पट्टे के सर्वे से छूटे परिवार सर्वे कराएं : शिव वर्मा पटवारी-आरआई से संपर्क कर मकान का सर्वे करवाने की अपील

0
6

राजनांदगांव।  भारतीय जनता पार्टी झुग्गी-झोपड़ी प्रकोष्ठ के जिला संयोजक शिव वर्मा ने पट्टे के सर्वे से छूटे परिवारों से अपील की है कि वे अपने क्षेत्र के पटवारी एवं आरआई से संपर्क कर अपने मकान का सर्वे अवश्य करवाएं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पट्टे से संबंधित सर्वे का कार्य चल रहा है। ऐसे में कोई भी पात्र परिवार सर्वे से वंचित न रहे इसके लिए लोगों को स्वयं भी जागरूक होकर संबंधित अधिकारियों से संपर्क करना चाहिए।
श्री वर्मा ने कहा कि लंबे समय से आबादी क्षेत्र में निवासरत परिवारों को उनके आवास एवं भूमि से संबंधित अधिकारों का लाभ दिलाने की दिशा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा भी प्रदेशभर में पट्टे से संबंधित सर्वे कराया जा रहा है। इस सर्वे के माध्यम से ऐसे परिवारों को चिन्हित किया जा रहा है जो विभिन्न कारणों से अभी तक पट्टे का लाभ प्राप्त नहीं कर पाए हैं। उन्होंने बताया कि जिन परिवारों को एक वर्षीय पट्टा प्राप्त हुआ है जिनके पास अभी तक पट्टा नहीं है अथवा जिन्होंने किसी अन्य व्यक्ति के पट्टे की जमीन खरीदी है ऐसे परिवार भी सर्वे के दायरे में हैं। इसलिए संबंधित परिवार अपने मकान एवं भूमि की स्थिति का सर्वे करवाने के लिए पटवारी या आरआई से संपर्क करें। श्री वर्मा ने कहा कि कई बार सर्वे के दौरान कुछ परिवार छूट जाते हैं या संबंधित कर्मचारी किसी कारणवश उनके घर तक नहीं पहुंच पाते। ऐसी स्थिति में परिवारों को इंतजार करने के बजाय स्वयं पहल करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि पटवारी या आरआई उनके क्षेत्र में सर्वे के लिए नहीं पहुंचते हैं तो परिवार संबंधित अधिकारी से संपर्क कर अपने मकान का सर्वे जरूर करवाएं ताकि पात्र परिवार शासन की योजना के लाभ से वंचित न रहें। उन्होंने कहा कि पट्टे का मुद्दा लंबे समय से आम जनता की प्रमुख समस्याओं में शामिल रहा है। चुनाव के दौरान भी नागरिक अपने पट्टे से संबंधित समस्याओं को जनप्रतिनिधियों के समक्ष प्रमुखता से रखते हैं। ऐसे में वर्तमान सर्वे कार्य को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन को भी यह सुनिश्चित करना चाहिए कि कोई भी पात्र परिवार सर्वे से छूटने न पाए। भाजपा झुग्गी-झोपड़ी प्रकोष्ठ के जिला संयोजक शिव वर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार की मंशा पात्र परिवारों को उनके अधिकार का लाभ दिलाने की है। इसके लिए प्रशासनिक स्तर पर चल रहे सर्वे में आम नागरिकों की सहभागिता भी जरूरी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने दस्तावेजों एवं मकान से संबंधित जानकारी के साथ पटवारी और आरआई से संपर्क करें तथा समय रहते सर्वे की प्रक्रिया पूरी करवाएं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, विधानसभा अध्यक्ष एवं विधायक डॉ. रमन सिंह, लोकसभा सांसद संतोष पांडे और नगर निगम के महापौर मधुसूदन यादव के नेतृत्व में क्षेत्र के विकास और जनहित से जुड़े विषयों को प्राथमिकता दी जा रही है। पट्टे से संबंधित समस्या भी आम जनता के हित से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है, इसलिए इस दिशा में प्रशासनिक कार्रवाई को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाया जाना आवश्यक है। श्री वर्मा ने जिला प्रशासन से भी आग्रह किया कि पट्टे के सर्वे की प्रक्रिया की नियमित निगरानी की जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि आबादी क्षेत्रों में रहने वाला कोई भी पात्र परिवार सर्वे से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि सर्वे पूरा होने के बाद पात्र परिवारों को नियमानुसार पट्टे का लाभ मिलने की उम्मीद है, इसलिए नागरिकों को इस अवसर का लाभ उठाते हुए अपने मकान का सर्वे अवश्य करवाना चाहिए।