भोपाल । मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में अनेक महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक में मुख्यमंत्री अन्नदूत योजना को भी मंजूरी दी गई। बैठक के बाद गृहमंत्री डाक्टर नरोत्तम मिश्रा ने कैबिनेट बैठक में लिए गए निर्णयों की जानकारी मीडिया को दी। प्रदेश में फसल कटने के बाद अवशेष (नरवाई) को जलाने की प्रवृत्ति को रोकने के लिए सरकार किसानों को कृषि यंत्र खरीदने पर 50 प्रतिशत तक अनुदान देगी। लघु, सीमांत, महिला, अनुसूचित जाति-जनजाति वर्ग के किसानों को यंत्र की कीमत का 50 प्रतिशत तक अनुदान दिया जाएगा। अन्य श्रेणी के किसानों को 40 प्रतिशन अनुदान दिया जाएगा। कृषि विभाग द्वारा प्रस्तावित इस योजना पर अंतिम निर्णय कैबिनेट बैठक में लिया गया। प्रदेश में गेहूं, धान, सोयाबीन, चना सहित अन्य फसलों की कटाई हार्वेस्टर से होने के कारण खेत में नरवाई (पराली) छूट जाती है। किसान इसे साफ कराने के लिए अलग से मजदूर लगाने का व्यय बचाने के लिए आग लगा देते हैं। इससे प्रदूषण तो फैलता ही है, भूमि के पोषक तत्व भी प्रभावित होते हैं। इसका असर भूमि की उत्पादन क्षमता पर भी पड़ता है। प्रदेश सरकार उचित मूल्य की राशन दुकानों के माध्यम से सार्वजनिक वितरण प्रणाली का खाद्यान्न वितरित कराती है। नगरीय क्षेत्र की दुकानों को खाद्यान्न वितरण के लिए कमीशन प्रति क्विंटल 70 रुपये की जगह अब 90 रुपये दिया जाएगा। ग्रामीण क्षेत्र की उचित मूल्य की दुकानों को दो सौ से अधिक पात्र परिवार एवं पूर्णकालिक विक्रेता होने पर कमीशन दस हजार 500 रुपये दिया जाएगा। दो सौ कम पात्र परिवार एवं पूर्णकालिक विक्रेता होने पर छह हजार रुपये प्रतिमाह और अंशकालिक विक्रेता होने पर तीन हजार रुपये प्रतिमाह कमीशन दिया जाएगा। खाद्यान्न के परिवहन, हम्माली आदि व्यय के लिए 65 रुपये की 70 रुपये प्रति क्विंटल दिए जाएंगे।
मिनटों में तैयार करें हेल्दी और टेस्टी लौकी इडली…
लौकी से बनी इडली ना केवल स्वादिष्ट लगती है बल्कि सेहतमंद भी होती है। साथ ही सुबह की भागदौड़ में भी आप इसे फटाफट तैयार कर सकती हैं। कई बार बच्चे-बड़े लौकी खाना नहीं चाहते तो इस डिश की मदद से आप उनकी डाइट में लौकी को आसानी से शामिल कर सकेंगी।
सामग्री : एक कप सूजी, एक लौकी इसे कद्दूकस कर लें, आधा कप दही, नमक स्वादानुसार, आधा कप पानी, तेल, राई, उड़द की दाल एक चम्मच, लाल मिर्च।
विधि : लौकी की इडली बनाने के लिए सबसे पहले लौकी की छीलकर कद्दूकस कर लें। फिर इसे किनारे रख दें। अब किसी पैन में तेल गर्म करें। इसमे तेल गर्म करें। तेल गर्म होने के बाद इसमे राई डालकर चटकाएं। जब राई चटक जाए तो उड़द की दाल डालें। साथ में करी पत्ता और लाल मिर्च डालकर भूनें। इन मसालों में सूजी डालकर अच्छी तरह से भून लें। गैस बंद कर दें और पैन को उतार लें। सूजी जब ठंडी हो जाए तो इसे बाउल में पलट लें।फिर इसमे पानी और दही डालकर फेंटे। करीब 20 मिनट के लिए रख दें। बीस मिनट बाद दही और सूजी के घोल में कद्दूकस की हुई लौकी और हरी धनिया की पत्तियां मिला दें। नमक स्वादानुसार डालकर फेंट लें। बस इस घोल को इडली के सांचे में डालकर भाप में पका लें। तैयार है स्वादिष्ट लौकी की सेहतमंद इडली। ये नाश्ते के लिए बढ़िया डिश है। इसे आप हरी चटनी, नारियल की चटनी, मीठी चटनी के साथ परोसें। साथ में सांभर भी तैयार कर सकती हैं।
Recruitment 2022 : सीमा पुलिस में 10वीं पास युवाओं के लिए निकली भर्तियां, फिजिकल टेस्ट से होगा सिलेक्शन…
Recruitment 2022 : भारत तिब्बत सीमा पुलिस ने 287 पदों पर भर्ती निकाली है। जिसके लिए 10वीं पास उम्मीदवार आइटीबीपी की ऑफिशल वेबसाइट recruitment.itbpolice.nic.in पर जाकर 22 दिसंबर तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। इसके बाद फिजिकल टेस्ट और रिटन टेस्ट के आधार पर उम्मीदवारों का सिलेक्शन किया जाएगा।
दर्जी: 18 पद
माली: 16 पद
मोची: 31 पद
सफाई कर्मचारी: 78 पद
धोबी: 89 पद
नाई: 55 पद
योग्यता
भर्ती प्रक्रिया में आवेदन करने के लिए उम्मीदवार को किसी भी मान्यता प्राप्त बोर्ड से10वीं पास होना जरुरी है।
आयु सीमा
कांस्टेबल के 287 पदों पर होने जा रही भर्ती में दर्जी, माली और मोची के पद पर 18 से 23 साल तक की उम्र के उम्मीदवार आवेदन कर सकते है। वहीं सफाई कर्मचारी, धोबी और नाई के पदों के लिए 18 से 25 साल तक की उम्र के उम्मीदवार आवेदन कर सकते है। .
सिलेक्शन प्रोसेस
उम्मीदवारों का सिलेक्शन फिजिकल एफिशियंसी टेस्ट, फिजिकल स्टैंडर्ड टेस्ट, रिटन टेस्ट के साथ मेडिकल टेस्ट के आधार पर किया जाएगा।
सैलरी
भर्ती प्रक्रिया में सिलेक्ट होने पर उम्मीदवार को हर महीने 15,600 से लेकर 39,100 रुपए तक सैलरी दी जाएगी।
आवेदन शुल्क
उम्मीदवारों को 100 रुपये का भुगतान ऑनलाइन माध्यमों से करना होगा। हालांकि, एससी, एसटी, एक्स-सर्विसमेन और महिला उम्मीदवारों को आवेदन शुल्क में पूरी छूट दी गई है।
बिना हील्स पहने दिखें लंबा….
Heels हील्स आपके लुक को काफी हद तक बदल देता हैं। इन्हें पहनने के बाद कॉन्फिडेंस लेवल बढ़ जाता है। हालांकि जो लोग हील्स न पहनकर भी लंबा दिखना चाहते हैं, इन तरीकों को अपनाएं।लंबा दिखने के लिए हील्स पहनना जरूरी होता है। वहीं भले ही हील्स और स्टिलेट्टो आकर्षक और प्यारे लगते हों लेकिन यह बाद में बहुत दर्द और ऐंठन का कारण बनते हैं। ऐसे में अगर आप हील्स पहनना पसंद नहीं करती हैं तो आप अपने ड्रेसिंग स्टाइल में कुछ बदलाव करने के बाद लंबी दिख सकती हैं।
पहने इस तरह की पैंट
अगर आपकी लंबाई कम है और आप बिना हील्स के लंबा दिखना चाहती हैं तो स्ट्रेट फिट पैंट पहनें। इस तरह की पैंट्स आपकी मांसपेशियों को आराम देती हैं, इसी के साथ ये आपके ब्लड फ्लो को बेहतर बनाती हैं। स्ट्रेट पैंट टग इन प्लेन शर्ट के साथ अच्छी लगती हैं और ये शरीर को एक लंबा सिमेट्रिकल लुक पाने में मदद करती हैं।
हाई वेस्ट जींस
कॉलेज जाना हो या फिर डेट पर, अगर आप अपनी रोजाना की जींस के साथ हाइट की समस्या को लेकर असहज महसूस करती हैं, तो अपनी अलमारी को अपडेट करें। इसके लिए एक-दो हाई वेस्ट जींस खरीदें। हाई वेस्ट जींस पैरों को लंबा दिखाने में मदद करती हैं।
वर्टिकल स्ट्राइप ड्रेस
अक्सर फैशन शोज में मॉडल्स लॉन्ग और वर्टिकल स्ट्राइप ड्रेस, शर्ट और पैंट में नजर आती हैं। स्ट्राइप्स में हाइट की समस्या छुप जाती है और बिना हाई हील्स को पहने हुए भी आपकी लंबाई सही दिखती है।
स्किन टोन जूतों को चुनें
सही ड्रेस सही बेल्ट और सही जूते आपके लुक को खास बनाते हैं। अगर आप मिनी हेमलाइन के साथ एक आकर्षक ड्रेस को चनते हैं, तो आप अपनी अलमारी में स्किनटोन रंग के जूते को चुनें। इस रंग के जूतों को अपनी आउटफिट के साथ पहनने से आपके नियमित शेप को अच्छी हाइट मिलेगी।
हर आउटफिट पर जंचते हैं ये कलरफुल Sunglasses….
साड़ी हो या फिर लहंगा, हर आउटफिट पर जंचते हैं ये कलरफुल सनग्लासेस
सनग्लासेस आपकी आंखों को प्रोटेक्ट करने के साथ ही लुक को काफी हद तक आकर्षित बना देते हैं। डे वेडिंग में लुक को खास बनाने के लिए आप कुछ बेहद खूबसूरत सनग्लासेस को चुन सकते हैं। अगर आप एथनिक लुक कैरी करने के बाद ये सोचते हैं कि आखिर कौन-सा सनग्लास अच्छा लग रहा हैं तो यहां हम कुछ धूप के चश्मों के बारे में बता रहे हैं जिससे आपको उन्हें सिलेक्ट करना आसान हो जाएगा।
हर आउटफिट पर जंचते हैं पिंक शेड
ओवरसाइज्ड सन ग्लासेस एक क्लासिक लुक है जो किसी भी आउटफिट के साथ आकर्षित लगता है। गुलाबी रंग के शेड्स आपके एथनिक लुक को आकर्षक बनाने का काम करते हैं। इस तरह के शेड्स आपके स्टाइल को एक लेवल ऊपर बढ़ा देते हैं।
रेट्रो लुक को सूट करेगा रेड
लाल रंग के धूप के चश्मा आकर्षक होते हैं। किसी का ध्यान अपनी ओर खींचने के लिए इस तरह के शेड्स को लगाया जा सकता है। हलांकि, अगर आप पहले से ही लाल रंग के कपड़े पहने हुए हैं, तो ये थोड़ा सा फंकी लगेगा। वहीं अगर आप एक मोनोटोन लुक कैरी कर रहे हैं, तो ये बेहतरीन कॉन्ट्रास्ट टच के रूप में काम करेंगे।
खूब ट्रेंड में हैं पीले शेड्स
इन दिनों पीला रंग काफी ट्रेंड में रहा है। स्क्वेयर शेप में आने वाला ये धूप का चश्मा एक क्लासिक फ्रेम है जो लगभग हर तरह के चेहरे पर सूट करता है। किसी भी डे वेडिंग में पीले रंग का चश्मा आपके लुक को बदल देगा।
ब्लू रंग लगता है खास
अगर आप फंकी, रंगीन चश्मे पसंद करते हैं। तो शार्प फ्रेम का में नीले लेंस को चुन सकते हैं। फिरोजी या फिर रॉयल ब्लू रंग में आने वाले चश्मे चेहरे को रोशन कर देते हैं। अपने एथनिक आउटफिट में लुक को आकर्षक बनाने के लिए आप इस तरह के ग्लासेस को पहन सकते हैं।
गोल्डन फ्रेम नहीं होते ट्रेंड से बाहर
यह आपके एथनिक वियर में पॉप रंग जोड़ने का एक और अच्छा तरीका है। आप एक ऐसे धूप के चश्मे को चुन सकते हैं जिसका फ्रेम चमकदार गोल्डन रंग का हो। वहीं गोल फ्रेम कभी भी ट्रेंड से बाहर नहीं होते हैं, इसलिए आप इस तरह के ग्लासेस को खरीद सकते हैं।
हड्डियां मजबूत करने के लिए इन फूड्स का करें सेवन…..
बदलती लाइफस्टाइल और गलत खान-पान के कारण हर उम्र के लोगों में हड्डियां कमजोर होने की शिकायत रहती है। इस वजह से आपको पीठ दर्द, जोड़ों में दर्द आदि समस्या का सामना करना पड़ता है। शरीर में कैल्सियम और विटामिन-D की कमी के कारण हड्डियां कमजोर हो जाती है। आप अपने डाइट में कुछ जरूरी सप्लीमेंट्स को ले सकते हैं, जिससे आपकी हड्डियां मजबूत हो सकती हैं।
केले
इसमें मैग्नीशियम प्रचुर मात्रा में पाया जाता है,जो हड्डियों के विकास के लिए काफी मददगार है।रोजाना आप केले का सेवन कर सकते हैं। ये पाचन शक्ति के लिए भी जरूरी होता है।
पालक
पालक में भरपूर मात्रा में कैल्शियम, विटामिन-A और फाइबर पाये जाते हैं। ये हड्डियों को मजबूत करने में सहायक है। आप नियमित तौर पालक सेवन कर सकते हैं। आप सब्जी में शामिल कर खा सकते हैं। चाहें तो आप पालक का सूप भी पी सकते हैं।
अनानस
इसमें प्रचुर मात्रा में विटामिन-D, पोटैशियम और भी कई पोषक तत्व पाये जाते हैं। जो शरीर में कैल्शियम की कमी को रोकता है। शरीर में आप इसकी पूर्ति के लिए अनानस का सेवन कर सकते हैं।
पपीता
पपीता में पर्याप्त मात्रा में कैल्शियम होता है, जो शरीर के लिए आवश्यक है। आप डेली डाइट में पपीते का सेवन कर सकते हैं। इसे खाने से पाचन शक्ति भी मजबूत रहती है।
स्ट्रॉबेरी
स्ट्रॉबेरी में कैल्शियम, विटामिन सी, मैंगनीज और भी कई पोषक तत्व से भरपूर होते हैं। आप इसे डाइट का हिस्सा बना सकते हैं। ये हड्डियों के संरचना में सहायता करती है।
डेयरी प्रोडक्ट्स
आप डाइट में दूध, पनीर, दही आदि को जरूर शामिल करें। इसमें भरपूर मात्रा में कैल्शियम पाया जाता है। ये हड्डियों को मजबूत बनाने में मददगार हैं।
अंडा
अंडे में प्रोटीन, विटामिन-D और अन्य पोषक तत्व पर्याप्त मात्रा में पाये जाते हैं। रोजाना आप एक-दो अंडे का सेवन कर सकते हैं। इससे हड्डियां स्वस्थ रहेंगी।
PAK vs NZ: पाकिस्तान ने न्यूजीलैंड को सात विकेट से हराया
टी20 वर्ल्ड कप के पहले सेमीफाइनल में पाकिस्तान ने न्यूजीलैंड को सात विकेट से हराकर फाइनल में जगह बना ली है। पाकिस्तान की टीम 13 साल बाद टी20 विश्व कप के फाइनल में पहुंची है। इस मैच में न्यूजीलैंड के कप्तान केन विलियमसन ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए चार विकेट पर 152 रन बनाए। इसके जवाब में पाकिस्तान ने पांच गेंद रहते तीन विकेट खोकर 153 रन बनाए लक्ष्य हासिल कर लिया। अब फाइनल में पाकिस्तान का सामना भारत-इंग्लैंड मैच के विजेता से होगा।
पाकिस्तान ने पहले सेमीफाइनल मैच में न्यूजीलैंड को सात विकेट से हरा दिया है। न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए चार विकेट पर 152 रन बनाए थे। न्यूजीलैंड के लिए डेरेल मिचेल ने 53 और केन विलियमसन ने 46 रन बनाए थे। पाकिस्तान के लिए शाहीन अफरीदी ने दो विकेट लिए थे।153 रन का पीछा करते हुए बाबर और रिजवान की जोड़ी ने पाकिस्तान को शानदार शुरुआत दी। दोनों ने पहले विकेट के लिए 105 रन की साझेदारी कर पाकिस्तान की जत तय कर दी। बाबर ने 53 और रिजवान ने 57 रन बनाए। अंत में हारिस रऊफ ने 30 रन की पारी खेल पाकिस्तान को जीत के पार पहुंचाया। न्यूजीलैंड के लिए ट्रेंट बोल्ट ने दो विकेट लिए।पाकिस्तान की टीम 2009 के बाद पहली बार टी20 विश्व कप के फाइनल में पहुंची है। अब फाइनल मुकाबले में पाकिस्तान का सामना भारत और इंग्लैंड के मैच के विजेता से होगा।
वॉलीबॉल मैच के बाद एनआईटी कैंपस श्रीनगर में छात्रों के बीच हाथापाई
श्रीनगर । देर रात जम्मू और कश्मीर के श्रीनगर में राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) के छात्रों ने कैंपस में खूब बवाल काटा। पुलिस के मुताबिक कैम्पस में दो समूहों के बीच देर रात हाथापाई हुई, जिसमें दोनों पक्षों के 5 छात्र घायल है। श्रीनगर पुलिस के अनुसार एक वॉलीबॉल मैच खत्म होने के बाद यह झड़प हुई है। झड़प के बाद पुलिस एनआईटी अधिकारियों के अनुरोध पर परिसर में दाखिल हुई।
पुलिस ने बताया कि एनआईटी कैंपस में स्थिति अब सामान्य है। वहीं श्रीनगर पुलिस ने ट्विटर हैंडल पर घटना की जानकारी देकर कहा कि एनआईटी श्रीनगर में देर रात हाथापाई हुई है। इस हाथापाई में वॉलीबॉल मैच के खत्म होने के बाद विभिन्न बैचों के छात्रों के 2 समूह आपस में भिड़ गए। दोनों पक्षों के 5 छात्रों को मामूली चोटें आई हैं। एनआईटी अधिकारियों के अनुरोध पर पुलिस ने परिसर में प्रवेश किया और अब स्थिति सामान्य है।
इसके पहले पिछले महीने भी एनआईटी श्रीनगर सुर्खियों में था। दरअसल एशिया कप के दौरान भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबला हुआ था। इस लेकर संस्थान ने भारत-पाक क्रिकेट मैच, ग्रुप में नहीं देखने का फरमान जारी किया था। इसके साथ ही मैच से संबंधित कोई भी पोस्ट सोशल मीडिया पर नहीं डालने का आदेश दिया था। यह आदेश ‘डीन ऑफ स्टूडेंट्स वेलफेयर’ की ओर से जारी किया गया था। आदेश में यह भी कहा गया था कि मैच के दौरान छात्र अपने आवंटित कमरों में ही रहें।
सीहोर जिले के नवनियुक्त कलेक्टर प्रवीण सिंह अढायच ने संभाला पदभार….
सीहोर जिले के नवनियुक्त जिलाधीश एवं वर्ष 2012 के अखिल भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी प्रवीण सिंह अढाचय ने बुधवार को अपना कार्यभार ग्रहण किया। इस दौरान अब तक सीहोर जिले की कलेक्टरी का जिम्मा संभाले रहे वर्ष 2012 के आईएएस अधिकारी चंद्रमोहन ठाकुर कोे विदाई भी दी गई। नवनियुक्त कलेक्टर प्रवीण सिंह अढायच इससे पहले बुरहानपुर, सिवनी जिले में कलेक्टर एवं सतना नगर निगम में कमिश्नर के पदोें सहित कई अन्य महत्वपूर्ण जिम्मेेदारियां भी संभाल चुके हैं। अब उन पर विधानसभा एवं लोकसभा चुनावों की महत्ती जिम्मेदारी होगी। नव नियुक्त कलेक्टर ने बुधवार को सुबह 11 बजे कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर पद्भार ग्रहण किया। अब उन पर मध्यप्रदेश में वर्ष 2023 में होने वाले विधानसभा के चुनाव एवम लोकसभा चुनावों की महत्ती जिम्मेदारी होगी। प्रवीण सिंह अढायच की तारीफ जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोेदी कर चुके हैं तोे वहीं बेहतर कार्योें के लिए वे राष्ट्रपति सम्मान से भी नवाजे जा चुके हैं। बुरहानपुर जिले में कलेक्टर रहते हुए उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के महत्वाकांक्षी जल मिशन के काम को 100 प्रतिशत करने का रिकार्ड भी बनाया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुरहानपुर जिला प्रशासन के कामों की प्रशंसा ट्वीट पर भी कर चुके हैं। इसके अलावा 2 अक्टूबर को दिल्ली में राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू ने उन्हें राष्ट्रपति सम्मान भी प्रदान किया था। प्रवीण सिंह अढायच मूलतः राजस्थान केे रहने वाले हैं। उन्होंने एमएससी तक की पढ़ाई करने के बाद सिविल सर्विस में भाग्य आजमाया औैर इसमें सफलता भी प्राप्त की। प्रवीण सिंह अढाचय का जन्म 23 अप्रैल 1987 को राजस्थान में हुआ था और उन्होंने सिविल सर्विस वर्ष 2012 में ज्वाईन की।
मप्र में भाजपा संगठन बड़ी सर्जरी की ओर
भोपाल| मध्य प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा के चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी अपने संगठन को और मजबूत करना चाहती है, यही कारण है कि पार्टी ने बड़ी सर्जरी की तरफ कदम बढ़ाना शुरू कर दी है।
भाजपा संगठन विधानसभा चुनाव से पहले अपने को सभी मोचरें पर मजबूत कर लेना चाहता है और इसके लिए जरूरी है कि जिन नेताओं के हाथ में जिम्मेदारियां हैं, उनके कामकाज बेहतर हो, साथ ही जमीनी स्तर पर उनकी सक्रियता नजर आए। जो ऐसा करने में असफल है उनकी छुट्टी होना तय है।
भाजपा की प्रदेश अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा लगातार प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों का दौरा कर रहे हैं और बूथ स्तर से लेकर जिला स्तर तक के पदाधिकारियों की बैठक के साथ उनकी रिपोर्ट भी तलब कर रहे हैं। पार्टी संगठन तक जिन पदाधिकारियों की रिपोर्ट संतोषजनक नहीं है उन्हें बदला भी जा रहा है।यही कारण है कि भाजपा ने संभाग स्तर के प्रभारियों में बदलाव किया है। इस बदलाव के चलते कविता पाटीदार को जबलपुर संभाग, कांत देव सिंह को भोपाल संभाग, हरिशंकर खटीक को चंबल संभाग, आलोक शर्मा को उज्जैन संभाग और शारदेंन्दू तिवारी को शहडोल संभाग का प्रभारी बनाया गया है।
पार्टी पहले भी कई जिला अध्यक्षों को बदल चुकी है और आने वाले दिनों में कई और जिला अध्यक्ष बदले जाने हैं। पार्टी सूत्रों का कहना है कि नगरीय निकाय के चुनाव में जिन स्थानों पर पार्टी को हार मिली है उसका बड़ा कारण भितरघात रहा है, जिन नेताओं पर संबंधित स्थानों की जिम्मेदारी थी वह अपनी जिम्मेदारी का बेहतर तरीके से निर्वहन नहीं कर सके, लिहाजा विधानसभा चुनाव में किसी तरह की चूक न हो इस पर पार्टी की खास नजर है। आने वाले दिनों में और भी फेरबदल होने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।















