बुरहानुपर । बुरहानपुर जिले के नेपानगर नगर पालिका के अध्यक्ष पद चुनाव में कांग्रेस की प्रत्याशी भारती विनोट पाटिल ने जीत दर्ज की है। कांग्रेस प्रत्याशी पाटिल को 15 वोट मिले, जबकि भाजपा प्रत्याशी मीना राजेश चौहान को सिर्फ 9 वोट मिले, ऐसे में 6 वोट से पाटिल विजयी रहीं। नेपानगर नगर पालिका में कुल 24 वार्ड हैं। चुनाव में कांग्रेस के 12 पार्षद विजय हुए थे, जबकि भाजपा के 10 पार्षद जीते थे। दो निर्दलीय पार्षदों ने भी भाजपा को समर्थन दिया था। जिसके चलते दोनों दलों के पास 12-12 पार्षद हो गए थे। अध्यक्ष के लिए हुए मतदान के दौरान क्रास वोटिंग के चलते भाजपा को नुकसान हुआ है।
भोपाल । मैनिट परिसर में घूम रहा बाघ टी—1234 एक हफ्ते में खुद से जंगल नहीं लौटा तो उसे बेहोश करके पकड़ा जाएगा। वन विभाग के अधिकारियों ने विशेषज्ञों के साथ मिलकर इस दिशा में काम शुरू कर दिया है। वन्यप्राणी विभाग के अधिकारी व डाक्टरों का एक दल मैनिट परिसर का भ्रमण कर चुका है, जो हर तरह की संभावनाओं पर काम कर रहा है। जल्द ही बाघ को पकड़ने के बारे में निर्णय लिया जाएगा। परिसर के अंदर तालाब के आसपास 15 दिनों से बाघ दिखाई दे रहा है। वह चार मवेशियों पर हमला कर चुका है, जिसमें से एक की मौत हो चुकी है।
विशेषज्ञ व वनकर्मी पस्त
इस बाघ के सामने वन्यप्राणी विशेषज्ञ भी पस्त हो गए हैं। इसके पगमार्क मिल रहे हैं, वह शिकार भी कर रहा है। ट्रैप कैमरे में उसकी तस्वीर मिल रहे हैं। यहां तक कि वह पिंजरे के नजदीक तक पहुंच रहा है लेकिन आंखों से दूर-दूर तक दिखाई नहीं दे रहा है। यही वजह है कि विशेषज्ञ उसे पकड़ने या बाहर खदेड़ने की योजना नहीं बन पा रही है। हालांकि यदि वह स्वयं ठिकाना नहीं बदलता है तो उसे पकड़ना ही एकमात्र उपाए है। जिस पर काम चल रहा है। मैनिट परिसर में उसके दाखिल होने के बाद से उसकी सुरक्षा में 50 वनकर्मियों को दो अलग-अलग शिफ्ट में तैनात किया है। तीन दिन पूर्व अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक वन्यप्राणी विभाग शुभरंजन सेन व चिकित्सकों का एक दल मैनिट परिसर में उसके भ्रमण वाले इलाके को देख चुके हैं लेकिन अब तक कोई रणनीति नहीं बन पाई है।
बाघ के सामने इस तरह पस्त
1- विशेषज्ञों के मुताबिक कोई भी बाघ एक ही नए क्षेत्र में 15 दिनों तक भ्रमण नहीं करता। अधिकतम दो से तीन दिन में ठिकाना बदल लेता है, लेकिन यह नहीं बदल रहा है।
2- यह दिन के समय झाड़ियों व घास के बीच दुबके रहता है, यही वजह है कि दिन में खोजने पर नहीं मिल रहा है। ऐसा नए बाघ करते हैं।
3- यह युवा है, जिसकी उम्र करीब दो से ढ़ाई वर्ष बताई जा रही है, इस तरह वह अनुभव में भी कम है।
यह भी पहली बार हो रहा
1- बाघ को पकड़ने दो पिंजरे लगाए हैं। वन विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक वह दोनों के आसपास घूमता है लेकिन बकरे व पड़िया का शिकार करने के लिए उसके अंदर दाखिल नहीं होता है। आमतौर पर बाघ अंदर प्रवेश कर लेते हैं और फंस जाते हैं।
2- मैनिट परिसर के अंदर वह अपना ठिकाना भी नहीं बदल रहा है। सीमित दायरे में ही घूम रहा है।
वन विभाग के सामने यह चुनौती
1- मैनिट के अंदर 600 एकड़ का वन क्षेत्र है। जिसमें बड़ी झाड़िया, घास, पेड़ है। यदि उसे पकड़ने के लिए हाथी लाए भी गए तो पकड़ा आसान नहीं होगा।
2- यदि हांका डाला तो जरूरी नहीं कि वह मैनिट को छोड़कर मूल जंगल में ही जाएगा, शहर के अंदर भी दाखिल हो सकता है।
बाघ की मौजूदगी अभी भी है, उसकी निगरानी कर रहे हैं। पकड़ने की योजना के संबंध में वरिष्ठ स्तर से निर्देश मिलने पर काम करेंगे।
Reliance Jio ने 5जी की लॉन्चिंग के साथ ही अपने ग्राहकों को बड़ा झटका दिया है। Jio ने एक साथ अपने 12 4G Pre-Paid Plans बंद कर दिए हैं। Jio के इन सभी प्लान के साथ Disney+ Hotstar का फ्री सब्सक्रिप्शन मिलता था जो कि यूजर्स के लिए किसी तोहफे से कम नहीं था। Jio के इस फैसले के बाद अब Jio के ग्राहकों और क्रिकेट के दीवानों को बड़ा झटका लगा है, क्योंकि अब उन्हें IPL Match देखने के लिए Disney+ Hotstar का सब्सक्रिप्शन खरीदना होगा। आइए जानते हैं इन सभी प्लान के बारे में…
Jio ने इन 12 प्लान को किया बंद Reliance Jio ने 151 रुपये, 555 रुपये और 659 रुपये के प्लान बंद किए हैं। ये प्लान एड ऑन कैटेगरी में थे यानी इनमें डाटा मिलता था। इसके अलावा 333 रुपये, 499 रुपये, 583 रुपये, 601 रुपये, 783 रुपये, 799 रुपये, 1,066 रुपये, 2,999 रुपये और 3,119 रुपये के रेगुलर रिचार्ज प्लान को भी बंद कर दिया गया है। इन सभी प्लान के साथ यूजर्स को एक साल तक डिजनी+हॉटस्टार का सबस्क्रिप्शन मिल रहा था।
16 October से शुरू हो रहा क्रिकेट टूर्नामेंट T-20 वर्ल्ड कप बता दें कि इन प्लान को बंद करके जियो ने बड़ा झटका दिया है, क्योंकि 16 अक्टूबर से ग्लोबल क्रिकेट टूर्नामेंट T-20 वर्ल्ड कप शुरू हो रहा है जो कि Disney+ Hotstar पर ही आएगा। ऐसे में पहले जो सब्क्रिप्शन फ्री में मिल रहा था, उसके लिए अब पैसे देने होंगे। Jio के पास दो ऐसे प्लान अब भी बचे हैं जिनमें Disney+ Hotstar का सब्सक्रिप्शन मिल रहा है और ये प्लान 1,499 रुपये और 4,199 रुपये वाले हैं।
नई दिल्ली । फेस्टिव सीजन का महीना होने के चलते अक्टूबर में जमकर छुट्टियां हैं। आधा महीना बीत चुका है। अब आने वाले 16 दिन छुट्टियों से भरे हुए हैं। इन 16 दिनों में अलग-अलग जोन में बैंक कुल 10 दिन बंद रहेंगे। इन तारीखों पर बंद रहेंगे बैंक-
– 16 अक्टूबर: रविवार होने के कारण बैंक बंद रहेंगे।
– 18 अक्टूबर : कटि बिहू होने के कारण असम में बैंक बंद रहेंगे।
– 22 अक्टूबर : चौथा शनिवार होने के कारण बैंक बंद रहेंगे।
– 23 अक्टूबर : रविवार होने के कारण बैंक बंद रहेंगे।
– 24 अक्टूबर : काली पूजा/दीपावली/लक्ष्मी पूजन (दिवाली)/नरक चतुर्दशी के चलते गंगटोक, हैदराबाद, इंफाल के अलावा पूरे देश में बैंक बंद रहेंगे।
– 25 अक्टूबर: लक्ष्मी पूजा/दीपावली/गोवर्धन पूजा के चलते गंगटोक, हैदराबाद, इंफाल और जयपुर में बैंक बंद रहेंगे।
– 26 अक्टूबर: गोवर्धन पूजा/विक्रम संवत नववर्ष के चलते अहमदाबाद,बेलापुर, बेंगलुरु, देहरादून, गंगटोक, जम्मू, कानपुर, लखनऊ, मुंबई, नागपुर, शिमला और श्रीनगर जोन में बैंक बंद रहेंगे।
– 27 अक्टूबर : भाईदूज के चलते गंगटोक, इंफाल, कानपुर और लखनऊ जोन में बैंक बंद रहेंगे।
– 30 अक्टूबर: रविवार होने के कारण बैंक बंद रहेंगे।
– 31 अक्टूबर: सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के चलते रांची, पटना और अहमदाबाद जोन में बैंक बंद रहेंगे।
ग्वालियर । देश के गृहमंत्री अमित शाह रविवार को ग्वालियर आ रहे हैं। ग्वालियर में गृहमंत्री शाह नए एयर टर्मिनल का शिलान्यास करेंगे। वह करीब चार घंटे शहर में रहेंगे, इसके चलते शहर पुलिस छावनी बन गया है। शहर के हर चौराहे पर कड़ी चेकिंग चल रही है। एयरपोर्ट से लेकर मेला ग्राउंड और जयविलास पैलेस तक पूरे रूट पर कड़ी सुरक्षा-व्यवस्था रहेगी। क्योंकि गृहमंत्री शाह एयरपोर्ट पर उतरने के बाद पहले मेला ग्राउंड पहुंचेंगे, यहां शिलान्यास कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ वह जयविलास पैलेस जाएंगे। जयविलास पैलेस में गृहमंत्री शाह करीब डेढ़ घंटे रहेंगे। शाह पहली बार जयविलास पैलेस जा रहे हैं। इसके चलते जयविलास पैलेस के आसपास भी सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। यहां सीआरपीएफ के अधिकारियों के दल ने भी पहुंचकर जायजा लिया। शनिवार सुबह सबसे पहले पुलिस कंट्रोल रूम में ग्वालियर जोन के एडीजी डी.श्रीनिवास वर्मा, एसएसपी अमित सांघी ने सभी पुलिस अधिकारियों की बैठक ली। इसमें वह अधिकारी भी शामिल थे, जो बाहर से गृहमंत्री अमित शाह के कार्यक्रम के चलते ड्यूटी में आए हैं। इसके बाद एडीजी और एसएसपी ने एयरपोर्ट पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था देखी। अब दोपहर में फिर बैठक होगी। फाइनल कार्केड रिहर्सल भी शनिवार को ही होनी है। एएसपी रैंक के अधिकारी को रिहर्सल की जिम्मेदारी दी गई है। शहर के थानों के अलावा बाहर से भी अतिरिक्त फोर्स ग्वालियर आया है। करीब दो हजार जवान सुरक्षा में लगाए गए हैं। गृहमंत्री के काफिले के रूट पर रात से ही सुरक्षा-व्यवस्था लगा दी जाएगी। इस रूट पर ड्रोन से भी निगरानी रखी जा रही है। साथ ही संवेदनशील इलाकों में विशेष निगाह रखी जा रही है। शनिवार को इन इलाकों में पुलिस ने पेट्रोलिंग भी की। पुलिस कंट्रोल रूम में सीसीटीवी सर्विलांस रूम से भी निगरानी की जा रही है।
ग्वालियर । जयविलास पैलेश में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह करीब डेढ़ घंटे रुकेंगे। इस दौरान वे शाही भोज में भी शामिल होंगे। शाही भोज के दौरान उन्हें गुजराती व मराठी व्यंजन चांदी की ट्रेन से परोसे जाएंगे। गृहमंत्री शाह ग्वालियर में नए एयर टर्मिनल की आधारशिला रखने 16 अक्टूबर को आ रहे है। इस दौरान वे 4 घंटे 40 मिनट शहर में रहेंगे। वह जयविलास में सिंधिया राजवंश के संग्रहालय का अवलोकन करने के साथ मराठी गैलरी का लोकार्पण भी करेंगे और शाही भोज का आनंद भी लेंगे। इसके लिए महल में दो दिन पहले से सुरक्षा-व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। महल के जनसंपर्क अधिकारी केशव पांडे ने अनौपचारिक चर्चा में संकेत दिए कि शाही भोज में गृहमंत्री को गुजरात के विशेष व्यंजन के साथ मराठी व्यंजन भी चांदी की ट्रेन से परोसे जाएंगे। गृहमंत्री का काफिला जल विहार के सामने वाले गेट से महल प्रवेश करेगा। शनिवार व रविवार को संग्रहालय आमजन के लिए बंद रहेगा
शाही भोज के लिए सिंधिया कर रहे आमंत्रित:
महल से जुड़े अधिकारियों का कहना है गृहमंत्री के साथ शाही भोज के लिए केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया स्वयं ही गणमान्य लोगों को आमंत्रित कर रहे हैं। भोज में कितने लोग शामिल होंगे, यह अभी किसी को नहीं बताया गया है। संभावना है शाही भोज में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर के अलावा कुछ चुनिंदा शख्सियत ही शामिल होंगी।
मराठा गैलरी में वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई का पोर्टेट
जयविलास पैलेस के संग्रहालय में जिस मराठी गैलरी का लोकार्पण किया जाना है उसका डिजाइन केंद्रीय मंत्री सिंधिया की पत्नी प्रियदर्शनी राजे सिंधिया द्वारा किया है। इस गैलरी में मराठा वीरों के गौरवशाली इतिहास को प्रदर्शित किया गया है। महाराजा जीवाजी राव सिंधिया संग्रहालय की निदेशक गायत्री सिंह ने बताया इस गैलरी में छत्रपति शिवाजी, वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई पेशवा, लोकमाता अहिल्या बाई, सिंधिया राजवंश की बैजाबाई सहित कई मराठा वीरों के पोर्टेट लगाए गए हैं। इन पोर्टेट पर पहले हिंदी, फिर मराठी और अंग्रेजी में भी जानकारी दी गई है, ताकि हिंदी को प्रोत्साहन मिल सके। इस गैलरी में दो दीप स्तंभ हैं, जिनमें 15-15 के हिसाब से कुल 30 दीप हैं, जो देश के 30 मराठा साम्राज्यों का प्रतीक हैं। अभी इस गैलरी का और विस्तार किया जाएगा।
चांदी की ट्रेन की विशेषता
400 कमरे वाले जयविलास पैलेस में डाइनिंग टेबल पर एक चांदी की ट्रेन रखी गई है। इस ट्रेन के माध्यम से अतिथियों को खाना व पेय परोसा जाता है। यह ट्रेन धीमी गति से मेहमान के सामने से गुजरती है और मेहमान इस पर अपने पसंदीदा व्यंजन उठा लेते हैं।
यह विशिष्ठ मेहमान शाही भोज का ले चुके लुत्फ
जयविलास में शाही भोज का लुत्फ कई विदेशी मेहमानों के अलावा देश के पूर्व राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी, प्रतिभा पाटिल, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, एचआर देवगौड़ा व मुलायम सिंह यादव भी ले चुके हैं।
Microsoft अगले महीने से Office 365 का नाम बदलने जा रहा है। नवंबर 2022 से माइक्रोसॉफ्ट ऑफिस 365 को Microsoft 365 के नाम से जाना जाएगा। अप्रैल 2020 के बाद यह पहला मौका है जब नाम बदलने जा रहा है। Microsoft अन्य प्रोडक्ट के नाम से भी Office की ब्रांडिंग हटा रहा है जैसे Word, Excel, PowerPoint और अन्य एप्स।
Microsoft ने इसकी जानकारी अपनी वेबसाइट के FAQs पर दी है। फिलहाल Microsoft Office के एप को Office.com के जरिए एक्सेस किया जा रहा है, लेकिन आने वाले समय में यह डोमेन Microsoft365.com हो जाएगा। नई ब्रांडिंग के साथ लोगो भी बदलेगा।
FAQs पेज के मुताबिक नाम बदलने की शुरुआत अगले महीने से होगी और यह बदलाव Windows, MacOS, iOS और Android सभी डिवाइस पर दिखेगा। इसके अलावा कंपनी मोबाइल और डेस्कटॉप के लिए एक अलग से एप लॉन्च करेगी जिसे Microsoft 365 कहा जाएगा। यह एप भी यूजर्स को नाम बदलने के बारे में जानकारी देगा।
लोगो से लेकर डिजाइन तक के बदलाव सिर्फ Microsoft 365 के एप्स के लिए होंगे ना कि Microsoft Office के लिए, हालांकि Word, Excel, PowerPoint, Teams, Outlook, Clipchamp, Stream और Designer के नाम और ब्रांडिंग पहले जैसे ही रहेंगे।
Microsoft 365 कब रोल आउट होगा रेडमंड स्थित कंपनी का कहना है कि माइक्रोसॉफ्ट 365 से संबंधित बदलाव नवंबर 2022 में Office.com के लिए शुरू हो जाएंगे। विंडोज़ और ऑफिस मोबाइल ऐप पर ऑफिस ऐप के लिए बदलाव जनवरी 2023 में शुरू हो जाएंगे। सभी बदलाव होंगे उन सभी पर लागू होता है जो कार्यालय, स्कूल या व्यक्तिगत उपयोग के लिए कार्यालय ऐप का उपयोग करते हैं।
माइक्रोसॉफ्ट 365 में क्या शामिल होगा Microsoft 365 में जैसे ऐप्स शामिल होंगे माइक्रोसॉफ्ट टीम, वर्ड, एक्सेल, पॉवरपॉइंट, आउटलुक, वनड्राइव, और बहुत कुछ जो लोग पहले से ही पर्सनल कंप्यूटर और ऑफिस में इस्तेमाल कर रहे हैं। Microsoft का कहना है कि आपके मौजूदा खाते, प्रोफ़ाइल, सदस्यता या फ़ाइलों पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा।
Microsoft 365 टूल तक कैसे पहुँचें Microsoft वेब, Microsoft Store (Windows के लिए), और Google Play और Apple App Store दोनों पर एक नया Microsoft 365 ऐप जारी करेगा। ऐप आपको सभी उत्पादकता टूल तक पहुंच प्रदान करेगा।
Microsoft 365 में नया क्या है Microsoft 365 को नए प्रकार की सामग्री निर्माण और टेम्प्लेट, नए ऐप्स मॉड्यूल, वेलकम बैजिंग मिलेगी जो आपको अपनी Microsoft 365 सदस्यता स्थिति देखने और एक आसान स्थान पर संग्रहण उपयोग को ट्रैक करने की अनुमति देगा, और मेरी सामग्री सुविधा आपकी सभी सामग्री तक पहुँचने के लिए, अन्य के साथ ।
गेहूं का सरकारी भंडार अक्टूबर की शुरुआत में बफर मानक से 11 फीसदी बढ़कर 227.46 लाख टन पर पहुंच गया। हालांकि, भारतीय खाद्य निगम के गोदामों में रखे गए गेहूं की मात्रा पांच साल के निचले स्तर पर आ गई है।गेहूं की उपज में गिरावट आने से सरकारी खरीद 57 फीसदी तक कम रहने और निजी कारोबारियों की अधिक खरीद से एफसीआई के गेहूं भंडार में गिरावट आई है। खाद्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, धान का भंडार एक अक्टूबर तक 283.9 लाख टन पहुंच गया, जो बफर भंडार के निर्धारित मानक के दोगुने से भी अधिक है।निर्धारित मानकों के मुताबिक, सरकार को अपने बफर भंडार में 205.2 लाख टन गेहूं और 102.5 लाख टन धान का स्टॉक एक अक्टूबर तक रखना होता है। खाद्य मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, गेहूं का भंडार अब सुविधाजनक स्तर पर पहुंच गया है।
आंकड़ों के मुताबिक, फसल विपणन सत्र 2022-23 में गेहूं की सरकारी खरीद भारी गिरावट के साथ 187.92 लाख टन रह गई। यह एक साल पहले के खरीदे गए 433.44 लाख टन के मुकाबले 57 फीसदी कम है। इसकी प्रमुख वजह निजी कारोबारियों की ओर से बड़े पैमाने पर की गई खरीदारी है। इसके अलावा, गेहूं का उत्पादन भी इस साल 3 फीसदी कम रहा है। सरकारी खरीद में गिरावट आने से सरकार ने इस गेहूं के निर्यात पर रोक लगा दी। नई फसल के लिए बुवाई की शुरुआत होने वाली है।
चार बैंकों ने एफडी और आरडी पर 0.75 % तक ब्याज बढ़ा दिया है। एचडीएफसी बैंक ने आरडी पर 0.50% और एक्सिस बैंक ने एफडी पर 0.75% तक ब्याज बढ़ाया है। एचडीएफसी बैंक की नई दर 11 अक्तूबर से लागू है। अब वह आरडी पर 6.10% तक ब्याज देगा।
एक्सिस बैंक ने एफडी पर 0.75% ब्याज बढ़ाकर 6.20% कर दिया है। नई दर 14 अक्तूबर से लागू है। इक्विटास स्मॉल फाइनेंस बैंक ने बचत खाते, एफडी और आरडी पर ब्याज दर बढ़ा दिया है।एसबीआई ने सभी अवधि की एफडी पर ब्याज दरों में 0.20 फीसदी तक की बढ़ोतरी की है। नई दरें दो करोड़ रुपये से कम एफडी पर लागू होंगी। बैंक के मुताबिक, बढ़ी हुई दरें 15 अक्तूबर, 2022 से लागू हैं। बैंक ने दो महीने के अंतराल के बाद रिटेल टर्म डिपॉजिट पर ब्याज दरों में बढ़ोतरी की है।
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने विश्व बैंक से भारत सरकार की ओर से प्रदान की जाने वाली सब्सिडी के बारे में ‘एकतरफा’ दृष्टिकोण अपनाने से बचने का आग्रह किया है और कहा है कि कमजोर वर्ग के परिवारों को दिए जाने वालपे ‘विकृत सब्सिडी’ और ‘लक्षित समर्थन’ के बीच का अंतर समझना महत्वपूर्ण है।शुक्रवार को विश्व बैंक विकास समिति की बैठक के दौरान एक हस्तक्षेप में बोलते हुए सीतारमण ने कहा कि सतत विकास लक्ष्यों के कई प्रमुख मापदंडों पर भारत के प्रदर्शन को बेहतर बनाने में सब्सिडीज ने एक निश्चित योगदान दिया है।सीतारमण ने कहा, “हम बैंक से सब्सिडी के एक आयामी दृष्टिकोण से बचने का आग्रह करते हैं। सीतारमण ने कहा कि विकृत सब्सिडी और कमजोर परिवारों को लक्षित सहायता प्रदान करने के बीच अंतर करना महत्वपूर्ण है।”इससे पहले, अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष की ओर से वैश्विक आर्थिक संकट के बीच भारत को निवेश के लिए एक उज्ज्वल स्थान के रूप में वर्णित करने के एक दिन बाद केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने भी देश की अर्थव्यवस्था की प्रशंसा की।विश्व बैंक और आईएमएफ की जारी वार्षिक बैठक के दौरान आईएमएफ समिति को संबोधित करते हुए वित्त मंत्री ने कहा, "अनिश्चितताओं की दुनिया में, भारत बहुत कम असाधारण प्रदर्शन करने वाली अर्थव्यवस्थाओं में से एक है"।