian Cup Table Tennis सेमीफाइनल में किया प्रवेश…
देश की नंबर एक महिला टेबल टेनिस खिलाड़ी मनिका बत्रा ने इतिहास रचते हुए एशिया कप टेबल टेनिस के सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया। वह एक करोड़ 63 लाख रुपये की इनामी राशि वाले इस टूर्नामेंट के अंतिम चार में पहुंचने वाली पहली भारतीय महिला है। गैर वरीय विश्व नंबर 44 मनिका ने क्वार्टर फाइनल में ताईपे की विश्व नंबर 23 चेन जू यू को सात गेमों के संघर्ष में 6-11, 11-6, 11-5, 11-7, 8-11, 9-11, 11-9 से पराजित किया।
39 साल के टूर्नामेंट के इतिहास में 2015 में शरत कमल ने और 2019 में जी साथियान ने छठा स्थान हासिल किया था। टूर्नामेंट में एशिया के टॉप 16-16 पैडलर विश्व रैंकिंग और क्वालिफिकेशन के आधार पर खेलते हैं। मनिका ने जीत के बाद कहा कि चेन बड़ी खिलाड़ी हैं। उन्होंने हाल ही में विश्व चैंपियनशिप केदौरान टीम मुकाबलोंं के दौरान उन्हें हराया था, लेकिन इस बार उन्होंने उनके खिलाफ रणनीति बदली, जो काम आई। इस जीत से उनका मनोबल बढ़ा है, जो उनके अगले मुकाबले में काम आएगा।
इस जीत के साथ मनिका ने चेन के खिलाफ अपनी जीत-हार का रिकॉर्ड 2-4 कर लिया है। सेमीफाइनल में मनिका विश्व नंबर 5 और दूसरी वरीय जापान की मीमा ईतो के खिलाफ खेलेंगी। शरत और साथियन को हार के बावजूद एक लाख 83 हजार रुपये की ईनामी राशि मिलेगी।
41 साल बाद बालाघाट एनसीसी को मिला मौका, 15 कैडेट्स साइकिल से पहुंचेंगे भोपाल
बालाघाट । एनसीसी के 75वें स्थापना दिवस में भोपाल में मुख्य समारोह का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें पूरे मध्यप्रदेश से 15-15 एनसीसी कैडेट का चयन किया गया है, जो साइकिलिंग करते हुए भोपाल पहुंचेंगे। प्रदेश के पांच जिलों में बालाघाट एनसीसी का भी चयन किया गया है। जिन्हें स्थानीय एनसीसी कार्यालय से एसपी समीर सौरभ ने आज 19 नवंबर को हरीं झंडी दिखाकर रवाना किया है। इस अवसर पर उन्होंने एनसीसी कैडेट को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ये बालाघाट जिले के गौरव के पल है जब पूरे प्रदेश से बालाघाट जिले के सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों से एनसीसी के 15 कैडेट का चयन किया गया है। उन्होंने बताया कि ये पहला मौके पूरे 41 वर्षो के बाद मिला है। यह अवसर बालाघाट छठवीं मध्यप्रदेश एनसीसी द्वारा किए जा रहे कार्यो के लिए मिला है। उन्होंने बताया कि ये एनसीसी कैडेट साइकिलिंग करते हुए करीब 450 किलोमीटर की यात्रा पूर्ण कर भोपाल पहुंचेंगे जहां पर वे लोग एनसीसी के 75 वें स्थापना दिवस के कार्यक्रम में शामिल होकर बालाघाट का नाम इतिहास की लिस्ट में दर्ज करवाएंगे। उन्होंने बताया कि बालाघाट एनसीसी कार्यालय से शुरु हुई यह साइकिल यात्रा कटंगी, सिवनी, छिंदवाड़ा, तामिया, पिपरिया, होशगाबाद होते हुए भोपाल पहुंचेंगे। ये एनसीसी कैडेट प्रतिदिन करीब 75 किलोमीटर की दूरी तय करेंगे और इस दौरान मार्ग पर पड़ने वाले गांव, स्कूलों में ग्रामीणों व स्कूली छात्र-छात्राओं को स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण समेत अन्य सामाजिक कार्यो के लिए जागरुक करने के साथ ही एनसीसी के द्वारा किए जा रहे कार्यो की जानकारी प्रदान करेंगे।
रावण का अंत निश्चित है, हमारे पास दो-दो विभीषण बैठे : पी मुरलीधर राव
गुना ! भाजपा ने मप्र में आगामी दिनों में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर कार्ययोजना बनाना शुरू कर दी है। उधर, पार्टी के प्रदेश प्रभारी और राष्ट्रीय महासचिव मुरलीधर राव ने इसका आगाज गुना जिले से किया है। 25 घंटे तक वह गुना जिले में रुके। उन्होंने बीती रात 11 बजे तक बैठकों में पार्टी के नेताओं के साथ बैठकर रणनीति तैयार की। साथ ही उन्होंने मंच से पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री और पंचायत मंत्री की तरफ इशारा करते हुए कहा कि मेरे पास मंच पर दो-दो विभीषण बैठे हुए हैं। अब रावण का अंत होना निश्चित है। गौरतलब है कि गुना के प्रभारी मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर और प्रदेश के पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री महेंद्रसिंह सिसोदिया केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के समर्थक हैं और उन्हीं के साथ कांग्रेस छोड़कर भाजपा में आए हैं। पी मुरलीधर राव ने गुना जिले की सीमा में गुनाहगारों को स्थान न देने की बात कार्यकर्ताओं से कही। प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव ने बीते रोज सुबह बीनागंज, राघौगढ़ के बाद देर रात तक गुना शहर में पार्टी कार्यकर्ताओं प्रबुद्धजनों और स्वसहायता समूहों की बहनों के साथ बैठकों का आयोजन किया। उन्होंने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ता को कोई नहीं खरीद सकता है। हमारा कार्यकर्ता बूथ पर सैनिकों की तरह सेवा करता दिखाई देता है। साथ ही उन्होंने कहा कि कांग्रेस परिवारवाद पर आधारित पार्टी है। अब भाजपा में सभी विभीषण आ चुके हैं। ऐसे में रावण का अंत निश्चित है। उन्होंने राघौगढ़ और चांचौड़ा विधानसभा सीट पर जीतने को लेकर जोर दिया। उन्होंने कहा कि जिस तरीके से भोपाल में पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह को हराया था, उसी तरह से इस बार राघौगढ़ विधानसभा को जीतेंगे। अगर कार्यकर्ता ठान लें, तो फिर कोई हरा नहीं सकता है। निजी होटल में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश में इस बार के विधानसभा चुनाव में भाजपा 165 से अधिक सीट जीतेगी। सफल होने के लिए जहां हो, वहां नया प्रयोग करो। साथ ही पार्टी कार्यकर्ताओं को अनुशासन का भी पाठ पढ़ाया।
प्रभारी मंत्री ने हाथ जोड़कर मांगी माफी
प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव तक अब जिले के प्रभारी मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर और पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री महेंद्रसिंह सिसोदिया एक महीने में दो-दो रात राघौगढ़ में रुकेंगे। यह सुनकर प्रभारी मंत्री तोमर ने कहा कि वह अभी तक राघौगढ़ नहीं रुके, इसके लिए क्षमा चाहते हैं। आगामी दिनों में इस कार्ययोजना पर अमल किया जाएगा।
आपने सार्वजनिक कार्य किया है, तो अकेले में नहीं सार्वजनिक बात करो
नगरपालिका चुनाव में भाजपा को मात देने वाली सविता अरविंद गुप्ता एक निजी होटल में शुक्रवार की सुबह प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव से मिलने पार्षदों के साथ गई थी। इस दौरान अध्यक्ष पति अरविंद गुप्ता ने अपनी बात रखने के लिए अकेले में बात करने का अनुरोध किया। इस बात पर प्रदेश प्रभारी ने कहा कि आपने नपा अध्यक्ष पद के चुनाव में सब सार्वजनिक किया था, तो आज भी सार्वजनिक बात करो। साथ ही उन्होंने कहा कि आप पहले जिला प्रभारी और संभागीय प्रभारी के सामने पक्ष रखें। इस संबंध में मेरे सामने कोई पक्ष न रखें। उधर, नपा अध्यक्ष पद पर मेंडेड पर जिला उपाध्यक्ष की पत्नी चुनाव पार्टी में बगावत की वजह से हारी थी। उन्होंने भी बगावत करने वाले पार्षदों की शिकायत मुरलीधर राव से की।
FIFA WC: 92 साल के इतिहास में पहली बार छह एशियाई टीमें विश्वकप खेलेंगी..
फीफा विश्वकप में एशियाई देशों के सामने भागीदारी से ऊपर उठकर कुछ कर दिखाने की चुनौती होगी। यह पहली बार है जब छह एशियाई देश (कोरिया, जापान, सऊदी अरब, कतर, ऑस्ट्रेलिया (एशियाई परिसंघ में शामिल), ईरान) 32 टीमों के विश्वकप में शिरकत करने जा रहे हैं।
फीफा विश्वकप के 92 साल के इतिहास में एशियाई देशों का प्रदर्शन उल्लेखनीय नहीं रहा है। सिर्फ 13 देश ही विश्वकप में खेलें हैं। इनमें कोरिया 2002 में सेमीफाइनल में पहुंचा और उत्तर कोरिया 1966 के विश्वकप के क्वार्टर फाइनल में पहुंच सका है।
विश्वकप में एशियाई देशों का यही सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। 2002 और 2010 के दो ही ऐसे विश्वकप रहे हैं, जब दो एशियाई टीमों ने एक साथ दूसरे दौर में जगह बनाई।12 साल बाद एक से अधिक एशियाई टीमों के पास दूसरे दौर में जगह बनाने का मौका होगा।
जापान सर्वाधिक तीन बार पहले दौर से आगे बढ़ा
यह दूसरा मौका है जब फीफा ने विश्वकप की मेजबानी एशियाई देश को सौंपी है। इससे पहले 2002 में कोरिया और जापान ने मिलकर विश्वकप आयोजित किया था। कतर को मेजबान होने के नाते पहली बार विश्वकप में प्रवेश मिला है। कोरिया ऐसी एशियाई टीम है जो सर्वाधिक 10 बार विश्वकप में शिरकत करने जा रही है, लेकिन इस देश ने 2002 में सेमीफाइनल में जगह बनाई, जबकि 2010 में वह दूसरे दौर में पहुंची।
जापान सातवीं बार विश्वकप खेलने जा रही है, उसने 2002, 2010 और पिछले विश्वकप 2018 में दूसरे दौर में प्रवेश किया। ईरान का यह छठा विश्वकप है, लेकिन आज तक उसने दूसरे दौर में प्रवेश नहीं किया। सऊदी अरब का भी यह छठा विश्वकप है, लेकिन 1994 में प्रथम प्रवेश के बाद वह कभी दूसरे दौर में जगह नहीं बना पाया। फीफा के एशियाई परिसंघ में शामिल होने के बाद ऑस्ट्रेलिया का यह चौथा विश्वकप है, लेकिन पिछले तीन मौकों पर उसे पहले दौर में ही बाहर होना पड़ा। 2002 में ओसियाना से संबंधित होकर ऑस्टे्रलिया ने दूसरे दौर में जगह बनाई थी।
ओपनिंग डे पर Ajay Devgan की फिल्म ‘दृश्यम 2’ ने की ताबड़तोड़ कमाई…
अजय देवगन की फिल्म 'दृश्यम 2' आज सिनेमाघरों में पहुंच चुकी है। गौरतलब है कि यह फिल्म एक्टर की 2015 में आई फिल्म 'दृश्यम' की अगली कड़ी है। प्रशंसकों को इस फिल्म का बेसब्री से इंतजार था। आज जब फिल्म बड़े पर्दे पर आई तो दर्शकों ने दिल खोलकर इसका स्वागत किया है।अभिषेक पाठक द्वारा निर्देशित सस्पेंस-क्राइम ड्रामा 'दृश्यम 2' में अजय देवगन एक बार फिर विजय सालगांवकर का किरदार लेकर दर्शकों के बीच लौटे हैं। फिल्म में पुरानी स्टारकास्ट तब्बू, श्रिया सरन और इशिता दत्ता के अलावा फिल्म स्टार अक्षय खन्ना भी नजर आ रहे हैं।
ओपनिंग डे में 'दृश्यम 2' ने उम्मीद से बढ़कर कमाई की है। एडवांस टिकट बुकिंग को देखकर यह कयास तो पहले ही लगाए जा रहे थे कि यह फिल्म पहले दिन बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन करने वाली है। अब इसका कलेक्शन सामने भी आ गया है। शुरुआती मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक 'दृश्यम 2' ने पहले दिन भारत में 14 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक यह फिल्म करीब 50 करोड़ रुपये के बजट में बनकर तैयार हुई है। उस लिहाज से फिल्म का पहले दिन का कलेक्शन शानदार है। 'दृश्यम 2' की आज की कमाई को देखते हुए कहा जा सकता है कि आने वाले दोनों दिन यानी शनिवार और इतवार को कलेक्शन में और भी इजाफा होने वाला है।
ईटानगर में पीएम मोदी ने किया डोनी पोलो एयरपोर्ट का उद्घाटन
ईटानगर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को अरुणाचल प्रदेश और उत्तर प्रदेश के दौरे पर हैं। इसके बाद गुजरात जाएंगे, जहां तीन दिन में उनकी 8 चुनावी रैलियों को प्रोग्राम है। गुजरात में 1 दिसंबर और 5 दिसंबर को होने वाले मतदान के लिए भाजपा का चुनाव प्रचार चरम पर है। सबसे पहले पीएम मोदी अरुणाचल के ईटानगर पहुंचे, जहां पहले 'ग्रीनफील्ड' हवाई अड्डे का उद्घाटन किया। यहां से पीएम अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी जाएंगे। यहां एक महीना चलने वाले 'काशी तमिल संगम' का उद्गाटन करेंगे। इसके बाद अपने गृह राज्य गुजरात जाएंगे। अरुणाचल प्रदेश के ईटानगर में पीएम मोदी ने 'डोनी पोलो हवाई अड्डे' का उद्घाटन किया। ₹640 करोड़ की लागत से विकसित इस हवाई अड्डे का उद्देश्य कनेक्टिविटी को बढ़ावा देना और क्षेत्र में व्यापार और पर्यटन को बढ़ावा देना है। यह राज्य का पहला ग्रीनफील्ड हवाई अड्डा है। इस मौके पर पीएम मोदी ने कहा, मैं जब भी अरुणाचल आता हूं, एक नई उमंग, ऊर्जा और नया उत्साह लेकर जाता हूं। अरुणाचल के लोगों के चेहरे पर कभी भी उदासीनता और निराशा नहीं झलकती है, अनुशासन क्या होता है? ये यहां हर व्यक्ति और घर में नजर आता है। फरवरी 2019 में इस एयरपोर्ट का शिलान्यास हुआ था और ये सौभाग्य मुझे मिला था। हम ऐसा वर्क कल्चर लाए हैं, जिसका शिलान्यास हम करते हैं, उसका उद्घाटन भी हम करते हैं। अटकाना, लटकाना और भटकाना वह समय चला गया। आज देश में जो सरकार है, उसकी प्राथमिकता देश का विकास है, देश के लोगों का विकास है। साल में 365 दिन, चौबीसों घंटे, हम देश के विकास के लिए ही काम करते हैं।















