Home Blog Page 5687

गृह मंत्री डॉ. मिश्रा ने मुक्तिधाम के जीर्णोद्धार कार्य का किया भूमि-पूजन

0

भोपाल : गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने दतिया में सेवढ़ा चुंगी मुक्तिधाम के जीर्णोद्धार कार्य का सोमवार को भूमि-पूजन किया। उन्होंने बताया कि मुक्तिधाम के जीर्णोद्धार संबंधी समस्त कार्यों पर होने वाले व्यय को समाज-सेवक विष्णु मोदी वहन करेंगे। मुक्तिधाम आने वाली अंतिम यात्रा में शामिल लोगों के लिये बैठक की समुचित व्यवस्था की जायेगी। मुक्तिधाम में पेड़-पौधे लगा कर बगीचा विकसित किया जायेगा।

ग्वालियर में भाईदूज पर बहनें कर सकेंगी जेल में भाइयाें को टीका

0

ग्वालियर ।   पिछले दो साल से जेल में भाईदौज पर बहनों का भाईयों को टीका करने पर रोक लगी हुई थी। क्योंकि इस दौरान कोरोना संक्रमण काल चल रहा था। लेकिन इस बार बहने भाईयाें को जेल में बंद कैदियों को टीका कर सकेंगी। जेल प्रबंधन ने भाइयों के तिलक करने आने वाली बहनों को किसी प्रकार की परेशानी न हो इसके लिए जेल में व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे रहा है। जेल प्रबंधान ने बताया दौज पर इस बार बहनों को तिलक के लिए जेल में आने की जेल मुख्यालय से अनुमति मिली है। बहने दो साल बाद जेल आकर यहां पर सजा काट रहे भाइयों को मंगल तिलक करेगी।

टीका कर सकेंगी, नहीं ले जा पाएंगी खाने पीने की सामग्री

बहने जेल में टीका करने के लि कैदी भाईयाें से मिल सकेंगी और तिलक कर सकेंगी। लेकिन वे उनके लिए जेल में किसी भी तरह की खाने पीने की सामग्री नहीं ले सकेंगी। जेल मुख्यालय से जेल प्रबंधन को आदेश मिला है कि टीका करने आने वाली बहनों की खुली मुलाकात कराई जाए। लेकिन उनके कोई भी चीज ले जाने पर रोक लगाई जाए।

तीन जगह होगी जांच

जेल में किसी प्रकार की सामग्री अंदर नहीं जा सके इसके लिए तीन स्थानों पर चेकिंग व्यवस्था लगाई गई है। जेल में सिर्फ महिलाओं को प्रवेश मिलेगा और पुरुषों का प्रवेश निषेध रहेगा। मिलाई के लिए जेल मैदान में टैंट लगया जा रहा है। जिसमें बहने भाईयों को टीका लगा सकेंगी। हालांकि इस बार रक्षा बंधन पर भी बहनों को भाईयों की कलाई पर राखी बांधने का मौका मिला था।

मुख्यमंत्री निवास में दीपावली पर हुई पूजा-अर्चना

0

भोपाल : मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने धर्मपत्नी साधना सिंह और परिजन सहित दीपावली पर मुख्यमंत्री निवास में पूजा-अर्चना की। मुख्यमंत्री चौहान ने प्रदेश के सभी नागरिकों की सुख-समृद्धि की प्रार्थना भी की। मुख्यमंत्री चौहान और परिवार के सदस्यों ने दीप भी जलाए।
 

मुख्यमंत्री चौहान ने न्यू मार्केट से खरीदी लक्ष्मी जी की मूर्ति

0

भोपाल : मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान दीपावली पूजन के लिए लक्ष्मी जी की मूर्ति लेने, पत्नी साधना सिंह के साथ न्यू मार्केट पहुँचे। मुख्यमंत्री चौहान ने हनुमान मंदिर के निकट स्थित राजकुमार प्रजापति की दुकान से लक्ष्मी जी की मूर्ति खरीदी। मुख्यमंत्री चौहान ने हनुमान मंदिर के आसपास दीपावली पर्व पर खील- बताशे, दीप और फूल-मालाओं के दुकानदारों, उनके सहयोगियों तथा ग्राहकों को दीपावली की शुभकामनाएँ दी और उनसे बधाई भी स्वीकार की।
 

टीम मध्यप्रदेश रामराज्य की अवधारणा को साकार करेगी : मुख्यमंत्री चौहान

0

भोपाल : मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि दीपावली पर्व प्रदेशवासियों के जीवन में सुख-समृद्धि, रिद्धि-सिद्धि लाए। मध्यप्रदेश प्रगति, विकास और जन-कल्याण के क्षेत्र में नया इतिहास रचे, यही कामना है। हम सबको "टीम मध्यप्रदेश" की भावना से काम करना होगा। मुख्यमंत्री चौहान दीप पर्व पर निवास कार्यालय से सभी मंत्रीगण, राज्य और जिला स्तरीय अधिकारियों को वर्चुअली संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री चौहान ने दीपावली की शुभकामनाएँ देते हुए प्रदेश के विकास के संकल्प और योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन तथा प्रदेश को विभिन्न क्षेत्रों में अग्रणी बनाने के लिए टीम मध्यप्रदेश को प्रेरित किया। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि दीपावली के संकल्पों को सिद्ध कर, टीम मध्यप्रदेश राम राज्य की अवधारणा को साकार करेगी।

मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि प्रदेश में विकास गतिविधियाँ और जन-कल्याणकारी योजनाओं का क्रियान्वयन बेहतर स्वरूप में हो रहा है। हमें प्रदेशवासियों के जीवन-स्तर में बदलाव लाने के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना है। प्रदेश ने 19.76 प्रतिशत की विकास दर दर्ज कराई है। सकल घरेलू उत्पाद 200 प्रतिशत बढ़ा है। प्रदेश की अर्थ-व्यवस्था 11 लाख 50 हजार करोड़ की है और केपिटल एक्सपेंडिचर 48 हजार करोड़ से अधिक का है। प्रदेश में विकास गतिविधियों का क्रियान्वयन तेजी से हो रहा है। मुख्यमंत्री जन-सेवा अभियान में ऐसे पात्र 68 लाख पात्र हितग्राहियों को जोड़ा जा चुका है, जिन्हें अब तक इन योजनाओं का लाभ नहीं मिला।

मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि हमें यह सुनिश्चित करना है कि जनता को अपने कार्यों के लिए शासकीय दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ें, सरकार स्वयं उनके द्वार पर पहुँच कर आवश्यक सेवाएँ उपलब्ध कराएँ। राज्य शासन द्वारा भ्रष्टाचार को समाप्त करने के हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। हमें ऐसा मॉनिटरिंग सिस्टम स्थापित करना होगा जिससे व्यवस्था में भ्रष्टाचार की गुंजाइश ही न बचे। दीपावली पर्व पर समस्त मंत्रीगण तथा अधिकार-कर्मचारियों की टीम मध्यप्रदेश जन-सामान्य को बिना परेशानी के शासकीय सेवाओं, योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने का संकल्प लें। शासकीय कार्य में गड़बड़ करने वालों और भ्रष्टाचार करने वालों को छोड़ा नहीं जाएगा। प्रदेश में सुशासन हमारा संकल्प है।

मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि यह आवश्यक है कि विकास के कार्य समय पर और गुणवत्तापूर्ण हों। जिला कलेक्टर योजनाओं की निरंतर समीक्षा की निश्चित व्यवस्था विकसित करें। प्रमुख कार्यक्रमों और योजनाओं की समीक्षा के लिए सप्ताह के दिन निर्धारित किए जाएँ। जिला, संभाग और राज्य स्तर पर विस्तृत और सजग मॉनीटरिंग व्यवस्था स्थापित की जाए। दीपावली के बाद जिलों की समीक्षा पुन: आरंभ की जाएगी।

मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि आगामी दिवस में प्रदेश में महत्वपूर्ण कार्यक्रम प्रस्तावित है। गौ-वर्धन पूजा का कार्यक्रम 26 अक्टूबर को सार्वजनिक रूप से किया जाएगा। पर्यावरण-संरक्षण के लिए इस कार्यक्रम में अंकुर अभियान और पर्यावरण के लिए कार्य करने वाले व्यक्ति और संस्थाएँ विशेष रूप से शामिल होंगे। सभी जिलों में प्रभारी मंत्री कार्यक्रम में शामिल होंगे। भोपाल का कार्यक्रम मुख्यमंत्री की उपस्थिति में होगा। इसके बाद एक नवम्बर को मध्यप्रदेश स्थापना दिवस का आयोजन प्रदेशवासियों को गर्व-गौरव और सम्मान से परिपूर्ण करने के उद्देश्य से किया जाएगा। लाड़ली लक्ष्मी उत्सव 2 नवम्बर को होगा, जिसमें 43 लाख परिवार शामिल होंगे। गाँव और पंचायत स्तर पर भी कार्यक्रम किए जाएंगे। स्थापना दिवस पर सात दिवसीय आयोजन होंगे। प्रदेश में खेल संस्कृति का विस्तार करने ग्राम स्तर तक खेल प्रतियोगिताएँ की जाएंगी। साथ ही स्वच्छता, ऊर्जा बचत, जल-संरक्षण पर केंद्रित कार्यक्रम भी होंगे। मुख्यमंत्री मेधावी विद्यार्थी योजना के विद्यार्थियों से संवाद भी किया जाएगा।

मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि इंदौर में जनवरी 2023 में प्रवासी भारतीय सम्मेलन होगा, जिसमें राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री सहित 100 देशों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। इन्वेस्टर्स समिट, खेलो इंडिया यूथ गेम्स और जी 20 देशों की बैठकें भी प्रदेश में होंगी। अंतर्राष्ट्रीय स्तर के इन आयोजनों का उपयोग वैश्विक स्तर पर प्रदेश की स्वच्छता, प्राकृतिक, ऐतिहासिक संपन्नता, प्रसार और ब्रांडिंग में किया जाएँ।

मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि राशन वितरण में गड़बड़ी करने वालों को जेल भेजा जाएँ। मुख्यमंत्री भू-आवासीय अधिकार योजना में हर परिवार को रहने के लिए जमीन का टुकड़ा उपलब्ध कराना हमारा संकल्प है। मुख्यमंत्री चौहान ने प्रदेश में आयुष्मान भारत और प्रधानमंत्री आवास योजना के बेहतर क्रियान्वयन के लिए बधाई दी। साथ ही नशे के विरूद्ध प्रभावी अभियान के लिए पुलिस की भी सराहना की।

मुख्यमंत्री चौहान ने सीएम राइज़ स्कूल, एक जिला- एक उत्पाद, रोजगार दिवस पर रोजगार मेला, सड़कों के रख-रखाव, कृषकों को उर्वरक वितरण, महिला स्व-सहायता समूहों की गतिविधियों, आँगड़वाड़ियों के संचालन, पोषण आहार वितरण, टीकाकरण, जल जीवन मिशन, विद्युत आपूर्ति व्यवस्था, जनता से बेहतर संवाद, प्राकृतिक खेती संबंधी गतिविधियों के प्रभावी संचालन के बारे में भी चर्चा की।

मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि यह सौभाग्य का विषय है कि लोगों का जीवन बदलने में सक्षम योजनाओं के क्रियान्वयन का दायित्व जन-प्रतिनिधियों और अधिकारियों पर है। हम अपना सर्वश्रेष्ठ योगदान देकर अपना जीवन सार्थक करें और नए उत्साह एवं नई उमंग के साथ कार्य करते हुए दीपावली के पर्व को भी पूर्ण सार्थकता प्रदान करें। मुख्यमंत्री चौहान ने प्रदेशवासियों को दीपावली की बधाई और शुभकामनाएँ दी। राज्य मंत्रि-परिषद के सदस्य संभागायुक्त, आईजी, कलेक्टर्स, पुलिस अधीक्षक, जिला पंचायत के सीईओ तथा सभी जिला अधिकारी वर्चुअली सम्मिलित हुए।संदीप कपू

मध्‍य प्रदेश के डेढ़ लाख विद्यार्थी नहीं हो सके अगली कक्षा में प्रमोट

0

 भोपाल ।   उच्च शिक्षा विभाग ने 15 अक्टूबर तक यूजी प्रथम वर्ष का परिणाम जारी करने के निर्देश दिए थे। अब तक प्रदेश में केवल बरकतउल्ला विश्वविद्यालय (बीयू) ने परिणाम जारी किए हैं, लेकिन अन्य विश्वविद्यालयों ने परिणाम जारी नहीं किया है। विभाग ने विद्यार्थियों को प्रमोट करने की समय सीमा 31 अक्टूबर तय की है। यूजी प्रथम और द्वितीय वर्ष के साथ पीजी द्वितीय सेमेस्टर के आठ लाख विद्यार्थियों को इस सत्र में अगली कक्षा में प्रमोट करने के आदेश दिए गए थे। इसमें से अब भी डेढ़ लाख विद्यार्थी प्रमोट नहीं हो सके हैं। प्रदेश के सभी विश्वविद्यालय ने द्वितीय वर्ष की परीक्षाएं लेकर रिजल्ट जारी कर दिए हैं। विश्वविद्यालयों को प्रथम वर्ष के परिणाम राष्ट्रीय शिक्षा नीति के आधार पर जारी करने में परेशानी हुई है। विभाग ने प्रथम वर्ष के परिणाम को देखते हुए 31 अक्टूबर तक के लिए समय बढ़ा दिया है। विभाग तीन बार तिथि बढ़ा चुका है, लेकिन अब भी डेढ़ लाख विद्यार्थियों को अगली कक्षा में प्रमोट नहीं किया गया है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि यह अंतिम मौका है। इसके बाद अंतिम तिथि में कोई बढ़ोत्तरी नहीं की जाएगी।

साढ़े सात लाख विद्यार्थी हुए हैं प्रमोट

विभाग को प्रदेश में साढ़े आठ लाख विद्यार्थियों को प्रमोट करना है, जिससे अभी तक करीब सात लाख ही विद्यार्थी प्रमोट हो सके हैं। शेष विद्यार्थियों को 31अक्टूबर तक प्रमोट होने की प्रक्रिया पूर्ण करना होगी, नहीं तो वे अगले सत्र की परीक्षाओं में शामिल नहीं हो सकेंगे।

समझ नहीं आई मार्किंग स्कीम

पिछले सत्र से यूजी प्रथम वर्ष में राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत परीक्षा नीति के तहत परीक्षा ली गई और इसी के तहत मार्किंग स्कीम बनाई गई। विश्वविद्यालयों को इस स्कीम में अंक देने का तरीका समझ नहीं आया, इसके बाद सितंबर में विभाग को मार्किंग स्कीम की प्रक्रिया जारी करनी पड़ी। इसके बाद परिणाम बनना शुरू हुआ है। विश्वविद्यालयों का कहना है कि इस कारण देरी हुई है।

500 रुपये फीस देना होगा

यूजी प्रथम और द्वितीय वर्ष और पीजी में द्वितीय सेमेस्टर उत्तीर्ण विद्यार्थियों को प्रमोट करने के लिए एक महीने के लिए विभाग ने लिंक खोला है। इसमें विद्यार्थियों को 500 रुपये का शुल्क जमा करना होगा। विभाग विद्यार्थियों को प्रमोट होने के लिए सिर्फ एक माह का समय दिया जाएगा।

इनका कहना है

करीब एक लाख से अधिक विद्यार्थी अब तक प्रमोट नहीं हो पाए हैं। इस कारण हम अंतिम तिथि तक इंतजार करेंगे, यदि इसके बाद भी नहीं होता है तो तारीख बढ़ाने पर भी विचार करेंगे।

धीरेन्द्र शुक्ला, विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी, उच्च शिक्षा विभाग

मुख्यमंत्री चौहान ने केसिया, गुलमोहर और आँवला के पौधे लगाए

0

भोपाल : मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने स्मार्ट सिटी उद्यान में केसिया, गुलमोहर और आँवला के पौधे लगाए। कृष्ण कृपा मालती महावर बसंत परमार्थ न्यास भोपाल की डॉक्टर मालती बसंत, इंदिरा त्रिवेदी, अभिव्यक्ति त्रिवेदी और अनुभूति त्रिवेदी पौध-रोपण में शामिल हुई। पर्यावरण, समाज सेवा और साहित्य के कार्यों में न्यास सतत क्रियाशील रहता है। मुख्यमंत्री चौहान के साथ विदिशा के सामाजिक कार्यकर्ता राजेश धाकड़, उनके पुत्र चिरंजीव वेद और पुत्री कुमारी वेदिका ने भी पौधे लगाए।
 

भोपाल के कोलार में दिल्ली जैसा वायु प्रदूषण, हमीदिया रोड में शाेरगुल ने बनाया रिकार्ड

0

 भोपाल ।   दीपावली के उत्साह में सोमवार को पटाखो की लड़ जलती रही और वायु प्रदूषण फैलता गया। कोलार क्षेत्र में दिल्ली की तरह वायु प्रदूषण के हालत बन गए। यहां हवा की सेहत बनाने वाला वायु गुणवत्ता सूचकांक 290 तक पहुुंच गया। इस तरह के हालत दिल्ली के कई क्षेत्रों में बने थे। सूचकांक का यह स्तर बताता है कि हवा की सेहत बेहद खराब है, जो कि 50 तक या उससे नीचे होना चाहिए, तभी हवा सेहतमंद मानी जाती है। उधर, हमीदिया रोड क्षेत्र में ध्वनि प्रदूषण ने रिकार्ड बनाया है। यहां शोरगुल का स्तर 109.6 डेसीबल रिकार्ड किया है जो कि 55 डेसीबल से अधिक नहीं होना चाहिए। वायु व ध्वनि प्रदूषण का असर दीपावली के दूसरी दिन मंगलवार को भी रहा।बता दें कि पटाखों के कारण फैले वायु व ध्वनि प्रदूषण से स्वास्थ्य पर विपरित असर पड़ा। खासकर बुजुर्ग व बीमारों में चिढ़चिढ़ेपन की शिकायतें बढ़ी है। श्वास संबंधी रोगों से जूझ रहे मरीजों को सांस लेने में तकलीफ हुई है।

पटाखें जलाने पर लगाई थी रोक

शहर में प्रदूषण की यह स्थिति तब है जब शासन ने ग्रीन पटाखे जलाने की अनुमति दी थी। यह भी कहा था कि अधिक आवाज वाले पटाखों को न जलाया जाए। आतिशबाजी पर नियंत्रण हो।

सामान्य से चार गुना अधिक पहुंचा धूल, धुएं के कणों का स्तर

पीसीबी की रिपोर्ट के मुताबिक इस क्षेत्र में पार्टिकुलेट मैटर पीएम -10 व पीएम 2.5 का स्तर 500-500 माइक्रोग्राम प्रति क्यूबिक मीटर तक पहुंच गया था। क्रमश: इनका स्तर 100 व 60 माइक्रोग्राम प्रति क्यूबिक मीटर होना चाहिए, जो कि सामान्य से पांच गुना तक अधिक था। यह स्थिति दीपावली के दूसरे दिन मंगलवार दोपहर एक बजे की थी। इसी से मिलती-जुलती स्थिति टीटी नगर क्षेत्र की थी

जामताड़ा से ज्यादा भोपाल में सक्रिय हरियाणा, यूपी व राजस्थान के ठग

0

 भोपाल ।   हरियाणा, यूपी और राजस्थान के ठगों ने जामताड़ा गैंग को ठगी के मामले में पीछे छोड़ दिया है। इन तीनों इन तीनों राज्यों के ठग भोपाल समेत मप्र के अलग-अलग शहरों में सक्रिय है, जो आनलाइन माध्यमों से ठगी कर रहे हैं। इसका खुलासा राजधानी की साइबर क्राइम ब्रांच द्वारा की गई गिरफ्तारी से हुआ है। बीते छह माह में पुलिस ने सात गिरोह के 23 बदमाशों को गिरफ्तार किया है। इसमें अधिकांश हरियाणा, राजस्थान और यूपी के ही आरोपित हैं। एक समय था जब भोपाल के लोगों को जामताड़ा गैंग के ठग शिकार बना रहे थे।

अलवर, भरतपुर व मेवात के ठग सक्रिय

बता दें कि पिछले दिनों में साइबर पुलिस ने नौकरी के नाम पर ठगी करने वाले व अश्लील वीडियो बनाकर ब्लेकमेल करने वालों को गिरफ्तार किया था। इस गिरोह के सेक्सटार्शन गैंग के सदस्य राजस्थान के अलवर, भरतपुर और हरियाणा के मेवात के थे, जो इंटरनेट के माध्यम से वाट्सएप पर युवती की फोटो लगाकर झांसे में लेकर वारदात कर रहे हैं। ये मैसेज भेजकर अश्लील बातें करने व एक-दूसरे के करीब आने जैसे प्रस्ताव देते हैं। झांसे में आकर जो वीडियो काल के जरिए संपर्क करते हैं, उन्हें ये फंसा लेते हैं और फिर ब्लैकमेल कर धमकी देकर रुपये वसूलते हैं।

जामताड़ा गैंग- ओटीपी मांगकर करते हैं ठगी

आरोपितों ने पूछताछ में जानकारी दी कि जामताड़ा गैंग के लोग ज्यादातर बैंक से संबंधित ठगी करते हैं। यानी ओटीपी मांगकर ठगी करते हैं, लेकिन वक्त के साथ लोगों में जागरुकता आई है और उन्होंने ओटीपी देना बंद कर दिया है।

लोग पुलिस को शिकायत भी नहीं कर पाते

वहीं अब सेक्सटार्शन गैंग के झांसे में लोग बहुत जल्दी आ जा रहे हैं। उसके बाद ब्लैकमेल होते हैं और पुलिस मेें शिकायत भी नहीं करते हैं।

ठगी से बचने ऐसे रहें सावधान

– इंटरनेट मीडिया पर अंजान लोगों से मित्रता स्वीकार करने से बचें।

– यदि कोई दोस्ती के लिए प्रस्ताव भेजता है तो पड़ताल करने के बाद ही उनको जोड़े।

– कोई अगर बहुत जल्द आपसे अंतरंग होने का प्रयास करे तो सचेत हो जाएं।

– अपराध होने पर तुरंत पुलिस या साइबर क्राइम पर शिकायत करें।

– इससे पता चलेगा कि जो हुआ उसमें आपने कुछ भी गलत नहीं किया।

यहां करें शिकायत

साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर काल करके आप साइबर ठगी की शिकायत कर सकते हैं। ऐसा करने से ठगे गए रुपयों की रिकवर करने में मदद मिलेगी।

इनका कहना है

ठगी होने पर जांच में पहले जामताड़ा गिरोह सामने आता था लेकिन अब राजस्थान के, भरतपुर, अलवर और हरियाणा के मेवात से आरोपित लोगों को अपना निशाना बना रहे हैं। 50 में से 25 ठगी के मामले यहीं के आ रहे हैं। अब लोगों को जागरूक रहने की जरूरत है। 

– अक्षत चौधरी, एसपी, साइबर क्राइम, भोपाल

दमोह में दलित परिवार के तीन लोग पिता, बेटे और मां की गोली मारकर हत्या

0

दमोह,  दमोह में ट्रिपल मर्डर से सनसनी फैल गई. महिला से छेड़छाड़ को लेकर हुए विवाद में दलित परिवार के तीन सदस्यों की गोली मारकर हत्या कर दी. इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई जिला कलेक्टर एस कृष्ण चेतन्य और एसपी डीआर तेनिवार मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया. सुरक्षा के लिहास से गांव में भारी संख्या में पुलिस को तैनात किया गया है.

मध्य प्रदेश के दमोह में दलित परिवार के तीन लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी गई. इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस ने बताया कि आपसी रंजिश के चलते इस हत्याकांड को अंजाम दिया गया.

पुलिस सूत्रों के अनुसार दमोह देहात थाना अंतर्गत देवरान गांव में एक महिला से छेड़छाड़ को लेकर विवाद के चलते अहिरवार परिवार के तीन लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी गई। दो परिजनों को घायल होने पर यहां जिला अस्पताल लाया गया है। पुलिस अधीक्षक डीआर तेनीवार के अनुसार, देवरान में सुबह महिला संबंधी विवाद पर जगदीश पटेल और घमंडी अहिरवार नाम के व्यक्तियों के परिवार आमने सामने आ गए। बात इतनी बिगड़ गई कि दलित परिवार के कुछ लोगों पर गोलियां दाग दी. इस फायरिंग में छेड़छाड़ के आरोपी 30 साल के मानक अहिरवार, उसके पिता घमंडी अहिरवार ( 60 साल ) और मां राजप्यारी (58 साल) की मौके पर ही मौत हो गई. जबकि परिवार के एक अन्य सदस्य को भी गोली लगी है, जिसे गंभीर हालत में इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

पुलिस का कहना है कि घमंडी अहिरवार के परिवार पर गोली चलाने वालों में जगदीश पटेल, सौरभ पटेल, मनीष पटेल, शुभम पटेल, कोदू पटेल और घनश्याम पटेल शामिल बताए गए हैं। सभी देवरान निवासी हैं। इनके विरुद्ध हत्या, अनुसूचित जाति जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

शिवराज पर बरसीं मायावती

दमोह में दलित परिवार के तीन लोगों की निर्मम हत्या कर दी गई। पहले फायरिंग और फिर पत्थर से कुचलकर की गई हत्या को लेकर बहुजन समाज पार्टी (बसपा) प्रमुख मायावती ने शिवराज सरकार पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार से सख्त कार्रवाई की मांग की है। बसपा प्रमुख ने इस वारदात को ‘अंधकार युग जैसी घटना’ कहा है। उत्तर प्रदेश की पूर्व सीएम ने ट्वीट किया, ”मध्यप्रदेश में भी दलित व आदिवासी समाज पर अत्याचार लगातार जारी। आज ही दमोह जिले के देवरांन में दबंगों ने दलित परिवार पर अंधाधुंध फायरिंग की और फिर पत्थर से कुचलकर तीन लोगों की हत्या कर दी। बाकी घायलों ने भागकर जान बचाई। इस हृदयविदारक घटना की जितनी निंदी की जाए वह कम।” एक अन्य ट्वीट में उन्होंने कहा, ”यह अंधकार युग जैसी ताजा घटना मध्यप्रदेश बीजेपी सरकार में कानून-व्यवस्था के साथ-साथ गरीबों, दलितों, आदिवासियों व महिलाओं आदि की सुरक्षा के मामले में सरकारी विफलता की पोल खोलती है। सरकार ऐसे आपराधिक तत्वों के विरुद्ध नरमी नहीं बल्कि सख्त कार्रवाई करे, बीएसपी की यह मांग।”

Join Whatsapp Group
Join Our Whatsapp Group