Home Blog Page 6545

मुख्यमंत्री चौहान ने कबाड़ी वाला संस्था के सदस्यों और लेखक चतुर्वेदी के साथ पौध-रोपण किया

0

भोपाल : मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने आज स्मार्ट पार्क में बादाम, गूलर और सप्तपर्णी के पौधे लगाए। मुख्यमंत्री श्री चौहान के साथ कबाड़ी वाला संस्था के सदस्यों ने भी पौध-रोपण किया। इस संस्था के 5 नगर में डेढ़ लाख से अधिक उपभोक्ता कबाड़ की सामग्री रीसायकल करने के लिए इस्तेमाल करते हैं। भोपाल नगर निगम के साथ मिल कर मटेरियल रिकवरी फेसिलिटी सेंटर भी संचालित किया जाता है। संस्था स्वच्छता के क्षेत्र में भी कार्य करती है। सामग्री को रीसायकल कर उसके प्रयोग के लिए लोगों को प्रोत्साहन देने का कार्य किया जा रहा है। संस्था को हाल ही में नई दिल्ली में पुरस्कृत भी किया गया है। पौध-रोपण में द कबाड़ीवाला संस्था के सदस्यों श्री अनुराग असाटी, श्री कविंद्र रघुवंशी, श्री अमित चतुर्वेदी, श्री समीर कारपेंटर और सुश्री सोनिया नैन ने हिस्सा लिया।

मुख्यमंत्री श्री चौहान के साथ इंदौर में कार्यरत सूचना प्रौद्योगिकी से जुड़े सदस्यों श्री मलय दीक्षित, श्रीमती प्रियंका दीक्षित, श्री गोपाल दीक्षित और श्रीमती मंजुला दीक्षित ने विवाह वर्षगाँठ पर पौध-रोपण किया। भोपाल के लेखक और पत्रकार श्री कौशल किशोर चतुर्वेदी ने भी परिजन और मित्र गण के साथ पौध-रोपण में हिस्सा लिया।

पौधों का महत्व

आज लगाया गया बादाम एक मेवा है। तकनीकी दृष्टि से यह बादाम के पेड़ के फल का बीज है। बादाम के पेड़ में गुलाबी और श्वेत रंग के सुंगधित फूल लगते हैं। गूलर के फल अंजीर की तरह होते हैं, यह भी आयुर्वेद की दृष्टि से महत्वपूर्ण है। सप्तपर्णी का पौधा सदाबहार औषधीय वृक्ष है, जिसका आयुर्वेद में बहुत महत्व है। इस पौधे का उपयोग विभिन्न औषधियों के निर्माण में किया जाता है।

राज्यपाल पटेल ने विश्वरंग पुस्तक यात्रा का किया शुभारंभ

0

भोपाल : राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल ने राजभवन से “विश्वरंग पुस्तक यात्रा” का आज झंडी दिखा कर शुभारम्भ किया। आजादी के अमृत महोत्सव पर आईसेक्ट ग्रुप ऑफ यूनिवर्सिटीज द्वारा आयोजित “विश्वरंग पुस्तक यात्रा” का उद्देश्य भारत के स्वतंत्रता आन्दोलन के योगदान से जनमानस को परिचित कराना है।

बताया गया कि स्वतंत्रता सेनानियों के साथ ही देश की संस्कृति और विरासत को विश्व के मानचित्र पर प्रस्तुत करने वाले रचनाकार, इतिहासकार और वैज्ञानिकों के योगदान को पहचान, यात्रा दिलाएगी। "विश्वरंग पुस्तक यात्रा" में कुल 11 यात्रा होंगी। विश्वविद्यालय के कुलाधिपति श्री संतोष चौबे, चांसलर प्रो. श्री सिद्धार्थ चतुर्वेदी, कुलपति डॉ. ब्रह्मप्रकाश पेठिया, कुलसचिव डॉ. विजय सिंह, टैगोर विश्व कला और संस्कृति केन्द्र के निदेशक श्री विनय उपाध्याय भी उपस्थित थे।
 

कल लॉन्च होगा Tecno Pova Neo 5G का स्मार्टफोन 

0

टेक्नो ने खुद घोषणा की है कि लेटेस्ट Tecno Pova Neo 5G स्मार्टफोन भारत में 23 सितंबर को लॉन्च होने के लिए तैयार है। हैंडसेट को 18W फास्ट चार्जिंग सपोर्ट के साथ 6000mAh बैटरी के साथ आने के लिए टीज किया है। इसके मीडियाटेक डाइमेंसिटी 810 चिप से लैस होने की भी पुष्टि की गई है। एक रिपोर्ट के अनुसार, भारत में अपेक्षित कीमत और हैंडसेट के स्पेसिफिकेशन के बारे में जानकारी दी गई थी। कहा जा रहा है कि हैंडसेट में 6.5 इंच का AMOLED डिस्प्ले है। यह कथित तौर पर Android 12 पर बेस्ड HiOS UI पर काम करेगा।रिपोर्ट के अनुसार, Tecno Pova Neo 5G की भारत में कीमत 17,000 रुपये से 19,000 रुपये के बीच बताई गई है। फोन कथित तौर पर सप्पायर ब्लैक और स्प्रिंट ब्लू कलर ऑप्शन्स में आएगा। बता दें कि कंपनी ने ट्विटर के माध्यम से घोषणा की है कि Tecno Pova Neo 5G भारत में 23 सितंबर को डेब्यू करेगा।

Tecno Pova Neo 5G को 6nm MediaTek डाइमेंसिटी 810 चिपसेट से लैस होने की पुष्टि की गई है, जिसे 6000mAh की बैटरी और 18W फास्ट चार्जिंग सपोर्ट के साथ जोड़ा गया है।अपकमिंग टेक्नो स्मार्टफोन में 4GB रैम और 128GB ऑनबोर्ड स्टोरेज होने की बात कही गई है।ऑप्टिक्स के लिए, फोन में एलईडी फ्लैश के साथ 50-मेगापिक्सल का डुअल रियर कैमरा सेटअप हो सकता है। यह फ्रंट में 8-मेगापिक्सल का सेल्फी कैमरा भी स्पोर्ट कर सकता है।

नागपुर में बारिश के चलते अभ्यास नहीं कर सके भारत-ऑस्ट्रेलिया के खिलाड़ी

0

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीन टी20 मैचों की सीरीज का दूसरा मुकाबला नागपुर में 23 सितंबर को खेला जाएगा। इस मैच पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं।शुक्रवार को भी बारिश के आसार हैं। इस यह अनुमान लगाया जा रहा है कि मैच प्रभावित हो सकता है।नागपुर में बुधवार रात और गुरुवार सुबह जमकर बारिश हुई है। दोनों टीमें बुधवार को नागपुर पहुंची थी और उसे गुरुवार को अभ्यास करना था। खिलाड़ी होटल से स्टेडियम नहीं गए।उन्होंने होटल के जिम में ही पसीना बहाया। विदर्भ क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में दर्शकों की क्षमता 45 हजार हैं और सारे टिकट बिक चुके हैं। अगर मैच नहीं होता है तो दर्शकों को पैसे वापस किए जाएंगे।ग्राउंड्समैन ने पिच को देखने के लिए गुरुवार दोपहर को कवर हटाए, लेकिन बूंदा बांदी के खतरे के कारण जल्द ही कवर फिर से डाल दिए गए। विदर्भ क्रिकेट एसोसिएशन अधिकारियों के अनुसार, वे सुपर सॉपर चला रहे हैं और यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि कोई रिसाव न हो। यह स्टेडियम शहर से 20 किलोमीटर दूर है। इसके बावजूद दर्शकों में जबरदस्त उत्साह है। यहां तीन साल में पहली बार कोई अंतरराष्ट्रीय मैच खेला जाएगा।

 

घर पर ही करें बॉडी पॉलिशिंग मिलेंगे कई फायदे

0

क्या है बॉडी पॉलिशिंग ?

बॉडी पॉलिशिंग त्वचा को स्वस्थ और सुंदर बनाए रखने का एक आसान ब्यूटी ट्रीटमेंट है। यह त्वचा से मृत त्वचा को दूर करने के साथ चमकदार बनाती है। यही नहीं इससे त्वचा पर टैनिंग को भी कम किया जा सकता है। बॉडी पॉलिशिंग में सबसे पहले करीब दस मिनट तक स्क्रब किया जाता है। हल्के हाथों से मसाज की जाती हैं। इसके बाद बॉडी वॉश करके त्वचा पर ग्लो पैक लगाया जाता है। 10 मिनट बाद पैक हटाने के बाद बॉडी शाइनर या बॉडी ऑयल लगाकर शरीर की मसाज की जाती है।

बॉडी पॉलिशिंग के फायदे : बॉडी पॉलिशिंग करने से त्वचा की मृत कोशिकाएं हट जाती है साथ ही टैनिंग भी दूर हो जाती है। इससे शरीर को बहुत आराम महसूस होता है और तनाव भी कम होता है। पॉलिशिंग करने से शरीर की रंगत एक समान होती है। चेहरे, हाथों और पैरों की तरह ही शरीर के अन्य हिस्सों को साफ, स्वस्थ और सुंदर रखना बहुत ही जरूरी रहता है। इसके लिए बॉडी पॉलिशिंग बहुत ही बेहतरीन विकल्प है। इसकी मदद से आप अपने शरीर के सभी अंगों की डेड स्किन से छुटकारा पाया जा सकता है। बॉडी पॉलिशिंग एक ब्यूटी ट्रीटमेंट है जिससे आपकी त्वचा में निखार आता है।

चीनी और स्ट्रॉबेरी स्क्रब : इसको बनाने के लिए सबसे पहले कुछ स्ट्रॉबेरी और चार या पांच चम्मच चीनी को पीसकर पेस्ट बना लें। इसे अपने पूरे शरीर पर लगाएं और इसे धोने से पहले लगभग 10 मिनट तक सूखने दें। फिर बादाम के तेल से पूरे शरीर को 5 मिनट कर मसाज करें। यह आप महीने में एक या दो बार कर सकते हैं।

दलिया और अंगूर के बीज का तेल : एक कप अंगूर के बीज के तेल में एक कप ओटमील पाउडर और आधा कप समुद्री नमक मिलाएं। पर्याप्त मात्रा में अंगूर के बीज का तेल मिलाकर इसका गाढ़ा पेस्ट बना लें। इसे अपने शरीर पर लगाएं और कोमल मालिश करें। फिर इसे साफ करने के लिए रेगुलर पानी का उपयोग करें।

समुद्री नमक और विटामिन ई : आप घर पर ही अपनी त्वचा को चमकाने के लिए समुद्री नमक और विटामिन ई का उपयोग कर सकते हैं। एक कप समुद्री नमक में दो से तीन बड़े चम्मच विटामिन ई तेल मिलाएं। पेस्ट बनाने के लिए 2 से 3 चम्मच शहद और अच्छी मात्रा में बेबी ऑयल मिलाएं। इस पॉलिश मिश्रण को अपने पूरे शरीर पर लगाएं और मालिश करें।

कॉफी और चीनी : एक मोटा पेस्ट बनाने के लिए आधा कप चीनी और कॉफी मिलाएं और इसमें पर्याप्त मात्रा में नारियल का तेल डालें और मिलाए। फिर इसे शरीर पर लगाएं और 10 से 12 मिनट तक मालिश करें। फिर गुनगुने पानी से नहा लें।

शारदीय नवरात्रि की तैयारी शुरू

0

ग्वालियर । गणेश उत्सव के बाद अब शहर में शारदीय नवरात्र की तैयारियां शुरू हो गई। नगर के सभी प्रमुख देवी   मंदिरों में अगर साफ सफाई के साथ पूजा, जप तप, अनुष्ठान की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है तो दुर्गा पंडाल लगाने वाली समितियां के साथ मूर्तिकार मां दुर्गा की प्रतिमाओं को अंतिम रूप से रहे है।शहर में जगह जगह देवी मां की प्रतिमाएं स्थापित की जाएगी ।  मूर्तिकार  कई फीट ऊंची प्रतिमाएं तैयार  कर रहे है। मूर्ति में लगने वाली सामग्री के दाम बढ़ जाने से इस बार भक्तों को प्रतिमाओं  के दाम  न्यौछावर के रुप मे अधिक देने पडेगे।   शारदीय नवरात्र २६ सितंबर प्रारंभ हो जाएंगे। इन नवरात्र में दुर्गा प्रतिमा स्थापित करने की परंपरा है। इसलिए शहर में कई स्थानों पर इसकी तैयारियां शुरू कर दी गई।   पंडालों में नौ दिन तक आकर्षक झांकियां लगाई जाएंगी। भजन, कीर्तन के साथ सांस्कृतिक आयोजन भी होंगे। पूरे शहर में माता के भक्त नवरात्र में शक्ति की भक्ति में लीन रहेगे। वहीं देवर मंदिरों में भी इन दिनों भक्तों की भारी भीड रहेंगी।

इन घरेलू उपायों से मोटापा करें कम

0

1. नींबू के साथ शहद : विटामिन सी से भरपूर नींबू शरीर के एक्स्ट्रा फैट को कम करने का काम करता है। दूसरी चीज़ है शहद, जिसमें प्राकृतिक मिठास होती है, जो बिना कोलेस्ट्रॉल बढ़ाए वजन कम करने में मदद करता है।

2. पत्तागोभी : पत्तागोभी में प्रोटीन और कार्बोहाइड्रेट होता है लेकिन कम मात्रा में तो वहीं फाइबर अच्छी-खासी मात्रा में। तो वजन घटाने के लिए आप पत्तेगोभी से बना सूप, सब्जी व सलाद खा सकते हैं।

3. पानी : मोटापा कम करने के लिए शरीर का हाइड्रेट रहना भी बेहद जरूरी है। दिन में 7-8 ग्लास पानी पीने से पेट भरा हुआ सा महसूस होता है जिससे भूख कम लगती है, ओवरईटिंग से बचा जा सकता है, जो मोटापा बढ़ाने के लिए जिम्मेदार है।

4. गाजर :  गाजर भी लो कैलोरी वाली सब्जी है, जिसे खाकर बढ़ते हुए वजन को कंट्रोल किया जा सकता है। इसके अलावा इसमें फाइबर भी अच्छी-खासी मात्रा में मौजूद होता है जो मोटापे को कम करने का काम करता है।

5. सौंफ : अतिरिक्त मोटापा घटाने में सौंफ भी बेहद फायदेमंद है। सौंफ फाइबर युक्त होता है जो भूख को नियंत्रित कर वजन घटाने में मदद करती है।

6. ग्रीन टी : बिना मेहनत मोटापा कम करने के उपाय के रूप में आप ग्रीन टी का सेवन भी कर सकते हैं। ग्रीन टी वजन घटाने के साथ ही बॉडी को डिटॉक्स करने का भी काम करती है।

7. खीरा : खीरा कई तरह से वजन घटाने में मदद करता है। यह कम कैलोरी युक्त होता है साथ ही इसमें पानी की मात्रा भी बहुत ज्यादा होती है और पानी शरीर के वजन को नियंत्रित करने का काम करता है।

UPSC की ओर से जियो साइंटिस्ट के 285 पदों पर निकली भर्ती

0

जियो साइंटिस्ट भर्ती के लिए नोटिफिकेशन जारी हुआ है। इस साल इस परीक्षा के माध्यम से कुल 285 पदों पर भर्ती होगी। UPSC की ओर से जारी नोटिफिकेशन के अनुसार, जियो साइंटिस्ट भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया 21 सितंबर 2022 से शुरू हो गई है। इन पदों पर आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों को 11 अक्टूबर 2022 तक का समय दिया गया है।

यूनियन पब्लिक सर्विस कमीशन की ओर से जारी नोटिफिकेशन के अनुसार, जियोलॉजिस्ट ग्रुप A के कुल 216 पदों पर भर्तियां होंगी। इसके अलावा जियो फिजिस्ट ग्रुप A के 21 पदों पर, केमिस्ट के 19 और साइंटिस्ट बी के 29 पदों पर भर्तियां की जाएंगी।

फीस- उम्मीदवारों को अप्लीकेशन फीस के तौर पर 200 रुपये जनरल कैटेगरी और ओबीसी उम्मीदवारों को जमा करने होंगे। वहीं एससी, एसटी और पीएच वर्ग के उम्मीदवारों को कोई फीस नहीं देनी होगी।

ऐसे करें आवेदन

1. उम्मीदवार ऑफिशियल वेबसाइट- upsc.gov.in पर क्लिक करें। 
2. वेबसाइट के होम पेज पर What’s New के लिंक पर क्लिक करें।
3. इसके बाद Exam Notification: Combined Geo-Scientist (Preliminary) Examination, 2023 के लिंक पर क्लिक करें।
4. अब Click Here to Apply के ऑप्शन पर जाएं।
5. अगले पेज पर मांगी गई डिटेल्स भरकर रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरी कर लें।
6. रजिस्ट्रेशन नंबर के माध्यम से एप्लीकेशन फॉर्म भर सकते हैं।
7. आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद आगे की जरूरत के लिए एक प्रिंट लेकर रख लें।

पीसी शर्मा व उनके समर्थकों पर सरकारी कार्य बाधा डालने का केस

0

भोपाल  । प्रदेश के पूर्व मंत्री व कांग्रेस विधायक पीसी शर्मा और उनके समर्थकों के खिलाफ  टीटी नगर थाना पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। उन पर शासकीय कार्य में बाधा डालने का आरोप लगाय गया था। श्री शर्मा के साथ पार्षद गुड्डू चौहान व अन्य समर्थकों पर शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने का केस दर्ज किया है। बता दें कि मंगलवार को गुलाब उद्यान के पास अतिक्रमण हटाने के दौरान विधायक और उनके समर्थकों ने जमकर हंगामा किया था। कार्रवाई रोकने के लिए पार्षद योगेंद्र सिंह गुड्डू चौहान नगर निगम का मिनी ट्रक खुद चलाकर ले गए थे। इससे निगम अमला कार्रवाई नहीं कर पाया था। मामले में पूर्व मंत्री पीसी शर्मा, पार्षद गुड्डू चौहान, नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष शबिस्ता जकी, पूर्व पार्षद मोनू सक्सेना व अन्य भी आरोपित बनाया गया है। टीटीनगर थानाप्रभारी चैन सिंह के मुताबिक मंगलवार को निगम का अमला लिंक रोड नंबर-एक स्थित गुलाब उद्यान के पास पहुंचा था। यहां 40 आदिवासी परिवार सरकारी जमीन पर लंबे समय से झुग्गियां बनाकर रह रहे थे। अमले ने कार्रवाई शुरू की, तभी वहां पूर्व मंत्री पीसी शर्मा समर्थकों के साथ पहुंचे। जब निगम अमला पीछे नहीं हटा, तो पार्षद चौहान ने अतिक्रमण अमले के मिनी ट्रक के चालक को उतारकर खुद ड्राइविंग सीट पर बैठ गए थे। इसके बाद वे निगम अफसरों के सामने ही ट्रक को स्टार्ट कर कुछ दूर ले गए और ट्रक खड़ा करके चले गए थे। कांग्रेस नेताओं द्वारा ट्रक ले जाने पर निगम का अतिक्रमण अमला देखता रह गया था। अमला गुलाब उद्यान के पास झुग्गियों में रहने वाले आदिवासी परिवारों को शिफ्ट करने पहुंचा था। इन परिवारों को हाउसिंग फॉर ऑल (एचएफए) के तहत बनाए गए कोकता प्रोजेक्ट में मकान आवंटित किए गए हैं। कांग्रेसियों ने दो दिन तक कार्रवाई नहीं होने दी थी। बताया जाता है कि गाड़ी छीनने के मामले को निगम के अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों ने गंभीरता से लिया। इसी मामले में बुधवार को टीटी नगर थाना पुलिस ने एफआइआर दर्ज कर ली है।

पेंशनरों को पेंशन पर मंहगाई राहत स्वीकृत

0

जबलपुर । राज्य शासन ने पेंशनरों को पेंशन पर मंहगाई राहत स्वीकृत कर सभी विभागों को स्वीकृत महंगाई राहत का शीघ्र भुगतान करने के निर्देश दिए हैं। वर्तमान में राज्य शासन के पेंशनरों, परिवार पेंशनरों को एक मई (भुगतान माह जून २०२२) से छटवें वेतन मान में मूल पेंशन, परिवार पेंशन पर १७४ प्रतिशत की दर से एवं सातवें वेतनमान में २२ प्रतिशत की दर से महंगाई राहत स्वीकृत है। राज्य शासन के आदेश पर मंहगाई राहत की दर में एक अगस्त २०२२ से छटवां वेतनमान में मंहगाई राहत दर १८९ प्रतिशत और सातवां वेतनमान में २८ प्रतिशत होगी। बढ़ी दर सितम्बर २०२२ से देय होगी। आदेश के अनुसार ८० वर्ष या उससे अधिक की आयु के पेंशनरों को देय अतिरिक्त पेंशन पर भी महंगाई राहत देय होगी। महंगाई राहत अधिवार्षिकी, सेवानिवृत्त, असमर्थता तथा क्षतिपूर्ति पेंशन पर देय होगी। सेवा से पदच्युत या सेवा से हटाए गए कर्मचारियों को स्वीकार किए गए अनुकंपा भत्ता पर भी महंगाई राहत की पात्रता होगी तथा परिवार पेंशन तथा असाधारण पेंशन प्राप्त करने वाले पेंशनरों को भी महंगाई राहत वित्त विभाग के प्रासंगिक आदेश अनुसार देय होगी। यदि किसी व्यक्ति को उसके पति-पत्नी की मृत्यु के कारण अनुकंपा के आधार पर सेवा में रखा गया है तो ऐसे मामलों में परिवार पेंशन पर महंगाई राहत की पात्रता नहीं होगी परंतु यदि पति-पत्नी की मृत्यु के समय वह सेवा में हैं तो पति-पत्नी की मृत्यु के कारण देय परिवार पेंशन पर उसे महंगाई राहत की पात्रता होगी। ऐसे पेंशनरों, जिन्होंने अपनी पेंशन का एक भाग सारांशीकृत कराया है, उन्हें महंगाई राहत उनकी मूल पेंशन पर देय होगी। यह आदेश राज्य शासन के ऐसे सेवानिवृत्त कर्मचारियों पर भी लागू होंगे जिन्होंने उपक्रमों, स्वशासी संस्थानों, मंडलों, निगमों आदि में संविलियन पर एकमुश्त राशि आहरित की है और जो पेंशन के एक तिहाई हिस्से के प्रत्यावर्तन के पात्र हो गए हैं। महंगाई राहत के भुगतान पर होने वाले रुपए के अपूर्ण भाग को अगले रुपए में पूर्णांकित किया जायेगा। संचालक पेंशन को बैंक की शाखाओं में नमूना जांच करने तथा विसंगति की स्थिति में उसका समायोजन आगामी माह के भुगतानों में करने के निर्देश दिये गये हैं। सभी पेंशन संवितरणकर्ता अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे मध्यप्रदेश कोषालय संहिता २०२० के प्रावधानों को ध्यान में रखते हुए पेंशनरों को स्वीकृत मंहगाई राहत का भुगतान सुनिश्चित करें।

Join Whatsapp Group
Join Our Whatsapp Group