मुंबई । विद्युत जामवाल, अर्जुन रामपाल और जैकलीन फर्नांडीज स्पोर्ट्स एक्शन फिल्म 'क्रैक' में एक साथ नजर आएंगे। आदित्य दत्त द्वारा निर्देशित, यह फिल्म 2023 में आने वाली है। अभिनेता-निर्माता विद्युत ने कहा, "मौजूदा परिदश्य और दर्शकों के बदलने के तरीके को देखते हुए, मैंने महसूस किया है कि हर कोई अपने हर काम की सीमा तय करता है, और यह काम और वातावरण में फैलता है। इस बदलते परिदश्य ने पुष्टि की है कि कोई सीमा नहीं है और हमें वहां और आगे जाना चाहिए। निर्देशक आदित्य दत्त ने कहा, 2012 में 'टेबल नंबर 21' की सफलता के बाद, मुझे बताया गया था कि यह अपने समय से बहुत आगे था, क्योंकि यह एक थ्रिलर थी जो लाइव-स्ट्रीम गेम के इर्द-गिर्द घूमती थी।
'क्रैक मुंबई की झुग्गियों से एक आदमी की चरम भूमिगत खेलों की दुनिया तक की यात्रा है। अर्जुन रामपाल ने कहा, "यहां मैं 'क्रैक' में हूं, जो बहुत कुछ प्रदान करता है। विद्युत सिर्फ एक असाधारण एथलीट है और मैं हर दिन उससे कुछ सीखता हूं। सही एक्शन दश्यों के लिए उनका समर्पण वास्तव में सराहनीय है।" जैकलीन ने साझा किया कि वह 'क्रैक' की पटकथा से पूरी तरह प्रभावित थीं और उन्होंने तुरंत इस तरह की अनूठी कहानी का हिस्सा बनने का फैसला किया। "मैं वास्तव में विद्युत और बाकी टीम के साथ काम करने के लिए उत्सुक हूं।"
रिलायंस एंटरटेनमेंट के डिस्ट्रीब्यूशन हेड, आदित्य चौकसे ने कहा, "भारत की पहली चरम स्पोर्ट्स एक्शन फिल्म के रूप में, 'क्रैक' एक ऐसा प्रोजेक्ट है जिसे लेकर हम सभी बहुत उत्साहित हैं। और एक एक्शन आइकन विद्युत के साथ, हम सकारात्मक हैं कि फिल्म देखने वाले भारत एक रोमांचक सवारी के लिए तैयार है!
विद्युत, अर्जुन रामपाल और जैकलीन फर्नांडीज स्पोर्ट्स एक्शन फिल्म ‘क्रैक’ में एक साथ
लाइल, लाइल, क्रोकोडाइल के हिंदी संस्करण में मुख्य किरदार को आवाज देंगे आदित्य नारायण
मुंबई । गायक आदित्य नारायण, एनिमेटेड हास्य फिल्म ‘लाइल, लाइल, क्रोकोडाइल’ के हिंदी संस्करण में मुख्य किरदार को अपनी आवाज देने वाले हैं। यह एनिमेटेड फिल्म बच्चों की किताब ‘लाइल, लाइल, क्रोकोडाइल पर आधारित है। इसके इंग्लिश संस्करण में शॉन मेंडेस ने आवाज दी है। गायक आदित्य कहते हैं, म्यूजिक एक ऐसी भाषा है, जिसे दुनियाभर में प्यार मिलता है और जबकि मैं एक गायक हूं फिर भी यह काम मेरे लिए काफी चुनौतीपूर्ण रहा। ऐसा इसलिए क्योंकि एक एनिमेटेड गायन चरित्र को आवाज देना एक फिल्म या एक म्यूजिक एल्बम के लिए गाने से काफी अलग है। लायल: द सिंगिंग क्रोकोडाइल के करैक्टर के लिए भारतीय आवाज के रूप में आदित्य का स्वागत करते हुए खुशी हो रही है। जब हमने आदित्य को लायल की धुनों पर गाते हुए सुना, उसी वक्त हम जानते थे कि इस करैक्टर के लिए यह एकदम फिट हैं।
लाइल, लाइल, क्रोकोडाइल’ एक काल्पनिक पॉपकॉर्न फिल्म है, जो आपको एक एडवेंचर का अनुभव कराएगी। इस फिल्म का बड़े और बच्चे दोनों समान रूप से आनंद ले सकते हैं। सोनी पिक्चर्स एंटरटेनमेंट इंडिया की फिल्म ‘लाइल, लाइल, क्रोकोडाइल’ 4 नवंबर को भारत के थिएटर में रिलीज होगी। यह फिल्म इंग्लिश और हिन्दी दोनों भाषाओं में रिलीज होगी।
भूमि ने रखी एक जबरदस्त दिवाली पार्टी
मुंबई । फिल्म प्रोड्यूसर रमेश तौरानी, मनीष मल्होत्रा की दिवाली पार्टी के बाद भूमि पेडनेकर ने भी एक जबरदस्त दिवाली पार्टी रखी, जिसमें कई सेलेब्स ने शिरकत की। इस पार्टी मंन भी सितारों की रौनक देखने को मिली। यहां राजकुमार राव-पत्रलेखा से लेकर रकुल प्रीत सिंह-जैकी भगनानी, सहित कई सितारे पहुंचे।लेकिन, जिस पर सबकी नजरें टिक गईं, वह थे शाहरुख खान के बच्चे सुहाना खान और आर्यन खान।जी हां, भूमि पेडनेकर की दिवाली पार्टी में शाहरुख खान की लाडली बेटी सुहाना खान अपने भाई आर्यन खान के साथ पहुंची थीं। स्टारकिड एक गोल्डन साड़ी में पहुंची थीं।
उन्होंने अपने बालों को पोनीटेल में बांधा और इयररिंग्स से अपने लुक को एक्सेसराइज़ किया था। एक दिन पहले, सुहाना को मशहूर फैशन डिजाइनर मनीष मल्होत्रा की दिवाली पार्टी में भी देखा गया था, जिसके लिए उन्होंने गोल्डन और बेज रंग की साड़ी भी पहनी थी। सुहाना और आर्यन के अलावा भूमि की दिवाली पार्टी में अजय देवगन और काजोल की बेटी न्यासा देवगन भी पहुंची थीं। रकुल प्रीत सिंह, जैकी भगनानी, सुजैन खान, राजकुमार राव और पत्रलेखा भी भूमि की दिवाली पार्टी का हिस्सा बने। जिसकी तस्वीरें और वीडियो हर तरफ छाए हुए हैं। वर्क फ्रंट की बात करें तो सुहाना खान फिल्म निर्माता जोया अख्तर की ‘द आर्चीज’ के साथ बॉलीवुड में अपनी शुरुआत करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
खास बात तो ये है कि सुहाना के साथ ही इस फिल्म के साथ अमिताभ बच्चन के पोते अगस्त्य नंदा और बोनी कपूर-श्रीदेवी की बेटी खुशी कपूर भी बॉलीवुड डेब्यू करने जा रहे हैं। इस फिल्म में वेदांग रैना, मिहिर आहूजा, डॉट और युवराज मेंडा जैसे नए चेहरे भी शामिल होंगे। फिल्म 2023 में रिलीज होने वाली है। बता दें कि दिवाली की त्योहार, यानी फेस्टिव सीजन। बॉलीवुड स्टार्स में भी दिवाली का जबरदस्त क्रेज होता है। कई सेलेब्स अपने घर पर दिवाली की पार्टी रखते हैं, जिसमें सितारों का हुजूम देखने को मिलता है।
डिनर डेट पर पहुंची करीना , मलाइका और अमृता
मुंबई । हाल ही तीनों फ्रेंड्स करीना कपूर खान, मलाइका अरोड़ा और अमृता अरोड़ा ने डिनर डेट का प्लान बनाया था। इस दौरान करीना कपूर ने जहां ब्लैक बॉडीकॉन ड्रेस पहनी। वहीं, मलाइका अरोड़ा ने नियॉन ड्रेस में सबको आकर्षित किया। करीना कपूर हमेशा से स्टाइल आइकन मानी जाती हैं। वे जो भी स्टाइल कैरी करती हैं उन पर काफी अच्छी लगती है। जब वे डिनर डेट के लिए ब्लैक बॉडीकॉन ड्रेस पहनकर निकलीं तो हर कोई उन्हें ही देख रहा था। पैपराजी ने उनसे फोटोज की रिक्वेस्ट की लेकिन उन्होंने सिर्फ हैलो कहा और कार की तरफ चली गईं। ब्लैक क्लच और हाई हील्स बेबो के लुक को और बढ़ा रहे थे।
मलाइका का लुक भी सभी के लिए टॉकिंग पॉइंट रहा। मलाइका ने नियोन ग्रीन नी-लैंथ फिटेड ड्रेस कैरी की। इसके साथ उन्होंने मैचिंग हील्स पहनी थी। उनका लुक काफी अट्रैक्टिव था और हर किसी का ध्यान अपनी तरफ खींच रहा था। पैपराजी उनके फोटोज क्लिक करने के लिए इंतजार कर रही थी। मलाइका ने हालांकि पैपराजी को पोज नहीं दिया लेकिन स्माइल के साथ हैलो जरूर किया। मलाइका एक वीडियो में बहन अमृता अरोड़ा के साथ बैठी दिखाई दीं।
उधर, करीना के वर्क फ्रंट की बात करें तो उन्होंने अद्वैत चौहान की फिल्म ‘फॉरेस्ट गम्प’ की शूटिंग शुरू कर दी है। इससे पहले आमिर खान के साथ आई उनकी फिल्म ’लाल सिंह चड्ढ़ा’ असफल हो गई थी। इसके अलावा सुजॉय घोष की एक फिल्म की करीना कपूर कर रही हैं। बता दें कि बालीवुड एक्ट्रेस करीना कपूर खान, मलाइका अरोड़ा और अमृता अरोड़ा की दोस्ती किसी से छिपी नहीं है। तीनों को अक्सर साथ स्पॉट किया जाता है।
गैस कीमतें बढ़ने से आईजीएल का मुनाफा बढ़ा
नई दिल्ली । दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में सीएनजी और रसोई गैस की खुदरा बिक्री करने वाली कंपनी इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (आईजीएल) ने चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में अपने मुनाफे में चार प्रतिशत की बढ़त दर्ज की है। प्राकृतिक गैस की कीमतें में बढ़ोतरी होने से उसके मुनाफे पर असर देखा गया। आईजीएल ने कहा कि जुलाई-सितंबर तिमाही में उसका लाभ 416.15 करोड़ रुपए रहा जबकि एक साल पहले की समान तिमाही में उसे 400.54 करोड़ रुपए का लाभ हुआ था। आलोच्य तिमाही में आईजीएल का राजस्व करीब दोगुना होकर 3,922.02 करोड़ रुपए पर पहुंच गया। पिछले साल की समान तिमाही में उसने 2,015.99 करोड़ रुपए का राजस्व कमाया था। इस साल फरवरी में यूक्रेन पर रूस के हमला करने के बाद से प्राकृतिक गैस की कीमतें करीब दोगुनी हो चुकी हैं। इसकी वजह से आईजीएल का गैस खरीद पर व्यय 929.97 करोड़ रुपए से बढ़कर 2,610.03 करोड़ रुपए हो गया। बीती तिमाही में कंपनी की कुल बिक्री एक साल पहले की तुलना में 12 प्रतिशत बढ़ गई और इसकी दैनिक बिक्री 80.9 लाख घन मीटर प्रतिदिन पर पहुंच गई। इस दौरान सीएनजी की बिक्री मात्रा में 15 प्रतिशत की बढ़त देखी गई जबकि पाइप से रसोई गैस (पीएनजी) की बिक्री मात्रा तीन प्रतिशत बढ़ गई।
कोटक महिंद्रा बैंक का दूसरी तिमाही में मुनाफा 27 प्रतिशत बढ़ा
मुंबई । निजी क्षेत्र के कोटक महिंद्रा बैंक का चालू वित्त वर्ष की सितंबर तिमाही में मुनाफा लगभग 27 फीसदी बढ़कर 2,581 करोड़ रुपए हो गया। वहीं समेकित आधार पर बैंक का मुनाफा 21 फीसदी बढ़कर 3,608 करोड़ रुपए हो गया। बैंक ने शेयर बाजारों को अपने तिमाही नतीजे की जानकारी देते हुए कहा कि जुलाई-सितंबर के बीच उसकी कुल आय बढ़कर 10,047 करोड़ रुपए हो गई जो पिछले वर्ष 8,408 करोड़ रुपए थी। वहीं बैंक की ब्याज आय 4,021 करोड़ रुपए से 27 फीसदी बढ़कर 5,099 करोड़ रुपए हो गई। समीक्षाधीन तिमाही के लिए उसका ब्याज मार्जिन 5.17 फीसदी था। परिसंपत्ति गुणवत्ता के मामले में बैंक की सकल गैर निष्पादित आस्तियां (एनपीए) घटकर सकल अग्रिम का 2.08 फीसदी रहीं जो एक वर्ष पहले समान अवधि में 3.19 फीसदी थीं। बैंक का एनपीए भी 1.06 फीसदी से घटकर 0.55 फीसदी हो गया। बैंक के कर्ज चूक के नए मामले बढ़कर 983 करोड़ रुपए हो गए। उसकी परिसंपत्तियां 25 फीसदी बढ़कर 3,21,324 करोड़ रुपए हो गई। गैर-कॉरपोरेट अग्रिम भी 25 फीसद बढ़कर 2,94,023 करोड़ रुपए हो गया। बैंक का कम लागत का कासा अनुपात 56.2 रहा जो बैंकिंग उद्योग में एचडीएफसी बैंक के बाद सबसे अच्छा है। औसत चालू जमा भी सात फीसदी बढ़कर 53,971 करोड़ रुपए हो गया।
पश्चिम रेलवे में ने बढ़ाई प्लेटफॉर्म टिकट की कीमत
मुंबई । त्योहारी मौसम को देखते हुए पश्चिम रेलवे ने प्लेटफॉर्म टिकट की कीमत बढ़ा दी है। इससे यात्रियों को स्टेशन छोड़ने या रिसीव करने जाने वालों को बड़ा झटका लगा है। पश्चिम रेलवे ने कहा कि त्योहारी मौसम के दौरान भीड़भाड़ पर अंकुश लगाने के लिए मुंबई मंडल के प्रमुख स्टेशनों पर प्लेटफॉर्म टिकट की कीमत 31 अक्टूबर तक 10 रुपए से बढ़ाकर 50 रुपए कर दी गई है। एक आधिकारिक बयान के मुताबिक मुंबई मंडल के मुंबई सेंट्रल, दादर, बोरीवली, बांद्रा टर्मिनस, वापी, वलसाड, उधना और सूरत स्टेशनों पर प्लेटफॉर्म टिकट की दर में बढ़ोतरी की गई है। रेलवे स्टेशनों पर त्योहारी मौसम की भीड़ को देखते हुए और प्लेटफॉर्म और पैदल पुल सहित रेलवे परिसर में यात्रियों की संख्या को नियंत्रित करने के लिए यह निर्णय लिया गया है। मध्य रेलवे ने शुक्रवार को छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस, दादर, लोकमान्य तिलक टर्मिनस, ठाणे, कल्याण और पनवेल स्टेशन जैसे चुनिंदा रेलवे स्टेशनों पर भीड़भाड़ को रोकने के लिए प्लेटफॉर्म टिकट की दर को 22 से 31 अक्टूबर तक 10 रुपए से बढ़ाकर 50 रुपए करने की घोषणा की थी।
बता दें कि फेस्टिव सीजन के दौरान रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में यात्रियों की संख्या में कई गुना वृद्धि देखी जा रही है। बढ़ी हुई भीड़ से उत्पन्न चुनौतियों से निपटने के लिए रेलवे ने रेलवे स्टेशनों पर भीड़ को कंट्रोल और रेगुलेट करने के लिए कई उपाय किए हैं। रेल मंत्रालय की ओर से जारी बयान में कहा गया कि जहां तक संभव हो, ट्रेनों को सुचारू रूप से चलाने के लिए सभी प्रयास किए जा रहे हैं। प्लेटफॉर्म नंबरों की सूचना पहले से दी जाएगी। प्लेटफॉर्म नहीं बदले जाएंगे। स्पेशल ट्रेनों सहित सभी रेकों को निर्धारित प्रस्थान से कम से कम 30 मिनट पहले प्लेटफॉर्म पर लाया जाएगा। उचित ट्रेन इन्क्वारी सिस्टम और अनाउंसमेंट सिस्टम सुनिश्चित की जा रही है और सभी ट्रेन इंफॉर्मेशन बोर्ड काम करने की स्थिति में होंगे और अपडेटेड जानकारी दिखाएंगे।
राजधानी में धनतेरस पर हुई मात्र 59 रजिस्ट्रियां
भोपाल । राजधानी में धनतेसर पर संपत्ति की मात्र 59 रजिस्ट्रियां हुई। ऐसा पहली बार हुआ जब धनतेरस पर इतनी कम संख्या में रजिस्ट्रियां हुई। इन रजिस्ट्रियों से कुल 45 लाख का राजस्व प्राप्त हुआ है। इसके पूर्व इनकी संख्या 250 से 300 तक पहुंच जाती थी और दो से तीन करोड़ का राजस्व प्राप्त होता था। धनतेरस जैसे शुभ मौके पर लोग जमीन, मकान, दुकान की जमकर खरीदी करते हैं। कम रजिस्ट्री होने की एक वजह अवकाश के दिन कार्यालय खोलने का पंजीयन विभाग के कर्मचारियों द्वारा विरोध करना और खुलने की लोगों को जानकारी नहीं होना बताया जा रहा है। वहीं कर्मचारियों के विरोध को देखते हुए सर्विस प्रोवाइडर्स ने रजिस्ट्री के स्लाट ही बुक नहीं करवाए थे। हालांकि धनतेरस से एक दिन पूर्व शुक्रवार को 281 रजिस्ट्री हुई थी। शनिवार को धनतेरस पर सुबह 10 बजे से कार्यालय तो खोल लिए गए, लेकिन दिनभर सन्नाटा पसरा रहा। सुबह से दोपहर तक परि बाजार और आईएसबीटी स्थित कार्यालय में कोई भी रजिस्ट्री कराने नहीं पहुंचा। हालात यह रहे कि सौ लोग भी रजिस्ट्री कराने नहीं पहुंचे। यह आंकड़ा पिछले चार दिनों के मुकाबले कम है। जबकि पिछले साल धनतेरस पर 369 प्रापर्टी की रजिस्ट्री की गईं थी। बताया जा रहा है कि पहले कर्मचारियों ने विरोध किया, लेकिन बाद में शनिवार को कार्यालय खोलने को लेकर सहमति बन गई थी। विभाग को भरोसा भी था कि रिकार्ड रजिस्ट्री होंगी, लेकिन लोगों को यह स्पष्ट नहीं हो सका कि आखिर कार्यालय खुलेंगे या नहीं। इसी वजह से अवकाश के दिन कार्यालय तो खुले लेकिन सुबह से ही सन्नाटा देखने को मिला। बीच-बीच में लोग आ रहे थे, लेकिन इनकी संख्या काफी कम थी। इसमें वो भी शामिल थे, जो बाहर से रजिस्ट्री कराने के लिए भोपाल आए हुए थे। धनतेरस पर आईएसबीटी और परी बाजार स्थित पंजीयन कार्यालय खोले गए। यहां पर 10 सब रजिस्ट्रार 60-60 रजिस्ट्री के स्लाट रखे गए थे। इस दौरान दफ्तर भी देर शाम तक खुले रहे। दीपावली पर्व से पहले ही चार दिनों में लगभग 1305 रजिस्ट्री हुईं हैं। इस तरह लगभग 400 करोड़ से अधिक के सौदे हुए हैं। मंगलवार को 280, बुधवार को 360, गुरुवार को 384, शुक्रवार को 281 और शनिवार को सिर्फ 59 रजिस्ट्री हुई हैं। वहीं पंजीयन कार्यालय के अधिकारियों का कहना है कि शुभ मुहुर्त के चलते लोग प्रापर्टी की खरीदारी कर रहे हें। मालूम हो कि पिछले साल धनतेरस पर 369 रजिस्ट्रियां हुईं थी। पिछले चार दिन में 1305 रजिस्ट्रियां हुईं। धनतेरस पर सिर्फ 59 रजिस्ट्रियां हुईं। धनतेरस पर 45 लाख का राजस्व प्राप्त हुआ ।
मप्र में चक्रवाती तूफान सितरंग का होगा कम असर
भोपाल । मप्र में चक्रवाती तूफान सितरंग का असर कम ही होने का अनुमान है। बंगाल की खाड़ी में बने अवदाब का क्षेत्र तूफान में बदल सकता है, लेकिन असर असर मप्र में ज्यादा नहीं होने का अनुमान है। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक रविवार को इस मौसम प्रणाली के गहरे अवदाब में बदलने और सोमवार को चक्रवाती तूफान सितरंग में परिवर्तित होने की संभावना है। हालांकि इस तूफान के समुद्र के रास्ते बांग्लादेश की तरफ बढ़ने के कारण इसका मध्य प्रदेश के मौसम पर विशेष असर पड़ने की संभावना कम है। हालांकि दीपावली पर पूर्वी मध्य प्रदेश में कहीं–कहीं बादल छा सकते हैं। उधर मौसम शुष्क रहने के कारण रात में ठंडक बढ़ गई है। इसी क्रम में प्रदेश में सबसे कम 14 डिग्री सेल्सियस तापमान रायसेन एवं मंडला में रिकार्ड किया गया। रविवार को न्यूनतम तापमान में और गिरावट होने की संभावना है।उधर सोमवार को बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती तूफान सितरंग के बनने के आसार है। तूफान के समुद्र के रास्ते बांग्लादेश की तरफ बढ़ने के कारण उसका मध्य प्रदेश के मौसम पर विशेष असर पड़ने की संभावना नहीं है। मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक शनिवार को न्यूनतम तापमान नर्मदापुरम संभाग के जिलों में काफी गिरे तथा शेष संभागों के जिलों में विशेष परिवर्तन नहीं हुआ। भोपाल संभाग के जिलों में सामान्य से कम तथा शेष संभागों के जिलों में सामान्य रहे। राजधानी में न्यूनतम तापमान 15.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जासे सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस कम रहा। यह इस सीजन में रात का सबसे कम तापमान रहा। इसके पहले 16 अक्टूबर को राजधानी का न्यूनतम तापमान 15.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया था। मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्व वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि वर्तमान में पश्चिमी मध्य प्रदेश पर एक प्रति चक्रवात बना हुआ है। इसके असर से मौसम शुष्क बना हुआ है। साथ ही रात के तापमान में गिरावट हो रही है। रविवार को इंदौर, उज्जैन संभागों के जिलों को छोड़कर शेष जिलों में न्यूनतम तापमान में गिरावट होने की संभावना है।















