Home Blog Page 5648

भारत स्काउट एण्ड गाइड के स्थापना दिवस पर राज्यपाल पटेल को लगाया गया स्कार्फ और बैच

0

भोपाल : राज्यपाल मंगुभाई पटेल को स्कार्फ और बैच लगा कर भारत स्काउट एंड गाइड का स्थापना दिवस आज राजभवन में मनाया गया। राज्यपाल पटेल ने सहयोग राशि भी भेंट की। भारत स्काउट एंड गाइड मध्यप्रदेश के राज्य सचिव राजेश कुमार मिश्रा एवं अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

शिक्षा प्रगति की पहली सीढ़ी है : राज्यपाल पटेल

0

भोपाल : राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने कहा है कि प्रगति की पहली सीढ़ी शिक्षा है। उन्होंने जनजातीय छात्र-छात्राओं का आव्हान किया कि विकास की मुख्यधारा के साथ कदम ताल के लिए अच्छी से अच्छी शिक्षा प्राप्त करें।

राज्यपाल पटेल एकलव्य विद्यालयों की बैंगलुरु में आयोजित राष्ट्रीय सांस्कृतिक एवं साहित्यिक प्रतियोगिता में तीसरा स्थान प्राप्त करने वाले प्रदेश के छात्र-छात्राओं के दल से आज राजभवन मे चर्चा कर रहे थे। पटेल ने सभी प्रतिभागियों को उपहार भी दिए।

राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने कहा कि जीवन में सफलता के लिए शिक्षा बहुत जरूरी है। जनजातीय बच्चों की अच्छी शिक्षा में कोई बाधा नहीं आए। उन्होंने केंद्र सरकार द्वारा बच्चों की प्रतिभा को उजागर करने के लिए राष्ट्रीय प्रतियोगिता के आयोजन की सराहना की। उन्होंने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार बेहतर शिक्षा के लिए सभी तरह के प्रयास कर रही हैं। विदेशों में शिक्षा प्राप्त करने के प्रयासों में भी सरकार सहयोग करती है और अपने माता-पिता, विद्यालय और गुरूओं के योगदान को कभी भूले नहीं और उनके सम्मान के प्रति सदैव सजग रहें।

आयुक्त जनजातीय कार्य संजीव सिंह ने बताया कि बैंगलुरु कर्नाटक में आयोजित साहित्यिक एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिता में मध्यप्रदेश राज्य के दल ने 13 विभिन्न विधाओं में पुरस्कार प्राप्त किए हैं। प्रतियोगिता में ओवर ऑल मध्यप्रदेश को तीसरा स्थान प्राप्त हुआ है। आभार प्रदर्शन अपर आयुक्त जनजातीय के.जी. तिवारी ने किया।

प्रशिक्षण सम्पूर्ण सेवाकाल की मार्गदर्शिका, दिल दिमाग खुला रख प्राप्त करें : राज्यपाल पटेल

0

भोपाल : राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने आर.सी.वी.पी नरोन्हा प्रशासन एवं प्रबंधकीय अकादमी भोपाल में प्रशिक्षणाधीन अखिल भारतीय सेवा के प्रशासनिक और राजस्व सेवा के अधिकारियों के साथ आत्मीय संवाद किया। अकादमी संचालक सोनाली पोंक्षे वायंगणकर के नेतृत्व में प्रशिक्षु अधिकारी आज सौजन्य भेंट के लिए राजभवन आए थे।
राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने कहा कि प्रशिक्षण के दौरान दिल-दिमाग को खुला रखकर ज्ञान प्राप्त करें। यह संपूर्ण सेवाकाल में उपयोग आने वाली मार्गदर्शिका है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सेवा भावना के साथ कार्य करने से सारा जीवन आनंद के साथ बीतेगा। उन्होंने कहा कि धन से भौतिक सुख की प्राप्ति हो सकती है लेकिन संवेदनशीलता के साथ दूसरों की मदद ही आत्मिक आनंद प्राप्त करने का तरीका है।

राज्यपाल पटेल ने कहा कि सरकार के जन-कल्याणकारी कार्यक्रमों को अंतिम कड़ी तक पहुँचाना अधिकारियों का दायित्व है। इसलिए जरूरी है कि जन-साधारण के साथ आत्मीय व्यवहार करें। आत्मीयता के लिए सामान्य बोलचाल, सरल व्यवहार और संवेदनशील आचरण का पालन पर्याप्त है। उन्होंने कहा कि शासकीय सेवक की कार्यशैली का लक्ष्य जरूरतमंद तथा वंचित वर्गों का भरोसा और दिल जीतने का होना चाहिए। सेवाकाल के दौरान कई समस्याएँ और चुनौतियाँ आएंगी, जिनके समाधान के लिए जरूरी है कि कार्यक्षेत्र की विशेषताओं को समझते हुए संवेदनशीलता के साथ अधीनस्थ कर्मचारियों और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ तालमेल बना कर प्रयास किए जाएं।

अकादमी संचालक सोनाली पोंक्षे वायंगणकर ने स्वागत उद्बोधन दिया। विशेष कर्त्तव्यस्थ अधिकारी सह प्रशिक्षण संचालक रश्मि बघेल ने आभार माना। प्रशिक्षणार्थी अधिकारियों की ओर से वैशाली, अरविंद और जयदीप लकुम ने प्रशिक्षण में प्राप्त अनुभवों को साझा किया।

भाजपा कोर ग्रुप की बैठक मंगलवार को, तोमर-सिंधिया सहित कई दिग्गज होंगे शामिल

0

भोपाल ।   रातापानी अभयारण्य में एक अक्टूबर को हुई बैठक के बाद भाजपा कोर ग्रुप की बैठक मंगलवार को प्रदेश कार्यालय में आयोजित की गई है। पिछली बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री बीएल संतोष शामिल हुए थे। इसमें विधानसभा चुनाव के तैयारियों के मद्देनजर राजनीतिक नियुक्तियों से लेकर वर्ष 2018 के विधानसभा चुनाव की हार के कारण और 2023 के चुनाव की चुनौतियों पर अलग-अलग सत्रों में चर्चा की गई थी। सत्ता-संगठन की मजबूतियों और कमजोरियों पर सभी नेताओं की राय पर अब तक क्या कदम उठाए गए, इस पर कोर ग्रुप फिर चर्चा करेगा। पिछली बैठक में कार्यकर्ताओं में निराशा और उनमें उत्साह भरने के सूत्र तलाशने जैसे मुद्दों पर पार्टी नेताओं ने गंभीरता बरतने की आवश्यकता जताई थी। इसके लिए सत्ता-संगठन में राजनीतिक नियुक्तियों सहित बड़े नेताओं के दौरे बढ़ाने के निर्देश दिए गए थे। बैठक में राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, क्षेत्रीय संगठन मंत्री अजय जामवाल, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, प्रदेशाध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा, प्रदेश महामंत्री हितानंद, केंद्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर, ज्योतिरादित्य सिंधिया, प्रहलाद पटेल, फग्गन सिंह कुलस्ते, वीरेंद्र कुमार सहित 35 नेताओं के शामिल होने की उम्मीद है।

भोपाल में नेशनल यूनियन आफ जर्नलिस्ट्स इंडिया का दो दिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन आयोजित

0

अधिवेशन में देश भर से कई राज्यों के प्रतिनिधियों ले रहे हैं भाग

पत्रकारों को देश हित में अपनी आवाज निष्पक्ष रूप से उठानी चाहिए:  कैलाश विजयवर्गीय

नेशनल रजिस्टर फॉर जर्नलिस्ट्स बनाया जाए: रास बिहारी

भोपाल ।   नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स इंडिया के तत्वाधान में जर्नलिस्ट्स यूनियन ऑफ मध्य प्रदेश द्वारा होटल कैलाश में आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन के मुख्य अतिथि  भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि आज के दौर में पत्रकारिता का परिवेश बदलता जा रहा है । पत्रकारिता का जो वरिष्ठता क्रम था वह गिर रहा है इसमें युवाओं की भागीदारी अधिक हो गई है, जबकि पत्रकारिता में अनुभव की विशेष आवश्यकता है। विजयवर्गीय ने अधिवेशन में  भाग ले रहे लगभग दो सो पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि हमारे भारत की स्वतंत्रता में पत्रकार भाइयों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है इसको नकारा नहीं जा सकता उन्होंने कहा कि पत्रकारों को अपनी आवाज निष्पक्ष रूप से देश हित में उठाना चाहिए हमारा भारत देश विश्व गुरु बने इसमें भी आपका विशेष योगदान होना चाहिए।  जर्नलिस्ट्स प्रोटेक्शन एक्ट के बारे में  विजयवर्गीय ने कहा कि हम पूरी तरह से प्रयास करेंगे कि पत्रकार जगत के हित में शीघ्र ही जर्नलिस्ट्स प्रोटेक्शन एक्ट लागू किया जाए। इसका मे अपनी तरफ से पूरा प्रयास करूंगा। जहाँ भी बात करनी होगी मैं फ्री में आपके लिए एडवोकेसी करूंगा। 

 इसी कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुए राज्यसभा सदस्य श्री अजय प्रताप सिंह ने कहा कि आज के इस आधुनिक दौर में पत्रकारिता का स्वरूप भी बदलता जा रहा है, पत्रकारों द्वारा समाज में अच्छाइयों और बुराइयों दोनों को उठाते रहना चाहिए परंतु जब देश हित की बात आए तो राष्ट्र सर्वोपरि है इस भावना को दृष्टिगत रखते हुए हमेशा राष्ट्र के साथ रहना चाहिए। उन्होंने मौजूद सभी पत्रकारों से राष्ट्रहित में निरंतर काम करने के लिए आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जर्नलिस्ट्स प्रोटेक्शन एक्ट के लिए मैं पूरी तरह से भारत सरकार से मांग करूंगा और राज्यसभा में इसी सत्र में इस विषय को गंभीरता के साथ उठाऊंगा कि पत्रकारों के हित के लिए जर्नलिस्ट्स प्रोटेक्शन एक्ट लागू किया जाए। उन्होंने कहा कि पत्रकारों का हमेशा सम्मान होना चाहिए और सरकारों को भी पत्रकारों के हित में, चाहे आवाज किसी समस्या हो, चाहे चिकित्सा बीमा की हो और चाहे जर्नलिस्ट्स प्रोटेक्शन एक्ट की मांग पर जरूर ध्यान देना चाहिए।

 राष्ट्रीय अधिवेशन को संबोधित करते हुए नेशनल यूनियन आफ जर्नलिस्ट्स इंडिया के राष्ट्रीय महासचिव एवं  प्रेस काउंसिल ऑफ इंडिया  के सदस्य प्रसन्न महंति ने कहा कि पत्रकारों के लिए आज के इस आधुनिक दौर में जर्नलिस्ट्स प्रोटेक्शन एक्ट की आवश्यकता है इसे भारत सरकार को लागू करना चाहिए उन्होंने पत्रकारों के हित में अनेक मुद्दों को उठाया और कार्यक्रम में मौजूद अतिथियों का इस ओर ध्यान आकर्षित कराया । नेशनल यूनियन आफ जर्नलिस्ट्स इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष रास बिहारी ने कहा कि जर्नलिस्ट्स प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने के लिए सरकार को आगे आकर सख्त कदम उठाना चाहिए और पत्रकारों के हित में पहल करना चाहिए उन्होंने कहा कि जब से देश आजाद हुआ है उसी समय से ही पत्रकारिता का विशेष महत्व है उन्होंने कहा कि आज के दौर में मीडिया की आड़ में कुछ लोग अपना धंधा चला रहे हैं उस पर रोक लगनी चाहिए और इसके लिए मापदंड भी होना चाहिए। आज के दौर में कोई भी पत्रकार बन गया है जिसके पास कोई योग्यता नहीं है वही भी पत्रकार है इससे अच्छे पत्रकारों के लिए दिक्कत पैदा होती है ऐसे लोगों का विरोध होना चाहिए जो कि पत्रकारिता को बदनाम करने में लगे हुए हैं।  रास बिहारी ने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि आज के दौर में पत्रकारिता की साख गिरती जा रही है जिस पर ध्यान देना अति आवश्यक है। उन्होंने पत्रकारिता के हित में आगे कहा कि जिस प्रकार से वकीलों के लिए एलएलबी की डिग्री के पश्चात बार काउंसिल में पंजीकरण कराना होता है ठीक उसी तरह से अगर पत्रकारों के लिए भी इस प्रकार की कोई पंजीकरण व्यवस्था लागू हो जाए तो पत्रकारों के हित में होगा और इससे सही लोग ही पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर पाएंगे यह बहुत ही आवश्यक है। उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि नेशनल रजिस्टर फॉर जर्नलिस्ट्स बनाया जाए। 

आज के दौर में कई लोग जो योग्य नहीं है और वह प्रेस का कार्ड लेकर काम करते देखे जा रहे हैं ऐसे लोगों का हमें विरोध करना है। उन्होंने कार्यक्रम में मौजूद मौका तिथियों का पत्रकारों की समस्याओं का शीघ्र निराकरण करने एवं जर्नलिस्ट्स प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने के लिए ध्यान आकर्षित कराया। कार्यक्रम को नेशनल यूनियन आफ जर्नलिस्ट्स इंडिया के कई वरिष्ठ पदाधिकारियों ने भी संबोधित करते हुए विचार व्यक्त किए इस अवसर पर राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रदीप तिवारी, जर्नलिस्ट्स  यूनियन ऑफ मध्य प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष खिलावन चंद्राकर, पत्रकार केशव पांडे  आदि मंच पर आसीन रहे। इससे पूर्व कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगान के साथ की गई । कार्यक्रम का संचालन ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की बहन रीना ने किया। इस मौके पर उनके विश्वविद्यालय से आई हुई बहनों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शानदार प्रस्तुति दी जिसकी सराहना कार्यक्रम के मुख्य अतिथियों सहित कार्यक्रम में मौजूद देशभर से आए पत्रकार प्रतिनिधियों द्वारा भी की गई। कार्यक्रम में देश के विभिन्न भागों से आए प्रतिनिधियों को जर्नलिस्ट्स  यूनियन ऑफ मध्य प्रदेश की ओर से स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में कार्यक्रम में दिल्ली, आंध्र प्रदेश, राजस्थान, पश्चिम बंगाल, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, बिहार, छत्तीसगढ़, उड़िशा,  मध्य प्रदेश  उत्तर प्रदेश सहित 20 राज्यों के सैकड़ों की संख्या में आए प्रतिनिधियों ने भाग लिया गया।

मध्‍य प्रदेश में बाल संरक्षण गृह में अब चिकन और अंडा नहीं परोसा जाएगा

0

भोपाल ।  बाल संरक्षण गृह में अब बच्चों को अंडा और चिकन नहीं परोसा जाएगा। महिला एवं बाल विकास विभाग ने आहार सूची से अंडा और चिकन हटा दिया है। बच्चे के बीमार होने, वजन बढ़ाने या अन्य स्वास्थ्य कारण पर ही डाक्टर की सलाह पर अंडा या चिकन अतिरिक्त आहार के रूप में दिया जा सकेगा। बाल संरक्षण गृह में अंडा और चिकन ख‍िलाए जाने के विवाद के बाद महिला एवं बाल विकास विभाग ने किशोर न्याय (बाल देखरेख और संरक्षण) नियम में संशोधन किया है। इसके पहले महिला एवं बाल विकास विभाग ने अगस्त 2022 को राजपत्र जारी कर प्रदेश के बाल संरक्षण गृहों में पोषण आहार मानक निर्धारित किए थे। जिसके अनुसार सप्ताह में एक बार चिकन अथवा बालक की खाने की आदत के अनुसार सप्ताह में चार दिन अंडा दिया जाना था। इसी तरह आहार सूची में गुड़ और मूंगफली या पनीर (केवल शाकाहारी को) सप्ताह में एक बार प्रत्येक को 60 ग्राम (पनीर 100) देना था। इस सूची से केवल शाकाहार शब्द हटाया है। इसके अलावा गैर शाकाहारी दिवसों पर शाकाहारी बालकों को या तो प्रति व्यक्ति 60 ग्राम गुड़ और 60 ग्राम मूंगफली लड्डू के आकार में या कोई अन्य मीठा व्यंजन, 100 ग्राम पनीर देने का प्रविधान था, विभाग ने गैर शाकाहारी दिवस शब्द को आपत्तिजनक मानते हुए हटा दिया है।

त्यौहार एवं राष्ट्रीय उत्सव पर विशेष भोजन बनेगा

बालकों को अवकाश, त्यौहार, खेलकूद और सांस्कृतिक दिवस, राष्ट्रीय उत्सव समारोह एवं बाल संरक्षण गृह द्वारा अधिसूचित अन्य अवसरों पर विशेष भोजन कराया जाएगा। साथ ही शिशुओं और बीमार बालकों को उनकी आहारीय अपेक्षा पर डाक्टर की सलाह पर विशेष आहार दिया जाएगा।

बालिकाओं में आयरन की कमी का पता लगाने होगा स्वास्थ्य मूल्यांकन

किशोरी बालिकाओं में आयरन (लौह) की कमी का पता लगाने के लिए स्वास्थ्य परीक्षण किया जाएगा। आवश्यक होने पर आहार योजना तथा दवाओं को आहार विशेषज्ञ या नियुक्त डाक्टर द्वारा निर्धारित किया जाएगा।

दिया जाएगा व्यावसायिक प्रशिक्षण, मनोरंजन की सुविधा भी होगी

बाल संरक्षण गृह में बालकों को रोजगार उपलब्ध कराने के उद्धेश्य से व्यावसायिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण में व्यावसायिक चिकित्सा, कौशल और अभिरूचि आधारित प्रशिक्षण शामिल होगा। साथ ही बाल संरक्षण गृहों में बालकों के मनोरंजन के साधन उपलब्ध कराए जाएंगे। मनोरंजन सुविधाओं में इंडोर खेल और आउटडोर खेल, योग, ध्यान लगाना, संगीत और टेलीविजन उपलब्ध कराया जाएगा। पिकनिक के लिए बाहर भी ले जाया जाएगा।

इंदौर में चार युवतियों ने एक युवती को सरेराह सड़क पर जमकर पीटा

0

इंदौर ।   इंदौर के एमआइजी थाना क्षेत्र में चार लड़कियों ने एक युवती को बीच सड़क पर जमकर पीट दिया। लात-घूंसों के साथ उस पर बेल्ट भी बरसाए। इस दौरान सड़क पर भीड़ जमा हो गई। लोग युवती को बचाने के बजाय तमाशबीन बने रहे और वीडियो बनाते रहे। पीड़िता ने इस मामले में एमआइजी थाने में शिकायत की है। पुलिस वीडियो के जरिए मारपीट करने वाली लड़कियों की तलाश कर रही है। मारपीट की यह घटना शुक्रवार रात की इंदौर के व्यस्त एलआइजी चौराहे की है। इसका वीडियो भी सामने आया है। एमआइजी थाना पुलिस ने बताया कि शुक्रवार रात नेहरू नगर निवासी प्रिया वर्मा यहां चाय पीने आई थी। यहां चारों लड़कियों पहले से खड़ी थी। यहां घूरने की बात पर चारों लड़कियों ने प्रिया से पहले विवाद किया फिर मारपीट शुरू कर दी। सड़क पर पटक कर पीटा – चारों लड़कियों ने प्रिया को बाल पकड़कर सड़क पर पटक दिया। उसे लात-घूंसों से जमकर पीटा और बाल पकड़कर घसीटा भी। चारों में से एक लड़की ने बेल्ट से भी प्रिया की जमकर पिटाई कर दी। सड़क से गुजर रहे राहगीर भी इस दौरान रुक गए और मारपीट का वीडियो बनाने लगे, लेकिन किसी ने भी युवती का बचाव नहीं किया। मारपीट के बाद लड़कियां वहां से भाग गया। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने चारों लड़कियों के खिलाफ मारपीट के मामले में केस दर्ज किया है। बताया जा रहा है कि आरोपित लड़कियां महू और आसपास के क्षेत्रों की रहने वाली हैं।

उज्‍जैन में भगवान महाकाल की सवारी में उमड़े श्रद्धालु

0

 उज्‍जैन ।   भगवान महाकाल की सवारी में श्रद्धा का सैलाब उमड़ पड़ा। जय महाकाल के जयघोष से वातावरण गूंज उठा। मुख्‍यमंत्री श‍िवराज सिंह की धर्मपत्‍नी साधना सिंह भी सवारी के अवसर पर शहर पहुंची। ज्योतिर्लिंग महाकाल मंदिर से कार्तिक मास में सोमवार को शाही ठाठ-बाट के साथ भगवान महाकाल की सवारी निकली। अवंतिकानाथ चांदी की पालकी में सवार होकर नगर भ्रमण करने निकले हैं। दोपहर मंदिर के सभा मंडप में भगवान का पूजन कर पालकी को नगर भ्रमण के लिए रवाना किया गया। मंदिर के मुख्य द्वार पर सशस्त्र बल की टुकड़ी ने राजाधिराज को सलामी दी। इसके बाद सवारी शिप्रा तट की ओर रवाना हुई। कोट मोहल्ला, गुदरी चौराहा, बक्षी बाजार, कहारवाड़ी, रामानुजकोट तिराहा होते हुए भगवान की पालकी मोक्षदायिनी शिप्रा के रामघाट पहुंचेगी यहां पुजारियों ने शिप्रा जल से भगवान महाकाल का अभिषेक-पूजन करेंगे। पूजन पश्चात सवारी राणौजी की छत्री घाट से होते हुए शिप्रा के छोटे पुल के समीप स्थित गणगौर दरवाजा से नगर में पहुंचेगी। यहां से कार्तिक चौक, ढाबा रोड, टंकी चौराहा, छत्री चौक, गोपाल मंदिर, पटनी बाजार होते हुए पुन: मंदिर पहुंचेगी। इसके बाद भगवान महाकाल की संध्या आरती की जाएगी।

कार्तिक-अगहन में कब-कब सवारी

– 6 नवंबर को रात 11 बजे हरि-हर मिलन की सवारी निकली

– 7 नवंबर कार्तिक मास की दूसरी सवारी निकली

– 14 नवंबर अगहन मास की पहली सवारी।

– 21 नवंबर कार्तिक-अगहन मास की आखिरी सवारी।

जम्मू-कश्मीर में अलकायदा का आतंकी गिरफ्तार…

0

जम्मू संभाग के जिला रामबन में पुलिस और सुरक्षाबलों ने अलकायदा के एक आतंकी को पकड़ा है। उसके पास से एक ग्रेनेड भी बरामद किया गया है। वह पश्चिम बंगाल का रहने वाला है। इस मामले में पुलिस की जांच जारी है। 

जानकारी के अनुसार, रामबन पुलिस ने विशेष सूचना पर कार्य करते हुए आतंकी अमीरुद्दीन खान को पकड़ा है। वह आतंकी संगठन अलकायदा से जुड़ा हुआ है और पश्चिम बंगाल के मशीता हाओरा का रहने वाला है। पुलिस को उसके पास से एक चीनी ग्रेनेड भी बरामद हुआ है। पुलिस ने उसके खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

छिंदवाड़ा में विलंब से आने पर स्कूल प्रबंधन ने गेट पर जड़ा ताला, गेट से लौटी छात्राएं

0

 छिंदवाड़ा ।   शहर के शासकीय महारानी लक्ष्मी बाई (एमएलबी) की छात्राओं को देर से आने पर बैरंग लौटना पड़ा। स्कूल सुबह 10.30 बजे शुरू हो जाता है, लेकिन छात्राएं देरी से पहुंची, जिसके बाद स्कूल प्रबंधन ने गेट पर ताला जड़ दिया, जिसके कारण करीब 25 छात्राओें को लौटना पड़ा। जब इस बारे में स्कूल प्राचार्य भारत सोनी से चर्चा की गई तो उन्होंने बताया कि छात्राओं के पालक लगातार शिकायत कर रहे थे, कि छात्राएं स्कूल के नाम पर सुबह 9 बजे ही निकल जाती हैं, लेकिन जब स्कूल में पता किया तो वो स्कूल में नहीं पाई जाती। स्कूल प्रबंधन ने पाया कि छात्राएं स्कूल या तो आती ही नहीं है, या देरी से आती हैं। जिसके कारण स्कूल प्रबंधन ने ये कड़ा फैसला लिया। एमएलबी स्कूल सबसे बड़ा कन्या विद्यालय है, जिसमें डेढ़ हजार से ज्यादा छात्राएं अध्ययनरत हैं। स्कूल में लगातार कुछ छात्राओं की अनुशासनहीनता की शिकायतें मिल रही थी, इसके बाद प्राचार्य के निर्देश पर तय किया गया कि सुबह 10.30 बजे के बाद किसी भी छात्रा को स्कूल परिसर में प्रवेश नहीं दिया जाएगा, जिसके कारण सोमवार सुबह जब छात्राएं लेट आई तो उन्हें स्कूल में प्रवेश नहीं मिला। करीब 25 छात्राएं प्रवेश से वंचित रह गई। आगे भी सुबह 10.30 बजे के बाद आने वाली छात्राओं को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। इसे लेकर स्कूल प्रबंधन ने निर्णय ले लिया है।

Join Whatsapp Group
Join Our Whatsapp Group