Saturday, July 27, 2024
Homeराज्‍यमध्यप्रदेशMP: दोपहर 3:30 बजे 28 मंत्री लेंगे शपथ, पहली बार के विधायक...

MP: दोपहर 3:30 बजे 28 मंत्री लेंगे शपथ, पहली बार के विधायक नरेंद्र शिवाजी पटेल के साथ कई युवा बनेंगे मंत्री

MP : मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मंत्रिमंडल का आज दोपहर 3:30 बजे विस्तार होने जा रहा है। मंत्रिमंडल विस्तार में कई चौकाने वाले चेहरे भी शामिल किए जा रहे हैं, वहीं कई कद्दावर पूर्व मंत्रियों को मंत्रिमंडल में स्थान नहीं मिलेगा। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय, पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व लोकसभा में पार्टी के पूर्व मुख्य सचेतक रह चुके राजेश सिंह जैसे वरिष्ठ नेताओं को मंत्री बनाया जा रहा है। वहीं पहली बार के विधायक नरेंद्र शिवाजी पटेल, घनश्याम चंद्रवंशी और सतना जिले की रैगांव विधानसभा से विधायक प्रतिमा बागरी को भी मंत्री बनाए जाने की चर्चा है। राजधानी भोपाल से पूर्व मंत्री विश्वास सारंग के साथ कृष्णा गौर को मंत्री बनाए जाने की चर्चा है। जिन विधायकों को मंत्री बनाया जा रहा है, उन्हें मुख्यमंत्री सचिवालय और राजभवन से फोन पहुंचना शुरू हो गए हैं। अधिकांश दावेदार भोपाल में हैं और जो भोपाल में नहीं हैं, वे भोपाल के लिए रवाना हो चुके हैं।

आज सुबह करीब दस बजे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने राजभवन पहुंचकर राज्यपाल मंगुभाई पटेल से मुलाकात की और आज दोपहर 3:30 बजे मंत्री पद की शपथ लेने वाले विधायकों की सूची सौंपी है। इसके बाद मुख्यमंत्री डॉ. यादव इंदौर के लिए रवाना हो चुके हैं। मुख्यमंत्री इंदौर में हुकुमचंद मिल के पूर्व कर्मचारियों को राशि का वितरण कर रहे हैं। वहीं पूर्व मंत्री इंदर सिंह परमार के साथ विधायक निर्मला भूरिया के पास भी शपथ ग्रहण के लिए फोन पहुंचने की खबर है।

यह विधायक बनेंगे मंत्री

  • कैलाश विजयवर्गीय
  • प्रहलाद सिंह पटेल
  • राव उदय प्रताप सिंह
  • राकेश सिंह
  • विश्वास सारंग
  • तुलसी सिलावट
  • राकेश शुक्ला
  • नारायण सिंह कुशवाहा
  • प्रद्युम्न सिंह तोमर
  • कृष्णा गौर
  • एंदल सिंह कंषाना
  • संपतिया उईके
  • ब्रजेंद्र प्रताप सिंह
  • अर्चना चिटनिस

ऐसा होगा मंत्रिमंडल

बताया जा रहा है कि मंत्रिमंडल विस्तार में 18 कैबिनेट, चार राज्यमंत्री और छह राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) की शपथ लेंगे। पूर्व मंत्री जगन्नाथ सिंह की पुत्रवधू चितरंगी से विधायक राधा सिंह को भी मंत्री बनाए जाने की चर्चा है। वे भी सीधी से भोपाल के लिए रवाना हो चुकी हैं।

कई कद्दावर नेताओं को नहीं पहुंचा फोन

मंत्रिमंडल विस्तार के चार घंटे पहले तक कई पूर्व मंत्रियों और कद्दावर नेताओं के पास शपथ ग्रहण को लेकर फोन नहीं पहुंचा था। पूर्व मंत्री भूपेंद्र सिंह, गोविंद सिंह राजपूत, डॉ. प्रभुराम चौधरी, जयंत मलैया को शपथ के लिए फोन नहीं पहुंचने की सूचना है। हालांकि अधिकांश विधायक जो मंत्री पद के दावेदार हैं वे भोपाल में ही मौजूद हैं। ऐसे में और कौन-कौन मंत्री पद की शपथ ग्रहण करेगा यह पूरी तरह से स्पष्ट नहीं हो सका है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments